अब ROCE तय करेगा कौन बनेगा निवेशकों का फेवरेट, होटल सेक्टर में बदला निवेश का फॉर्मूला; इन 3 शेयरों पर रखें नजर
भारत के होटल सेक्टर में निवेश का ट्रेंड तेजी से बदल रहा है. अब केवल ऑक्यूपेंसी और कमरे का किराया ही नहीं, बल्कि ROCE और पूंजी के बेहतर उपयोग को भी निवेशक अहम मान रहे हैं. IHCL, Chalet Hotels और Lemon Tree Hotels जैसी कंपनियां एसेट-लाइट रणनीति और मजबूत वित्तीय प्रदर्शन के दम पर निवेशकों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं.
Hotel Stocks: भारत का होटल उद्योग अब एक नए दौर में प्रवेश कर चुका है. महामारी के बाद ट्रैवल और टूरिज्म में आई तेज रिकवरी ने होटल कंपनियों की कमाई को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है. लेकिन अब निवेशकों की नजर केवल ऑक्यूपेंसी और कमरे के किराए पर नहीं, बल्कि इस बात पर है कि कौन-सी कंपनी अपनी पूंजी का सबसे बेहतर इस्तेमाल कर रही है. यही वजह है कि IHCL, Chalet Hotels और Lemon Tree Hotels जैसी कंपनियां निवेशकों के रडार पर हैं.
ट्रैवल बूम से होटल इंडस्ट्री को मिल रहा फायदा
भारत में घरेलू और विदेशी दोनों तरह की यात्राओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. Financial Express की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 की पहली छमाही में घरेलू एयरलाइंस ने 8.64 करोड़ से ज्यादा यात्रियों को सफर कराया, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 1.44 फीसदी अधिक है.
बिजनेस ट्रैवल लगभग महामारी से पहले वाले लेवल पर लौट चुका है, जबकि विदेशी पर्यटकों की संख्या भी मजबूत बनी हुई है. इसका सीधा फायदा होटल इंडस्ट्री को मिला है. देश के कई बड़े होटलों की ऑक्यूपेंसी 70 फीसदी से ऊपर बनी हुई है और औसत कमरे का किराया (ARR) रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है.
IHCL ने अपनाया एसेट-लाइट मॉडल
Indian Hotels Company Limited (IHCL), जो Taj Hotels ब्रांड का संचालन करती है, ने पिछले कुछ वर्षों में एसेट-लाइट रणनीति अपनाई है. कंपनी अब खुद होटल बनाने के बजाय मैनेजमेंट कॉन्ट्रैक्ट्स के जरिए विस्तार कर रही है. इससे कम पूंजी निवेश में ज्यादा कमाई हो रही है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की आय 16 फीसदी बढ़कर 9,689 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि शुद्ध लाभ 15.3 फीसदी बढ़कर 1,849 करोड़ रुपये रहा.
इसी दौरान कंपनी का ROCE बढ़कर 17.1 फीसदी हो गया. मैनेजमेंट फीस से होने वाली आय भी लगातार मजबूत हो रही है, जिससे आने वाले वर्षों में कंपनी की कमाई और बेहतर होने की उम्मीद है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.47 फीसदी की बढ़त के साथ 727 रुपये पर बंद हुआ.
Chalet Hotels ने मौजूदा एसेट्स से बढ़ाया मुनाफा
Chalet Hotels ने एसेट-लाइट मॉडल अपनाने के बजाय अपने मौजूदा होटल एसेट्स से अधिक रिटर्न हासिल करने पर फोकस किया है. कंपनी ने प्रीमियम बिजनेस लोकेशन पर होटल विकसित किए हैं और कमर्शियल रियल एस्टेट से भी अपनी आय बढ़ाई है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की आय 60.3 फीसदी बढ़कर 2,812 करोड़ रुपये हो गई.
वहीं, शुद्ध लाभ 143 करोड़ रुपये से बढ़कर 645 करोड़ रुपये पहुंच गया. कंपनी का ROCE भी 11 फीसदी से बढ़कर 17 फीसदी हो गया. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.68 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 814 रुपये पर बंद हुआ.
Lemon Tree Hotels में बड़ा बदलाव
Lemon Tree Hotels भी अपने बिजनेस मॉडल में बड़ा बदलाव कर रही है. कंपनी होटल के स्वामित्व और होटल संचालन को अलग करने की योजना पर काम कर रही है. इस कदम के बाद होटल एसेट्स अलग कंपनी के पास होंगे, जबकि Lemon Tree मैनेजमेंट और ब्रांड फीस के जरिए नियमित आय अर्जित करेगी.
वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की आय 12.8 फीसदी बढ़कर 1,453 करोड़ रुपये पहुंची, जबकि शुद्ध लाभ 18.6 फीसदी बढ़कर 288 करोड़ रुपये हो गया. हालांकि, निवेश और रेनोवेशन के कारण EBITDA मार्जिन में हल्की गिरावट आई, लेकिन कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में इसका फायदा मिलेगा. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.62 फीसदी गिरकर 109 रुपये पर बंद हुआ.
यह भी पढ़ें: 13 दिन की बमबारी के बाद ट्रंप ने ईरान में अचानक रोका हमला, ओमान की एंट्री से बदले समीकरण! क्या रुकेगी लड़ाई?
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
दिग्गज निवेशक Dolly Khanna ने बदली रणनीति, इन 5 शेयरों में घटाई हिस्सेदारी; निवेशक रखें नजर
सोमवार को इन 3 शेयरों पर लगाएं दांव, एक हफ्ते में आ सकती है तेजी; ब्रोकरेज ने दिया टारगेट
FII का इन 5 शेयरों पर बड़ा दांव! Coal India से Suzlon Energy तक में बढ़ाई हिस्सेदारी, क्या आपके पास भी है ये स्टॉक?
