बुक वैल्यू से 20% डिस्काउंट पर मिल रहा यह PSU बैंक शेयर, बड़े बैंकों को दे रहा टक्कर, कीमत ₹35 से कम

पीएसयू बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया मजबूत लोन ग्रोथ और बेहतर एसेट क्वालिटी के दम पर उभर रहा है. Q3FY26 में 21.1% लोन ग्रोथ और 31.7% मुनाफा बढ़त दर्ज हुई. शेयर 0.8 P/B पर सस्ता है और ₹34 के आसपास ट्रेड कर रहा है जिससे निवेशकों के लिए आकर्षक विकल्प बन सकता है.

Central Bank of India Image Credit: canva

मुंबई स्थित एक मिड-साइज PSU बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (Central Bank of India) देशभर के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में अपनी मजबूत पकड़ का फायदा उठा रहा है. दिसंबर 2025 तिमाही के अंत तक बैंक की कुल 4,567 शाखाओं में से करीब 65% इन्हीं इलाकों में स्थित हैं. इसी रणनीति के चलते Q3FY26 में इस बैंक ने PSU बैंकों के मुकाबले सबसे तेज लोन ग्रोथ में से एक दर्ज की है. खास बात यह है कि बेहतर प्रदर्शन के बावजूद इस बैंक की ज्यादा चर्चा नहीं होती. अगर आप PSU बैंक के शेयरों में निवेश करना चाहते हैं तो खास बात यह है कि यह शेयर अपने बुक वैल्यू से करीब 20% डिस्काउंट पर ट्रेड कर रहा है. इसलिए निवेशक इसे रडार पर रख सकते हैं.

लोन ग्रोथ में सबसे आगे

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने दिसंबर 2025 तिमाही में 21.1% सालाना लोन ग्रोथ दर्ज की और कुल लोन बुक 3.16 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई. यह ग्रोथ PSU बैंकों में सबसे तेज मानी जा रही है. इसकी तुलना में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की लोन ग्रोथ 15.7% रही, जो इससे कम है.


मुनाफा और एसेट क्वालिटी मजबूत

बैंक का शुद्ध मुनाफा 31.7% बढ़कर 1,262.6 करोड़ रुपये हो गया. नेट NPA घटकर 0.45% रह गया, जो एक साल पहले 0.59% था. साथ ही प्रोविजन कवरेज रेशियो 96.7% पर बना हुआ है, जो मजबूत एसेट क्वालिटी को दिखाता है.

कम वैल्यूएशन, बड़ा मौका

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया PSU बैंकों के बीच सबसे कम वैल्यूएशन पर ट्रेड कर रहा है. खास तौर पर, पसंदीदा मापदंड प्राइस-टू-बुक वैल्यू के आधार पर यह अपने कंपटीटर से सस्ता नजर आता है. इसका शेयर अपने स्टैंडअलोन बुक वैल्यू के करीब 0.8 गुना पर ट्रेड कर रहा है. इसका मतलब है कि अगर बैंक की बुक वैल्यू 100 रुपये है, तो यह शेयर बाजार में करीब 80 रुपये में मिल रहा है. हालांकि, यह समझना जरूरी है कि कम प्राइस-टू-बुक वैल्यू हमेशा यह नहीं दर्शाता कि शेयर सस्ता है. कई बार ऐसा इसलिए भी होता है क्योंकि निवेशकों को बैंक की ग्रोथ को लेकर भरोसा नहीं होता या उसके लोन पोर्टफोलियो की गुणवत्ता औसत मानी जाती है.

इसके मुकाबले, देश का सबसे बड़ा PSU बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया करीब 1.8 गुना प्राइस-टू-बुक वैल्यू पर ट्रेड कर रहा है, जो इसे अपेक्षाकृत महंगा बनाता है.

शेयर का हाल

यह शेयर फिलहाल ₹34.12 पर ट्रेड कर रहा है. यह अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर ₹32.40 के काफी करीब है, जबकि 52 हफ्ते का उच्च स्तर ₹46.89 रहा है. इसका मार्केट कैप ₹30,847 करोड़ है.

यह भी पढ़ेंईरान ने युद्ध समाप्त करने के अमेरिकी प्रस्ताव को ठुकराया, कहा- शर्तें पूरी होने के बाद ही होगा फैसला

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.