LIC ने लॉन्च किए 2 नए बचत प्लान, अब एकमुश्त या किस्तों में जमा कर सकेंगे प्रीमियम; चेक करें पूरी डिटेल

LIC ने ग्राहकों के लिए दो नए बीमा प्लान लॉन्च करने का ऐलान किया है. कंपनी ने “न्यू जीवन साथी” ब्रांड के तहत दो नई योजनाएं पेश की हैं. इनमें “न्यू जीवन साथी सिंगल प्रीमियम” और “न्यू जीवन साथी लिमिटेड प्रीमियम” शामिल हैं. LIC के इन योजनाओं का मकसद लोगों को सुरक्षित और स्थिर बचत का विकल्प देना है.

LIC Image Credit: Canva/ Money9

LIC New plan: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC ने ग्राहकों के लिए दो नए बीमा प्लान लॉन्च करने का ऐलान किया है. कंपनी ने “न्यू जीवन साथी” ब्रांड के तहत दो नई योजनाएं पेश की हैं. इनमें “न्यू जीवन साथी सिंगल प्रीमियम” और “न्यू जीवन साथी लिमिटेड प्रीमियम” शामिल हैं. LIC के इन योजनाओं का मकसद लोगों को सुरक्षित और स्थिर बचत का विकल्प देना है.

ऐसे समय में जब बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहता है, कई लोग ऐसे निवेश विकल्प चाहते हैं जिनमें जोखिम कम हो और भविष्य की योजना आसानी से बनाई जा सके. LIC की ये नई योजनाएं भी इसी जरूरत को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं. कंपनी इन दोनों योजनाओं को 1 जून 2026 से बिक्री के लिए उपलब्ध कराएगी.

नई योजनाओं में क्या खास

LIC की दोनों नई योजनाएं ऐसी बचत योजनाएं हैं जिनका पैसा शेयर बाजार से जुड़ा नहीं होगा. यानी बाजार में गिरावट या तेजी का इन योजनाओं पर सीधा असर नहीं पड़ेगा. कंपनी ने ग्राहकों को दो विकल्प दिए हैं. पहला सिंगल प्रीमियम प्लान, जिसमें ग्राहक एक बार में पूरा प्रीमियम जमा कर सकता है.

दूसरा लिमिटेड प्रीमियम प्लान, जिसमें कुछ सालो तक किस्तों में प्रीमियम जमा किया जा सकेगा. LIC का कहना है कि इससे अलग-अलग इनकम क्लास के लोग अपनी जरूरत और कमाई के हिसाब से योजना चुन सकेंगे.

बचत योजनाओं पर फोकस

कंपनी लगातार अपने बचत और बीमा प्रोडक्ट का दायरा बढ़ा रही है. LIC का मानना है कि ग्राहकों की जरूरतें तेजी से बदल रही हैं और अब लोग सुरक्षित निवेश के साथ बेहतर वित्तीय योजना चाहते हैं. नई योजनाओं के जरिए कंपनी घरेलू बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है.

LIC का मुनाफा भी बढ़ा

  • नई योजनाओं के ऐलान के साथ LIC ने अपने तिमाही नतीजों से भी निवेशकों को खुश किया है.
  • वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट करीब 23 प्रतिशत बढ़कर 23,420 करोड़ रुपये पहुंच गया.
  • पिछले साल इसी अवधि में कंपनी का मुनाफा 19,013 करोड़ रुपये था.
  • वहीं कंपनी की प्रीमियम इनकम भी बढ़कर 1.7 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछले साल 1.5 लाख करोड़ रुपये थी.

निवेशकों को मिलेगा डिविडेंड

LIC ने शेयरधारकों के लिए 10 रुपये प्रति शेयर अंतिम डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है. इसके लिए रिकॉर्ड तारीख 25 जून 2026 तय की गई है. कई ब्रोकरेज फर्म LIC के शेयर को लेकर सकारात्मक नजर आ रही हैं. NDTV की रिपोर्ट के हवाले से सिटी ने शेयर पर BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट 1,475 रुपये रखा है. वहीं मैक्वेरी और बर्नस्टीन ने भी शेयर में अच्छी तेजी की संभावना जताई है.

यह भी पढ़ें: महंगा तेल, ग्लोबल कर्ज और बाजार में तनाव… RBI ने बढ़ते झटकों की चेतावनी दी, इन 5 सेक्टर्स में मजबूत बना हुआ है भारत