8th Pay Commission: Level-7 कर्मचारियों की पेंशन ₹58,000 तक पहुंचने का अनुमान, जानें पूरा हिसाब
8वें वेतन आयोग से केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत की उम्मीद है. अनुमान के मुताबिक, 2.57 फिटमेंट फैक्टर लागू होने पर Level-7 कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक पेंशन करीब ₹58,000 तक पहुंच सकती है. हालांकि, अंतिम फैसला सरकार करेगी.

केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वें वेतन आयोग से जुड़ी चर्चाएं लगातार तेज हो रही हैं. आयोग की अगली कंसल्टेशन मीटिंग 7 और 8 सितंबर को चेन्नई में होने वाली है. इसमें केंद्रीय कर्मचारियों, पेंशनर्स और दूसरे संबंधित संगठनों से वेतन, पेंशन और भत्तों में बदलाव को लेकर सुझाव लिए जाएंगे.
Level-7 कर्मचारियों की पेंशन कितनी हो सकती है?
सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि 8वें वेतन आयोग के बाद Level-7 के कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक पेंशन करीब ₹58,000 तक पहुंच सकती है या नहीं. यह आंकड़ा अभी सरकारी तौर पर तय नहीं हुआ है. यह अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर के आधार पर लगाया गया अनुमान है.
7वें वेतन आयोग में Level-7 का बेसिक पे ₹44,900 से शुरू होता है. इसके आधार पर पुरानी पेंशन व्यवस्था यानी OPS में न्यूनतम बेसिक पेंशन ₹22,450 बनती है. सामान्य तौर पर पेंशन की गणना अंतिम बेसिक पे या पिछले 10 महीने के औसत बेसिक पे के आधार पर की जाती है.
2.15 फिटमेंट फैक्टर पर कितनी पेंशन?
अगर 8वें वेतन आयोग में 2.15 का फिटमेंट फैक्टर माना जाए तो Level-7 की न्यूनतम बेसिक पेंशन करीब ₹48,268 प्रति माह हो सकती है. इसी तरह 2.28 के फिटमेंट फैक्टर पर यह रकम बढ़कर करीब ₹51,186 हो सकती है. यानी मौजूदा ₹22,450 की तुलना में पेंशन में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
2.57 फिटमेंट फैक्टर पर ₹57,697 पेंशन
अगर 8वें वेतन आयोग में 7वें वेतन आयोग की तरह 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है, तो Level-7 की न्यूनतम बेसिक पेंशन लगभग ₹57,697 प्रति माह हो सकती है. इसे राउंड ऑफ करने पर करीब ₹58,000 का आंकड़ा निकलता है.
इसी अनुमान के मुताबिक Level-4 की पेंशन ₹32,768, Level-5 की ₹37,522 और Level-6 की करीब ₹45,489 हो सकती है. हालांकि ये सभी आंकड़े अनुमानित हैं और अंतिम फैसला सरकार की ओर से फिटमेंट फैक्टर और पेंशन के नए नियम तय होने के बाद ही होगा.
कर्मचारी संगठनों ने की बड़ी पेंशन की मांग
8वें वेतन आयोग के सामने कई कर्मचारी और पेंशनर संगठनों ने पेंशन में बड़ी बढ़ोतरी की मांग रखी है. नेशनल काउंसिल ऑफ JCM, AIDEF और भारत पेंशनर्स समाज समेत कुछ संगठनों ने मांग की है कि रिटायरमेंट के समय पेंशन अंतिम वेतन का 67% होनी चाहिए. परिवार पेंशन को अंतिम वेतन का 50% करने की मांग भी रखी गई है. भारत पेंशनर्स समाज ने न्यूनतम पेंशन को ₹45,000 करने और 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मांग भी रखी है. हालांकि इन मांगों को सरकार द्वारा मंजूरी मिलना अभी बाकी है.
अभी कितना इंतजार करना होगा?
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि 8वें वेतन आयोग ने अभी अंतिम फिटमेंट फैक्टर या संशोधित पेंशन की घोषणा नहीं की है. इसलिए ₹58,000 की पेंशन को फिलहाल अनुमान ही माना जाना चाहिए. आयोग की सिफारिशों और सरकार की मंजूरी के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि Level-7 समेत अलग-अलग स्तर के कर्मचारियों और पेंशनर्स को वास्तव में कितनी पेंशन मिलेगी.
यह भी पढ़ें- EPFO UAN में बड़ा बदलाव: UMANG ऐप से मिलेगा PF बैलेंस और पासबुक, ऐसे करें UAN एक्टिवेट