24 लार्ज-कैप फंड्स में सिर्फ 6 ने किया कमाल! 1 से 10 साल तक लगातार बेंचमार्क को पीछे छोड़ा

24 लार्ज-कैप म्यूचुअल फंड्स में सिर्फ 6 फंड्स ने 1, 3, 5 और 10 साल की चारों अवधि में BSE 100 TRI को लगातार बीट किया है. Invesco India Largecap ने सबसे मजबूत Performance दिया है. इसके अलावा Baroda BNP Paribas Large Cap, Edelweiss Large Cap, Bandhan Large Cap, Kotak Large Cap और HDFC Large Cap Fund भी इस सूची में शामिल हैं.

Large Cap Mutual Funds Image Credit: money9live.com

Large Cap Mutual Funds: लार्ज-कैप म्यूचुअल फंड्स को इक्विटी पोर्टफोलियो का अपेक्षाकृत स्टेबल हिस्सा माना जाता है. ये फंड्स आमतौर पर बड़ी और स्थापित कंपनियों में इन्वेस्टमेंट करते हैं, इसलिए इन्हें मिड-कैप और स्मॉल-कैप फंड्स की तुलना में कम एग्रेसिव माना जाता है. लेकिन सभी लार्ज-कैप फंड्स का परफॉर्मेंस एक जैसा नहीं रहा है. एक एनालिसिस के मुताबिक, 24 लार्ज-कैप म्यूचुअल फंड्स में सिर्फ 6 ऐसे हैं, जिन्होंने 1, 3, 5 और 10 साल की चारों अवधि में BSE 100 TRI को लगातार बीट किया है.

24 में सिर्फ 6 फंड्स ने किया बेहतर प्रदर्शन

10 साल या उससे ज्यादा का ट्रैक रिकॉर्ड रखने वाले 24 एक्टिव लार्ज-कैप म्यूचुअल फंड्स के एनालिसिस में सिर्फ 6 फंड्स ऐसे मिले, जिन्होंने 1, 3, 5 और 10 साल की चारों अवधि में BSE 100 TRI को बीट किया है. वैल्यू रिसर्च के मुताबिक, इन 6 फंड्स में Invesco India Largecap, Baroda BNP Paribas Large Cap, Edelweiss Large Cap, Bandhan Large Cap, Kotak Large Cap और HDFC Large Cap Fund शामिल हैं.

Invesco India Largecap सबसे आगे

इन 6 फंड्स में Invesco India Largecap Fund ने सबसे मजबूत परफॉर्मेंस दिया है. इस फंड ने 1 साल में 9.96 फीसदी, 3 साल में 16.05 फीसदी, 5 साल में 13.58 फीसदी और 10 साल में 14.20 फीसदी रिटर्न दिया. इसके मुकाबले BSE 100 TRI का रिटर्न क्रमशः 2.89 फीसदी, 11.01 फीसदी, 11.04 फीसदी और 12.97 फीसदी रहा. यानी Invesco India Largecap ने चारों पीरियड में बेंचमार्क से अच्छी खासी बढ़त बनाई.

Baroda BNP Paribas ने भी लगातार बीट किया

Baroda BNP Paribas Large Cap Fund ने 1 साल में 5.63 फीसदी, 3 साल में 13.76 फीसदी, 5 साल में 12.73 फीसदी और 10 साल में 13.72 फीसदी रिटर्न दिया. इस फंड का परफॉर्मेंस चारों पीरियड में बेंचमार्क से बेहतर रहा. 10 साल में इसने BSE 100 TRI के 12.97 फीसदी के मुकाबले 13.72 फीसदी रिटर्न दिया.

Edelweiss और Bandhan भी मजबूत

Edelweiss Large Cap Fund ने 1 साल में 4.79 फीसदी, 3 साल में 12.18 फीसदी, 5 साल में 12.09 फीसदी और 10 साल में 13.62 फीसदी रिटर्न दिया. यानी इसने भी चारों पीरियड में बेंचमार्क को पीछे छोड़ा. वहीं Bandhan Large Cap Fund का 3 साल का रिटर्न 14.87 फीसदी रहा, जो इन 6 फंड्स में Invesco के बाद दूसरा सबसे ज्यादा था. 1, 5 और 10 साल की अवधि में भी इस फंड ने BSE 100 TRI को बीट किया.

Kotak और HDFC की बढ़त रही कम

Kotak Large Cap Fund ने भी चारों पीरियड में बेंचमार्क को बीट किया, लेकिन इसकी बढ़त बाकी कुछ फंड्स की तुलना में काफी कम रही. 1 साल में Kotak Large Cap का रिटर्न 3.50 फीसदी रहा, जबकि BSE 100 TRI ने 2.89 फीसदी रिटर्न दिया. 10 साल में फंड ने 13.35 फीसदी रिटर्न दिया, जबकि बेंचमार्क का रिटर्न 12.97 फीसदी रहा. HDFC Large Cap Fund ने 1 साल में 3.18 फीसदी और 10 साल में 13.14 फीसदी रिटर्न दिया. हालांकि, 5 साल की अवधि में इसका प्रदर्शन बेहतर रहा और इसने 13.06 फीसदी रिटर्न दिया.

यह भी पढ़ें: IPO के बाद 55% टूटा Bajaj Housing Finance का शेयर, लेकिन रिकॉर्ड पर पहुंचा रेवेन्यू और प्रॉफिट; जानें क्यों हुई गिरावट

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.

Loading...
Unable to load recommendations.