15000 करोड़ रुपये निवेश करेगी Prestige Estates, जानिए किन शहरों में शुरू होंगे नए प्रोजेक्ट

रियल एस्टेट कंपनी Prestige Estates ने वित्त वर्ष 2026 27 में रिहायशी और कमर्शियल प्रोजेक्ट के कंस्ट्रक्शन पर 14000 से 15000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बनाई है. कंपनी का लक्ष्य समय पर प्रोजेक्ट पूरे करना और कारोबार का विस्तार करना है. पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने 30024 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड प्री सेल दर्ज की थी.

पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने 30024 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड प्री सेल दर्ज की थी. Image Credit: Getty image

Prestige Estates: देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनी Prestige Estates Projects ने चालू वित्त वर्ष में हाउसिंग और कमर्शियल प्रोजेक्ट के कंस्ट्रक्शन पर 14000 से 15000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बनाई है. कंपनी का फोकस दक्षिण भारत, मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन और दिल्ली एनसीआर में नई प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा करने पर रहेगा. कंपनी का कहना है कि समय पर प्रोजेक्ट पूरे करने और कारोबार का विस्तार करने के लिए कंस्ट्रक्शन गतिविधियों को और तेज किया जाएगा. पिछले वित्त वर्ष में भी कंपनी ने रिकॉर्ड बिक्री और मुनाफा दर्ज किया था.

कमर्शियल प्रोजेक्ट पर होगा बड़ा निवेश

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इस वित्त वर्ष कंस्ट्रक्शन काम पर करीब 14000 से 15000 करोड़ रुपये खर्च करेगी. इसमें 9500 से 10000 करोड़ रुपये हाउसिंग प्रोजेक्ट पर लगाए जाएंगे. वहीं 4500 से 5000 करोड़ रुपये कमर्शियल प्रोजेक्ट जैसे ऑफिस कॉम्प्लेक्स और शॉपिंग मॉल के कंस्ट्रक्शन पर खर्च किए जाएंगे. कंपनी का लक्ष्य समय पर प्रोजेक्ट पूरे करना है.

बिक्री का नया लक्ष्य भी तय

रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 27 में कंपनी 35000 से 36000 करोड़ रुपये की प्री सेल्स हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है. कंपनी के पास करीब 58000 करोड़ रुपये की नई प्रोजेक्ट की लॉन्च पाइपलाइन है. हालांकि इन प्रोजेक्ट की शुरुआत सरकारी मंजूरी मिलने के बाद ही होगी.

पिछले साल रही शानदार वित्तीय प्रदर्शन

Prestige Estates ने वित्त वर्ष 2025 26 में 30024 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 76 फीसदी अधिक रही. इसी दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट बढ़कर 1195.5 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि एक साल पहले यह 467.5 करोड़ रुपये था. कुल इनकम भी बढ़कर 13195.5 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष में 7735.5 करोड़ रुपये थी.

कंस्ट्रक्शन गतिविधियों पर रहेगा जोर

कंपनी का कहना है कि वह विस्तार और समय पर प्रोजेक्ट पूरे करने की रणनीति पर काम कर रही है. पिछले वित्त वर्ष में भी कंपनी ने करीब 13500 करोड़ रुपये कंस्ट्रक्शन कार्य पर खर्च किए थे. अब कंस्ट्रक्शन की गति बढ़ाकर ग्राहकों को समय पर प्रोजेक्ट सौंपने और लॉन्ग टर्म डेवलपमेंट सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में रियल एस्टेट को मिली नई रफ्तार, RERA ने 6 महीने में 51 प्रोजेक्ट को दी मंजूरी; जानें पूरा डिटेल

देशभर में मजबूत है कंपनी की मौजूदगी

Prestige Estates देश के प्रमुख शहरों में हाउसिंग, कमर्शियल और हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट विकसित करती है. स्थापना के बाद से कंपनी 313 प्रोजेक्ट पूरे कर चुकी है, जिनका कुल क्षेत्रफल 206 मिलियन वर्ग फुट है. इसके अलावा कंपनी के पास 128 नए प्रोजेक्ट की पाइपलाइन है, जिनका कुल क्षेत्रफल 195 मिलियन वर्ग फुट है. इससे आने वाले वर्षों में कंपनी के कारोबार के विस्तार की मजबूत संभावना दिखाई देती है.