कोहिनूर से कम नहीं ये टेक स्‍टॉक, AI मिशन ने फूंकी जान, ₹947 से पहुंचा ₹3200 के पार; रक्षा मंत्रालय, ISRO जैसे दिग्‍गज हैं क्‍लाइंट्स

AI डेटा सेंटर बूम और IndiaAI Mission के चलते Netweb Technologies के शेयरों में जबरदस्त तेजी आई है, जो लिस्टिंग के ₹947 से बढ़कर ₹3200 के पार पहुंच गया.कंपनी को कई बड़े ऑर्डर मिले हैं, जिससे इसके ग्रोथ की संभावनाएं मजबूत हुई हैं. Netweb के क्लाइंट्स में रक्षा मंत्रालय, ISRO समेत कई दिग्‍ग्‍ज शामिल हैं.

netweb Technologies share price Image Credit: canva/AI image

AI boost Netweb Technologies India: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI पूरी दुनिया की तस्‍वीर तस्वीर बदल रहा है. इसका सबसे ज्‍यादा प्रभाव टेक सेक्‍टर में देखने को मिल रहा है. इसी बदलाव के चलते AI डेटा सेंटर और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है. हाल ही में हुए AI Impact Summit के बाद भारत में भी AI डेटा सेंटर बनाने के नए मौके पैदा हुए हैं. इस ट्रेंड का सबसे बड़ा फायदा उठाने वाली कंपनियों में Netweb Technologies India का नाम तेजी से उभरकर सामने आया है.

IPO के बाद शेयर ने भरी उड़ान

Netweb Technologies India ने जुलाई 2023 में 500 रुपये प्रति शेयर के भाव पर अपना IPO लॉन्च किया था. इसकी लिस्टिंग 27 जुलाई, 2023 में इसके शेयर 89.4 पर्सेंट प्रीमियम के साथ एनएसई पर ₹947 पर लिस्‍ट हुए थे. इसके बाद से इसमें लगातार अप ट्रेंड जारी है. इसकी वर्तमान कीमत 3222.30 रुपये है, जबकि इसका ऑल टाइम हाई 4,479 रुपये है. यानी लिस्टिंग के बाद से इसमें कई गुना तेजी देखने को मिली है.

ऑर्डर की लगी झड़ी

कंपनी IT सर्विसेज नहीं बल्कि हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग (HPC) सिस्टम्स और AI इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का काम करती है. इसके बिजनेस में ग्रोथ काफी हद तक ऑर्डर बुक पर निर्भर करती है. एआई सेक्‍टर में तेजी से कंपनी की बढ़ती पकड़ के चलते इसे धड़ाधड़ ऑर्डर मिल रहे हैं. सितंबर 2025 में कंपनी को IndiaAI Mission के तहत करीब 1,734 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला था, जिसे FY27 की पहली छमाही तक पूरा किया जाना है. उसी महीने कंपनी को AI इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ा करीब 450 करोड़ रुपये का एक और ऑर्डर मिला. इन ऑर्डर्स की वजह से कंपनी के शेयर अक्टूबर 2025 में अपने पीक पर पहुंच गए थे. हालांकि बाद में ऑर्डर एक्जीक्यूशन फेज में जाने के कारण शेयर में करीब 28% की करेक्शन भी देखने को मिली.

क्या काम करती है कंपनी?

Netweb सिर्फ हार्डवेयर बनाने वाली कंपनी नहीं है. यह एंड-टू-एंड AI कंप्यूटिंग सॉल्यूशन देती है. इसके प्रोडक्ट्स में HPC क्लस्टर, GPU आधारित कंप्यूटिंग सिस्टम, पैरेलल फाइल सिस्टम और मैनेजमेंट टूल्स शामिल हैं. कंपनी को Intel, AMD और Nvidia जैसी टेक कंपनियों से GPU और चिप मिलते हैं. इसके बाद Netweb इन्हें अपने सर्वर, मदरबोर्ड और सॉफ्टवेयर सिस्टम में इंटीग्रेट करके ग्राहकों को पूरा AI इंफ्रास्ट्रक्चर समाधान देती है.

इसके क्लाइंट्स में रक्षा मंत्रालय, ISRO, UIDAI, Zoho, Yotta और Infosys जैसी बड़ी संस्थाएं शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: इन 3 स्‍टॉक्‍स ने निवेशकों की डुबोई दौलत, ऑल टाइम हाई से 95% तक टूटे, ₹1 लाख के रह गए महज ₹4,370

सरकार का AI मिशन बनेगा ट्रिगर

भारत सरकार ने मार्च 2024 में IndiaAI Mission के तहत अगले पांच वर्षों में करीब 10,300 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बनाई है. इसका एक बड़ा हिस्सा GPU खरीदने और AI कंप्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने पर खर्च किया जाएगा. चूंकि Netweb भारत की कुछ गिनी-चुनी कंपनियों में से है जो फुल-स्टैक AI हार्डवेयर सॉल्यूशन देती है, इसलिए इस मिशन से इसे लंबे समय तक फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.