52% तक सस्‍ते मिल रहे डॉली खन्‍ना के 2 फेवरेट स्‍टॉक, कभी थे डिविडेंड के बाप, कर्ज और नतीजे बने रोड़ा, फिर भी भरोसा कायम

डॉली खन्ना के पोर्टफोलियो के दो शेयर SPIC और GHCL अपने 52-वीक हाई से 52% तक डिस्काउंट पर ट्रेड कर रहे हैं. सस्ते इम्पोर्ट, मार्जिन दबाव और कर्ज जैसी चिंताओं के कारण इन शेयरों में हाल के महीनों में गिरावट आई है. इसके बावजूद दोनों कंपनियों की डिविडेंड यील्ड और वैल्यूएशन आकर्षक माने जा रहे हैं, इसलिए निवेशकों की नजर इन पर बनी हुई है.

dolly khanna portfolio Image Credit: money9 live

Dolly Khanna Portfolio: शेयर बाजार में गिरते शेयर अक्सर आम निवेशकों के लिए खतरे की घंटी बन जाते हैं, लेकिन वैल्यू निवेशकों के लिए यही मौका होता है. ऐसे में अगर कोई शेयर किसी दिग्गज निवेशक के पोर्टफोलियो में हो तो उस पर दूसरों की नजरें टिक जाती है. ऐसा ही कुछ मशहूर निवेशक डॉली खन्ना को लेकर भी है. उनके पोर्टफोलियो में मौजूद दो कंपनियों के शेयर फिलहाल 52% तक डिस्‍काउंट पर ट्रेड कर रहे हैं. इसके बावजूद उनका इन शेयरों पर भरोसा कायम है. क्‍योंकि ये कंपनियां अपने सेक्टर के मुकाबले बेहतर डिविडेंड यील्ड देती हैं.

Southern Petrochemicals Industries Corporation (SPIC)

साउदर्न पेट्रोकेमिकल्स इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड यानी SPIC की स्थापना 1993 में हुई थी. कंपनी यूरिया और नाइट्रोजन आधारित उर्वरकों का निर्माण करती और बेचती है. इसके अलावा कंपनी सेकेंडरी न्यूट्रिएंट्स, वॉटर सॉल्यूबल फर्टिलाइजर, ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर, कीटनाशक और अन्य इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट भी बनाती है.

कितनी हिस्‍सेदारी?

करीब 1,311 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली इस कंपनी में डॉली खन्ना की दिसंबर 2025 तिमाही तक हिस्‍सेदारी 2.6% दर्ज की गई थी. हालांकि सितंबर 2025 में ये 3 फीसदी थी. हालांकि अभी भी इस कंपनी में लगा उनका दांव भरोसे को दर्शाता है.

डिविडेंड देने में माहिर

इस कंपनी की खासियत इसका मजबूत डिविडेंड यील्ड है. कंपनी का मौजूदा डिविडेंड यील्ड लगभग 3.3% है, जबकि इस सेक्टर में औसत डिविडेंड यील्ड करीब 0.1% है. यानी अगर कोई निवेशक इस शेयर में 100 रुपये लगाता है तो कंपनी सालाना लगभग 3.3 रुपये डिविडेंड के रूप में देती है.

वित्‍तीय प्रदर्शन

कंपनी की बिक्री FY20 में 2,079 करोड़ रुपये से बढ़कर FY25 में 3,086 करोड़ रुपये हो गई. यानी करीब 8% की कंपाउंड ग्रोथ. EBITDA भी इसी अवधि में 113 करोड़ रुपये से बढ़कर 284 करोड़ रुपये हो गया. वहीं FY26 के पहले तीन तिमाहियों में कंपनी ने 182 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है.

इन वजहों से आई गिरावट

बेहतर मुनाफे के बावजूद शेयर पर दबाव बना हुआ है. FII हिस्सेदारी घटने और कर्ज बढ़ने की चिंता के कारण शेयर अपने पीक से करीब आधा गिर गया है. शेयर की वर्तमान कीमत 61.31 रुपये है जबकि 52 वीक हाई 128.20 रुपये है. इस लिहाज से ये अभी करीब 52% तक सस्‍ते में मिल रहा है. हालांकि कंपनी ने सितंबर 2025 में 722 करोड़ रुपये तक पहुंचे कर्ज को दिसंबर 2025 तक घटाकर 449 करोड़ रुपये कर लिया है.

GHCL Ltd

GHCL लिमिटेड की स्थापना 1983 में हुई थी. यह भारत की प्रमुख सोडा ऐश निर्माता कंपनियों में से एक है. लगभग 4,231 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली यह कंपनी देश में करीब 26% मार्केट शेयर के साथ दूसरी सबसे बड़ी सोडा ऐश निर्माता है. कंपनी के ग्राहकों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, प्रॉक्टर एंड गैंबल, बोरोसिल रिन्यूएबल, सेंट गोबेन, पतंजलि और हिंदुस्तान जिंक जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं.

कितनी हिस्‍सेदारी?

डॉली खन्ना ने मार्च 2025 तिमाही में कंपनी में 1% हिस्सेदारी खरीदी थी जिसकी वैल्यू करीब 61.5 करोड़ रुपये थी. दिसंबर 2025 में यह 1.1% दर्ज की गई. इसकी वैल्यू करीब 45.4 करोड़ रुपये है. हालांकि सितंबर तिमाही के मुकाबले इसमें हिस्‍सेदारी थोड़ी कम की गई है, इसके बावजूद डॉली खन्‍ना का भरेासा इस कंपनी पर कायम है.

यह भी पढ़ें: बोनस शेयर और स्‍टॉक स्प्लिट के ऐलान से गोली की तरह भागा ये फार्मा स्‍टॉक, 6% तक उछला, 5 टुकड़ों में बंटेगा शेयर

बिक्री में उतार-चढ़ाव

कंपनी की बिक्री पिछले कुछ सालों में उतार-चढ़ाव के साथ बढ़ी है. FY26 के पहले तीन तिमाहियों में कंपनी ने 2,274 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की है. इसी अवधि में EBITDA करीब 513 करोड़ रुपये रहा. वहीं मुनाफा भी 357 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. गिरावट की बड़ी वजह सोडा ऐश सेगमेंट में प्राइसिंग प्रेशर है, जो कंपनी की कुल कमाई का लगभग 98% हिस्सा देता है. चीन से सस्ते इम्पोर्ट और वैश्विक मांग में कमी के कारण दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 37% तक गिरा है. इसके बावजूद कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत है क्योंकि यह लगभग कर्ज मुक्त है. शेयर फिलहाल करीब 8 के PE पर ट्रेड कर रहा है, जबकि इंडस्ट्री का औसत PE करीब 18 है.

कितने डिस्‍काउंट पर शेयर?

GHCL का शेयर मार्च 2021 में करीब 230 रुपये था, जो 2026 में 460 रुपये के आसपास है. हालांकि पिछले छह महीनों में शेयर 660 रुपये से गिरकर करीब 451 रुपये के 52-वीक लो के करीब पहुंच गया. शेयर की वर्तमान कीमत 459.85 रुपये है जबकि 52 वीक हाई 670 रुपये है यानी यह शेयर अपने 52-वीक हाई से लगभग 31.37% (करीब 31.4%) डिस्काउंट पर ट्रेड कर रहा है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.