एक हफ्ते में निवेशकों के उड़े 2.74 लाख करोड़ रुपये, HDFC Bank ने सबसे ज्यादा कराया नुकसान; देखें लिस्ट

शेयर मार्केट कैप में पिछले सप्ताह आई गिरावट से देश की शीर्ष 10 सबसे वैल्यूएबल कंपनियों में से 9 का कुल मार्केट कैप 2.74 लाख करोड़ रुपये घट गया. सबसे ज्यादा नुकसान HDFC Bank को हुआ, जिसका मार्केट कैप 1.18 लाख करोड़ रुपये कम हो गया. Reliance Industries, SBI, ICICI Bank, TCS, Bajaj Finance, LIC, Bharti Airtel और Larsen and Toubro भी नुकसान में रहे.

टॉप 10 सबसे वैल्यूएबल कंपनियों में से 9 का कुल मार्केट कैप 2.74 लाख करोड़ रुपये घट गया. Image Credit: money9live

Market Cap: शेयर मार्केट कैप में पिछले सप्ताह आई तेज गिरावट का असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों पर भी साफ दिखाई दिया. BSE की टॉप 10 सबसे वैल्यूएबल कंपनियों में से 9 का मार्केट कैप घट गया. इन कंपनियों की कुल वैल्यू में 2.74 लाख करोड़ रुपये की कमी आई. सबसे ज्यादा नुकसान HDFC Bank को हुआ, जबकि Hindustan Unilever अकेली ऐसी कंपनी रही, जिसकी मार्केट वैल्यू में बढ़ोतरी दर्ज की गई. मार्केट कैप में कमजोरी की वजह कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, भू राजनीतिक तनाव और कमजोर निवेशक धारणा रही.

HDFC Bank को सबसे बड़ा झटका

पिछले सप्ताह HDFC Bank का मार्केट कैप सबसे ज्यादा 1.18 लाख करोड़ रुपये घटकर 11.44 लाख करोड़ रुपये रह गया. बैंक के शेयरों में करीब 9.4 फीसदी की गिरावट आई. पहली तिमाही के नतीजों के बाद मार्जिन को लेकर चिंता बढ़ने से निवेशकों ने बैंकिंग शेयरों में बिकवाली की. इसका असर पूरे बैंकिंग सेक्टर पर देखने को मिला.

Reliance और SBI समेत कई दिग्गज भी फिसले

Reliance Industries का मार्केट कैप 65,429 करोड़ रुपये घट गया. State Bank of India की वैल्यू 26,815 करोड़ रुपये और Bajaj Finance की 26,803 करोड़ रुपये कम हुई. LIC, ICICI Bank, Bharti Airtel, TCS और Larsen and Toubro के मार्केट कैप में भी गिरावट दर्ज की गई. इससे साफ है कि बिकवाली केवल एक सेक्टर तक सीमित नहीं रही.

HUL ने बचाई अपनी साख

जहां लगभग सभी बड़ी कंपनियों को नुकसान हुआ, वहीं Hindustan Unilever निवेशकों के लिए राहत लेकर आई. कंपनी के मार्केट कैप में 153 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई. हालांकि यह बढ़त बाकी कंपनियों के नुकसान के मुकाबले काफी छोटी रही, लेकिन टॉप 10 कंपनियों में HUL ही एकमात्र कंपनी रही जिसने सकारात्मक प्रदर्शन किया.

क्यों गिरा शेयर मार्केट कैप

पिछले सप्ताह सेंसेक्स 2091 अंक यानी 2.67 फीसदी और निफ्टी 567 अंक यानी 2.32 फीसदी टूट गया. मार्केट कैप पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, भू राजनीतिक तनाव और रुपये की कमजोरी का दबाव रहा. इसके अलावा बैंकिंग कंपनियों के मिले जुले तिमाही नतीजों ने भी निवेशकों का भरोसा कमजोर किया.

यह भी पढ़ें- 537% रिटर्न देने वाले AI Infra Stock पर टूट पड़े FII और DII, रिकॉर्ड ऑर्डर से बढ़ा भरोसा! मजबूत हैं फाइनेंशियल्स

टॉप 10 कंपनियों की रैंकिंग में बदलाव नहीं

मार्केट कैप में गिरावट के बावजूद देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी Reliance Industries बनी रही. इसके बाद Bharti Airtel, HDFC Bank, ICICI Bank, State Bank of India, TCS, Bajaj Finance, LIC, Larsen and Toubro और Hindustan Unilever का स्थान रहा.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.