Ujjivan से लेकर Capital Small Finance Bank तक, इन 3 SFB Stocks पर रख सकते हैं नजर; जानें शेयर का हाल
2026 में Small Finance Bank Stocks निवेशकों के लिए चर्चा का विषय बने हुए हैं. Ujjivan Small Finance Bank, Equitas Small Finance Bank और Capital Small Finance Bank ने कम NPA, मजबूत CASA Ratio, बेहतर लोन क्वालिटी और ग्रोथ के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है.

Small Finance Bank Stocks: भारत में SFBs तेजी से बैंकिंग सेक्टर का अहम हिस्सा बनते जा रहे हैं. एक समय था, जब ग्रामीण और छोटे शहरों में रहने वाले लोगों को औपचारिक बैंकिंग सर्विस आसानी से नहीं मिलती थी. ऐसे में वे स्थानीय साहूकारों पर निर्भर रहते थे, जो ऊंची ब्याज दरों पर कर्ज देते थे. इस समस्या को दूर करने के लिए RBI ने वर्ष 2015 में Small Finance Banks की शुरुआत की. इन बैंकों को अपने कुल कर्ज का कम से कम 75 फीसदी हिस्सा किसानों, छोटे कारोबारियों, स्वरोजगार करने वालों और बैंकिंग सर्विस से वंचित लोगों को देना होता है.
ये संकेत हैं अहम
निवेशकों के लिए भी SFBs अहम माने जाते हैं, क्योंकि जोखिम वाले क्षेत्रों में कर्ज देने के कारण इनकी Net Interest Margin (NIM) पारंपरिक बैंकों की तुलना में अधिक होती है. हालांकि, किसी भी SFB में निवेश करने से पहले CASA Ratio, Gross NPA और Secured Loan की हिस्सेदारी जैसे संकेतकों को समझना जरूरी है. आइए जानते हैं ऐसे तीन Small Finance Bank Stocks के बारे में, जिन पर 2026 में निवेशकों की नजर रह सकती है.
Ujjivan Small Finance Bank
Ujjivan Small Finance Bank देश के सबसे बड़े और भरोसेमंद Small Finance Banks में से एक है. माइक्रोफाइनेंस संस्था के रूप में शुरुआत करने वाला यह बैंक अब धीरे-धीरे हाउसिंग फाइनेंस, व्हीकल फाइनेंस और MSME लेंडिंग जैसे सुरक्षित कर्ज वाले क्षेत्रों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहा है. ट्रेडब्रेन्स की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 में बैंक का Gross NPA सिर्फ 2.4 फीसदी और Net NPA 0.6 फीसदी रहा, जो इस सेक्टर के सबसे बेहतर स्तरों में गिना जाता है. बैंक का प्रोविजन कवरेज रेशियो 76 फीसदी है. इसके अलावा, व्हीकल फाइनेंस कारोबार में वित्त वर्ष 2026 की शुरुआत के दौरान 156 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
फंडिंग के मोर्चे पर भी बैंक मजबूत स्थिति में है. इसका CASA Ratio 28.6 फीसदी है, जबकि कुल जमा में 22.4 फीसदी की सालाना वृद्धि हुई है. कॉस्ट ऑफ फंड्स घटकर 7 फीसदी रह गया है और Net Interest Margin बढ़कर 8.5 फीसदी पहुंच गई है. बैंक यूनिवर्सल बैंकिंग लाइसेंस के लिए भी RBI के साथ बातचीत कर रहा है. कंपनी का मार्केट कैप करीब 12,700 करोड़ रुपये है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 4.30 फीसदी की बढ़त के साथ 65.27 रुपये पर बंद हुआ.
Equitas Small Finance Bank
Equitas Small Finance Bank भी SFB सेक्टर के मजबूत बैंकों में गिना जाता है. बैंक ने माइक्रोफाइनेंस पर अपनी निर्भरता तेजी से कम करते हुए प्रॉपर्टी, व्हीकल और गोल्ड लोन जैसे सुरक्षित कर्ज पर फोकस बढ़ाया है. आज बैंक की कुल लोन बुक का करीब 88 फीसदी हिस्सा Secured Loans का है. वित्त वर्ष 2026 में यूज्ड कार फाइनेंस में 31 फीसदी, यूज्ड कमर्शियल व्हीकल फाइनेंस में 25 फीसदी और गोल्ड लोन कारोबार में 180 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई. वहीं, कुल लोन बुक में भी 22 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी हुई.
बैंक के Q4 FY26 के प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) में 406 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 213 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. वहीं, Gross NPA घटकर 2.60 फीसदी और Net NPA 0.72 फीसदी रह गया. बैंक अब यूनिवर्सल बैंकिंग लाइसेंस के लिए औपचारिक प्रक्रिया भी शुरू कर चुका है. इसका मार्केट कैप करीब 8,945 करोड़ रुपये है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 5.21 फीसदी की बढ़त के साथ 82.24 रुपये पर बंद हुआ.
Capital Small Finance Bank
Capital Small Finance Bank इस सेक्टर के सबसे अलग और अपेक्षाकृत सुरक्षित बैंकों में शामिल है. अन्य SFBs के विपरीत यह बैंक माइक्रोफाइनेंस कारोबार पर निर्भर नहीं है. इसकी 99 फीसदी से अधिक लोन बुक प्रॉपर्टी, MSME और एग्रीकल्चर से जुड़े Secured Loans पर आधारित है. इस रणनीति के कारण बैंक हालिया माइक्रोफाइनेंस संकट से काफी हद तक बचा रहा. बैंक का CASA Ratio 34.7 फीसदी है, जो SFB सेक्टर के सबसे मजबूत स्तरों में शामिल है.
कम लागत वाले जमा के कारण बैंक को लंबी अवधि में फंडिंग का फायदा मिलता है. वित्त वर्ष 2026 में बैंक का Gross NPA 2.54 फीसदी और Net NPA 1.24 फीसदी रहा. वहीं, ROA 1.1 फीसदी और Return on Equity (ROE) करीब 10.5 फीसदी है. कंपनी का मार्केट कैप लगभग 1,321 करोड़ रुपये है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 1.33 फीसदी की बढ़त के साथ 294.25 रुपये पर बंद हुआ.
यह भी पढ़ें: ₹2.45 का पेनी स्टॉक बना दौलत की मशीन! 5 साल में ₹1 लाख को बना दिया ₹87 लाख; 8700% से ज्यादा दिया रिटर्न
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.