HDFC Bank vs ICICI Bank: डिविडेंड देने में कौन आगे? रिकॉर्ड डेट से स्टॉक परफॉर्मेंस तक; समझें पूरा गणित

HDFC Bank और ICICI Bank ने Q4FY26 के बाद डिविडेंड का ऐलान किया है. जानिए किस बैंक ने कितना डिविडेंड दिया, रिकॉर्ड डेट क्या है और शेयर प्रदर्शन क्या संकेत दे रहा है. इससे इतर, किस कंपनी का तिमाही नतीजा ज्यादा अच्छा रहा. डिटेल में.

HDFC Bank vs ICICI Bank Image Credit: @AI

HDFC Bank vs ICICI Bank Dividend: भारत के दो बड़े प्राइवेट सेक्टर बैंक, HDFC Bank और ICICI Bank के ताजा तिमाही नतीजों ने एक बार फिर निवेशकों का ध्यान डिविडेंड पर ला दिया है. अब सवाल सिर्फ मुनाफे का नहीं, बल्कि यह भी है कि ये बैंक अपने शेयरधारकों को किस तरह रिटर्न दे रहे हैं. Q4FY26 के बाद घोषित डिविडेंड के आधार पर निवेशकों के लिए कुछ अहम बातें सामने आई हैं, जिन्हें समझना जरूरी है. इसी के साथ-साथ यह जानना भी अहम है कि किस बैंक ने कितने रुपये के डिविडेंड का ऐलान किया है और उसके लिए पात्रता क्या है.

डिविडेंड में कौन आगे?

HDFC Bank ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कुल 15.50 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देने का ऐलान किया है. इसमें पहले दिया गया 2.50 रुपये का इंटरिम डिविडेंड और अब घोषित 13 रुपये का फाइनल डिविडेंड शामिल है. हालांकि, फाइनल डिविडेंड पर अंतिम मुहर शेयरधारकों की AGM में लगेगी. वहीं ICICI Bank ने 12 रुपये प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है, जो पिछले साल के 11 रुपये से ज्यादा है. यह भी AGM की मंजूरी के बाद ही निवेशकों को मिलेगा.

रिकॉर्ड डेट और पात्रता क्या है?

HDFC Bank ने 19 जून 2026 को रिकॉर्ड डेट तय कर दी है. इसका मतलब है कि जिस निवेशक के पास इस तारीख तक शेयर होंगे, वही डिविडेंड पाने के हकदार होंगे. वहीं, दूसरी ओर ICICI Bank ने अभी रिकॉर्ड डेट घोषित नहीं की है, लेकिन AGM के बाद इसका ऐलान किया जाएगा.

नतीजों में कैसा रहा प्रदर्शन?

HDFC Bank का Q4FY26 में नेट प्रॉफिट करीब 19,221 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 9 फीसदी ज्यादा है. हालांकि, इसकी नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) में लगभग 3.8 फीसदी की सीमित बढ़त दर्ज की गई. ICICI Bank ने भी मजबूत प्रदर्शन दिखाया है. बैंक का तिमाही मुनाफा 13,701 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 8.5 फीसदी और तिमाही आधार पर 21 फीसदी बढ़ा है. NII में भी करीब 8.4 फीसदी की अच्छी ग्रोथ देखने को मिली.

शेयर प्राइस का हाल क्या कहता है?

शेयर बाजार में दोनों बैंकों का प्रदर्शन अलग-अलग रहा है. HDFC Bank का शेयर हाल के दिनों में थोड़ी मजबूती दिखा रहा है. पिछले एक हफ्ते में करीब 1 फीसदी और एक महीने में करीब 4.63 फीसदी की बढ़त. लेकिन लंबी अवधि में यह दबाव में रहा है, पिछले 6 महीने में करीब 20 फीसदी और एक साल में लगभग 17 फीसदी गिरा है. आज यानी सोमवार, 20 अप्रैल के प्रदर्शन की बात करें तो स्टॉक 0.44 फीसदी की गिरावट के साथ 796 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा है. कंपनी का मार्केट कैप 12,31,316 करोड़ रुपये दर्ज किया.

वहीं ICICI Bank का शेयर अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में है. पिछले 5 दिनों में करीब 4 फीसदी और एक महीने में लगभग 11 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है. हालांकि, 6 महीने और 1 साल के नजरिए से इसमें हल्की गिरावट रही है, लेकिन 2026 में अब तक यह मामूली बढ़त दिखा चुका है. आज के प्रदर्शन की बात करें 0.55 फीसदी की तेजी के साथ 1,354 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा है. कंपनी का मार्केट कैप 9,65,009 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

ये भी पढ़ें- ये 3 शेयर करा सकते हैं मोटी कमाई! ब्रोकरेज ने लगाया बड़ा दांव- ‘बोला खरीदो’, हफ्ते भर में भागेंगे शेयर

निवेशकों के लिए क्या संकेत?

दोनों बैंक मजबूत हैं और लगातार मुनाफा बढ़ा रहे हैं, लेकिन डिविडेंड और शेयर प्रदर्शन के आधार पर उनकी तस्वीर थोड़ी अलग दिखती है. HDFC Bank स्थिरता और नियमित रिटर्न का संकेत देता है, जबकि ICICI Bank ग्रोथ और बेहतर मोमेंटम के साथ आगे बढ़ता नजर आ रहा है. ऐसे में निवेशकों को सिर्फ डिविडेंड नहीं, बल्कि बैंक की ग्रोथ, शेयर प्रदर्शन और अपनी निवेश अवधि को ध्यान में रखकर फैसला लेना चाहिए.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.