ग्रीन अमोनिया से बदलेगी इस फर्टिलाइजर कंपनी की किस्मत, FY28 तक 73 फीसदी बढ़ाएगी प्रोडक्शन कैपेसिटी, रखें नजर

मध्य भारत एग्रो प्रोडक्ट्स ने FY28 तक अपनी फर्टिलाइजर प्रोडक्शन कैपेसिटी 9 लाख टन से बढ़ाकर 15.6 लाख टन करने की योजना बनाई है. कंपनी ने 10 साल के लिए ग्रीन अमोनिया सप्लाई समझौता किया है, जिससे कच्चे माल की लागत घटने और मुनाफा बढ़ने की उम्मीद है. जून तिमाही में कंपनी का मुनाफा 17 फीसदी और EBITDA 15.8 फीसदी बढ़ा.

कंपनी ने 10 साल के लिए ग्रीन अमोनिया सप्लाई समझौता किया है. Image Credit: AI

Madhya Bharat Agro Products: फर्टिलाइजर सेक्टर की कंपनी मध्य भारत एग्रो प्रोडक्ट्स आने वाले वर्षों में बड़े विस्तार की तैयारी में है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2028 तक अपनी प्रोडक्शन कैपेसिटी 9 लाख टन से बढ़ाकर 15.6 लाख टन करने का लक्ष्य रखा है. यानी करीब 73 फीसदी की बढ़ोतरी होगी. इसके साथ ही कंपनी ने 10 साल के लिए ग्रीन अमोनिया सप्लाई का समझौता भी किया है, जिससे कच्चे माल की लागत कम होने की उम्मीद है. कंपनी का मानना है कि इस विस्तार से हर साल 3500 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त रेवेन्यू मिल सकता है.

73 फीसदी बढ़ेगी प्रोडक्शन कैपेसिटी

मध्य भारत एग्रो प्रोडक्ट्स महाराष्ट्र और अन्य इकाइयों में चरणबद्ध तरीके से अपनी कैपेसिटी बढ़ा रही है. कंपनी का लक्ष्य FY28 तक कुल प्रोडक्शन कैपेसिटी 15.6 लाख टन तक पहुंचाना है. इस विस्तार के बाद कंपनी देश की तीसरी सबसे बड़ी प्राइवेट फॉस्फेटिक फर्टिलाइजर मैन्युफैक्चिरिंग बनने की दिशा में आगे बढ़ेगी. कंपनी का कहना है कि नई कैपेसिटी से बाजार में उसकी हिस्सेदारी भी मजबूत होगी.

ग्रीन अमोनिया डील से घटेगी लागत

कंपनी ने राष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन मिशन के तहत 10 साल के लिए 1.3 लाख टन प्रतिवर्ष ग्रीन अमोनिया खरीदने का समझौता किया है. प्रबंधन के मुताबिक इस समझौते के तहत अमोनिया की लागत करीब 53 रुपये प्रति किलोग्राम रहेगी, जबकि वैश्विक बाजार में इसकी कीमत लगभग 110 रुपये प्रति किलोग्राम है. इससे कंपनी को लंबे समय तक लागत पर बढ़त मिलने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें- इस हफ्ते शेयर मार्केट में क्या होगा? US Fed से लेकर Q1 FY27 रिजल्ट तक, ये 5 ट्रिगर तय करेंगे बाजार की चाल

पहली तिमाही में मुनाफा 17 फीसदी बढ़ा

वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा. ऑपरेशन से इनकम 416.3 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान अवधि से 1.6 फीसदी अधिक है. वहीं EBITDA 15.8 फीसदी बढ़कर 65.9 करोड़ रुपये पहुंच गया. कंपनी का शुद्ध मुनाफा भी 17 फीसदी बढ़कर 33 करोड़ रुपये हो गया. EBITDA मार्जिन बढ़कर 15.8 फीसदी पर पहुंच गया, जो बेहतर ऑपरेशन कैपेसिटी को दिखाता है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.