Nippon India Mutual Fund ने बनाया नया रिकॉर्ड, 4 करोड़ फोलियो पार करने वाली देश की पहली AMC

Nippon India Mutual Fund ने 4.02 करोड़ फोलियो का आंकड़ा पार कर देश की पहली एसेट मैनेजमेंट कंपनी बनने का रिकॉर्ड बनाया है. Amfi के जून 2026 के आंकड़ों के अनुसार कंपनी के पास उद्योग के कुल फोलियो का 14.4 फीसदी हिस्सा है. इसके अलावा 2.41 करोड़ यूनिक निवेशकों के साथ यह इस मामले में भी सबसे आगे है.

निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड Image Credit: nippon

Nippon India Mutual Fund: भारत में म्यूचुअल फंड निवेशकों की संख्या लगातार बढ़ रही है और इसका सबसे बड़ा फायदा एसेट मैनेजमेंट कंपनियों को मिल रहा है. इसी बीच Nippon India Mutual Fund ने नया कीर्तिमान बनाया है. कंपनी 4 करोड़ से ज्यादा फोलियो का आंकड़ा पार करने वाली देश की पहली एसेट मैनेजमेंट कंपनी बन गई है. Amfi के जून 2026 के आंकड़ों के अनुसार कंपनी की बाजार में मजबूत हिस्सेदारी बनी हुई है. कंपनी का कहना है कि यह उपलब्धि निवेशकों के भरोसे का परिणाम है. साथ ही रिटेल निवेशकों की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है.

4 करोड़ फोलियो पार करने वाली पहली कंपनी

Amfi के जून 2026 के आंकड़ों के अनुसार Nippon India Mutual Fund के कुल 4.02 करोड़ फोलियो हो गए हैं. यह पूरे म्यूचुअल फंड उद्योग के 27.86 करोड़ फोलियो का करीब 14.4 फीसदी हिस्सा है. इसके साथ ही कंपनी इस उपलब्धि को हासिल करने वाली देश की पहली एसेट मैनेजमेंट कंपनी बन गई है. यह रिटेल निवेशकों के बीच कंपनी की मजबूत पहुंच को दिखाता है.

यूनिक निवेशकों में भी सबसे आगे

कंपनी के पास 2.41 करोड़ यूनिक निवेशक हैं. यह पूरे उद्योग के 6.19 करोड़ यूनिक निवेशकों का करीब 39 फीसदी हिस्सा है. कंपनी के एमडी और सीईओ संदीप सिक्का ने कहा कि 4 करोड़ निवेशकों का भरोसा कंपनी के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि कंपनी घरेलू बचत को पूंजी बाजार तक पहुंचाने का काम लगातार कर रही है.

दूसरी बड़ी कंपनियों की क्या है स्थिति

फोलियो के मामले में ICICI Prudential Mutual Fund दूसरे स्थान पर है, जिसके पास 3.18 करोड़ फोलियो हैं. HDFC Mutual Fund के 3.11 करोड़ और SBI Mutual Fund के 2.24 करोड़ फोलियो हैं. UTI Mutual Fund 1.42 करोड़ फोलियो के साथ चौथे स्थान पर है. इसके बाद Axis, Tata, Kotak Mahindra, Aditya Birla Sun Life और DSP Mutual Fund का स्थान आता है.

यह भी पढ़ें- Quant Small Cap Fund ने बदला पोर्टफोलियो, Reliance Industries समेत 9 स्टॉक से किया Exit; 5 नए शेयरों पर लगाया दांव

टॉप 10 कंपनियों का दबदबा

देश की टॉप 10 एसेट मैनेजमेंट कंपनियों के पास कुल 19.94 करोड़ फोलियो हैं. यह पूरे उद्योग के 71.6 फीसदी फोलियो के बराबर है. बाकी सभी फंड हाउस के पास मिलाकर 7.92 करोड़ फोलियो हैं. इससे साफ है कि निवेशकों का बड़ा हिस्सा अभी भी प्रमुख कंपनियों पर भरोसा कर रहा है.