कोचीन शिपयार्ड का विदेशी दांव, इस कंपनी के साथ 5000 करोड़ की डील पर नजर, साथ मिलकर बनाएंगे जहाज

कोचीन शिपयार्ड और HD Hyundai करीब 500 मिलियन डॉलर के जॉइंट वेंचर के तहत कोच्चि में शिप ब्लॉक निर्माण प्लांट लगाने की तैयारी में हैं. इससे कंपनी की क्षमता बढ़ेगी और बड़े जहाज बनाने में मदद मिलेगी. यह डील स्टॉक के लिए लंबी अवधि में सकारात्मक मानी जा रही है.

कोचीन शिपयार्ड Image Credit: Canva/AI

सरकारी कंपनी कोचीन शिपयार्ड से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. कंपनी दक्षिण कोरिया की दिग्गज शिपबिल्डिंग कंपनी HD Hyundai के साथ मिलकर कोच्चि में करीब 500 मिलियन डॉलर (लगभग ₹4,500 करोड़) का नया प्लांट लगाने की तैयारी कर रही है. दोनों कंपनियां मिलकर जॉइंट वेंचर बनाएंगी और इसमें बराबर निवेश करेंगी. निवेशक इसके शेयर पर नजर रख सकते हैं.

क्या है योजना

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों कंपनियां कोच्चि में शिप ब्लॉक फैब्रिकेशन फैसिलिटी लगाने की योजना बना रही हैं, जिसमें दोनों की बराबर हिस्सेदारी होगी. इस प्रोजेक्ट के 2026 की दूसरी छमाही में शुरू होने की उम्मीद है. यह भारत में किसी वैश्विक शिपबिल्डिंग दिग्गज का पहली बार कोर इंफ्रास्ट्रक्चर में सीधा निवेश होगा.

यह नई यूनिट सालाना करीब 1.2 लाख मीट्रिक टन क्षमता के साथ काम करेगी और लगभग 2,000 प्रत्यक्ष रोजगार पैदा कर सकती है. इससे कोचीन शिपयार्ड बड़े और जटिल जहाज बनाने की क्षमता हासिल करेगा, जैसे कंटेनर शिप, टैंकर, बल्क कैरियर और मल्टीपर्पज वेसल. कंपनी का 310 मीटर का ड्राई डॉक पहले से चालू है, जो बड़े जहाज बनाने में मदद करेगा.

स्टॉक पर क्यों नजर?

विश्लेषकों का मानना है कि यह डील कंपनी के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है. वैश्विक ऑर्डर बुक, टेक्नोलॉजी और निर्यात नेटवर्क तक पहुंच मिलने से कोचीन शिपयार्ड की ऑर्डर बुक और राजस्व में लॉन्ग टर्म मजबूती आ सकती है. इससे कंपनी को घरेलू और विदेशी ऑर्डर दोनों मिल सकते हैं.

भारत सरकार भी शिपबिल्डिंग सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय है. बजट 2025-26 में ₹25,000 करोड़ का मैरीटाइम डेवलपमेंट फंड घोषित किया गया है और 2030 तक भारत को टॉप-10 शिपबिल्डिंग देशों में शामिल करने का लक्ष्य है. ऐसे में कोचीन शिपयार्ड इस सेक्टर की प्रमुख लाभार्थी कंपनी बन सकती है.

अभी नहीं हुई है अंतिम डील

हालांकि, डील अभी अंतिम रूप में नहीं आई है और समझौते पर हस्ताक्षर बाकी हैं. इसलिए निवेशकों को कंपनी के शेयर में किसी भी बड़ी चाल से पहले आधिकारिक घोषणा और ऑर्डर फ्लो पर नजर रखनी होगी.

शेयर का हाल

कोचीन शिपयार्ड के शेयर फिलहाल 1501 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहे हैं. इसने पिछले 3 साल में करीब 550 फीसदी का रिटर्न दिया है. इसका 52 वीक हाई 2445 रुपये हैं और 52 वीक लो 1199 रुपये है.

इसे भी पढ़ें: ऑटोमेशन की राह पर रेलवे, इसका फायदा उठाने को तैयार ₹1000 करोड़ की कंपनी, ₹900 करोड़ के ऑर्डर से लैस

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.