BEML Q3 Results 2026: डिफेंस कंपनी को 22.38 करोड़ रुपये का घाटा, 2.50 रुपये डिविडेंड का ऐलान; शेयर 10% तक लुढ़का
डिफेंस PSU कंपनी BEML ने Q3FY26 के नतीजे जारी किए हैं, जिसमें कंपनी को 22.38 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ है. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी मुनाफे में थी. रेवेन्यू में 23.7 फीसदी की बढ़ोतरी के बावजूद खर्चों में तेज उछाल ने कंपनी की कमाई पर दबाव डाला. कंपनी ने 2.50 रुपये प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है.
BEML Q3 Results 2026: डिफेंस PSU कंपनी BEML ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही के रिजल्ट जारी कर दिए हैं. इन नतीजों ने बाजार को काफी निराश किया है. Q3FY26 में कंपनी को कंसोलिडेटेड आधार पर 22.38 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ है, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 24.41 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था. नतीजों के एलान के बाद BEML के शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली और शेयर भाव करीब 10 फीसदी तक टूट गया.
रेवेन्यू बढ़ा, लेकिन खर्चों ने बिगाड़ा खेल
BEML की कंसोलिडेटेड रेवेन्यू Q3FY26 में सालाना आधार पर 23.7 फीसदी बढ़कर 1,083.27 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 875.77 करोड़ रुपये थी. हालांकि, रेवेन्यू में इस मजबूत बढ़ोतरी के बावजूद कंपनी मुनाफा नहीं कमा सकी. इसकी सबसे बड़ी वजह खर्चों में तेज उछाल रहा. तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 1,112.54 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल यह 850.70 करोड़ रुपये था. बढ़ती लागत ने कंपनी के मुनाफे पर सीधा असर डाला है.
EBITDA में 94 फीसदी की गिरावट
ऑपरेशनल स्तर पर कंपनी का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा. दिसंबर तिमाही में EBITDA घटकर सिर्फ 4 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 60.4 करोड़ रुपये था. यानी इसमें करीब 94 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई. इसके साथ ही EBITDA मार्जिन भी 6.9 फीसदी से गिरकर मात्र 0.3 फीसदी रह गया.
डिविडेंड का एलान
कमजोर नतीजों के बावजूद बीईएमएल के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 2.50 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है. कंपनी ने इस अंतरिम डिविडेंड के भुगतान के लिए 13 फरवरी 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. रिकॉर्ड डेट तक जिन शेयरधारकों के नाम कंपनी के रजिस्टर में दर्ज होंगे, वही इस डिविडेंड के पात्र होंगे.
शेयर बाजार में तीखी प्रतिक्रिया
Q3 रिजल्ट के एलान के तुरंत बाद BEML के शेयरों में जोरदार बिकवाली देखने को मिली. दोपहर 2:35 बजे बीएसई पर कंपनी का शेयर 9.55 फीसदी की गिरावट के साथ 1,581.35 रुपये पर कारोबार कर रहा था. निवेशकों ने खासतौर पर EBITDA और मार्जिन में आई तेज गिरावट पर नकारात्मक प्रतिक्रिया दी. बाद में कंपनी का शेयर 7.38 फीसदी की गिरावट के साथ 1,617.40 रुपये पर बंद हुआ.
यह भी पढ़ें: सिगरेट कंपनियों के शेयर 11% तक उछले, टैक्स बढ़ने के बावजूद निवेशकों का भरोसा बरकरार; जानें तेजी की वजह
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




