भारत के रियल एस्टेट में रिकॉर्ड निवेश, 6 महीने में आया 4.1 अरब डॉलर का फंड, जानिए क्या है इसकी वजह
भारत के रियल एस्टेट सेक्टर में जनवरी से जून 2026 के दौरान संस्थागत निवेश 58 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 4.1 अरब डॉलर पहुंच गया. वेस्टियन की रिपोर्ट के अनुसार घरेलू और विदेशी निवेशकों की मजबूत भागीदारी से यह तेजी आई है. अप्रैल से जून तिमाही में भी निवेश 49 फीसदी बढ़कर 2.7 अरब डॉलर रहा.

India Real Estate: भारत के रियल एस्टेट सेक्टर में इस साल की पहली छमाही में संस्थागत निवेश ने नया रिकॉर्ड बनाया है. जनवरी से जून 2026 के दौरान इस क्षेत्र में 4.1 अरब डॉलर का निवेश हुआ, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 58 फीसदी अधिक है. घरेलू और विदेशी निवेशकों की मजबूत भागीदारी से रियल एस्टेट बाजार को मजबूती मिली है. रिपोर्ट के मुताबिक कोविड महामारी के बाद पहली छमाही में यह अब तक का सबसे अधिक निवेश है.
छह महीने में 58 फीसदी बढ़ा निवेश
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी वेस्टियन की रिपोर्ट के अनुसार जनवरी से जून 2026 के दौरान संस्थागत निवेश 4.1 अरब डॉलर रहा. पिछले साल इसी अवधि में यह 2.6 अरब डॉलर था. यानी एक साल में निवेश में 58 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. यह आंकड़ा रियल एस्टेट सेक्टर में निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है.
अप्रैल से जून तिमाही में भी मजबूत रहा निवेश
अप्रैल से जून 2026 तिमाही में भी रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश की रफ्तार तेज रही. इस दौरान संस्थागत निवेश 49 फीसदी बढ़कर 2.7 अरब डॉलर पहुंच गया. घरेलू निवेशकों के साथ विदेशी निवेशकों की वापसी ने भी इस तेजी में अहम भूमिका निभाई.
आगे भी बनी रह सकती है तेजी
रिपोर्ट के अनुसार अगर वैश्विक आर्थिक और भू राजनीतिक अनिश्चितताएं और कम होती हैं तो आने वाले महीनों में भी निवेश का रुख मजबूत बना रह सकता है. इससे भारत दुनिया के पसंदीदा रियल एस्टेट निवेश बाजारों में अपनी स्थिति और मजबूत कर सकता है.
ये भी पढ़ें- गुरुग्राम में रियल एस्टेट को मिली नई रफ्तार, RERA ने 6 महीने में 51 प्रोजेक्ट को दी मंजूरी; जानें पूरा डिटेल
कोविड के बाद सबसे मजबूत पहली छमाही
रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार 2020 की पहली छमाही में रियल एस्टेट में 1.4 अरब डॉलर का निवेश हुआ था. यह बढ़कर 2021 में 3.3 अरब डॉलर और 2022 में 4.1 अरब डॉलर पहुंच गया. इसके बाद 2023 में निवेश घटा, लेकिन 2024 और अब 2026 में फिर से तेजी देखने को मिली है. इससे साफ है कि भारतीय रियल एस्टेट बाजार में निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है.