Hero MotoCorp का बड़ा दांव, स्कूटर प्रोडक्शन करेगा दोगुना; अब हर महीने 1 लाख स्कूटर बेचने की तैयारी
हीरो मोटोकॉर्प ने वित्त वर्ष 2027 में 1500 करोड़ रुपये के कैपेक्स निवेश की घोषणा की है. कंपनी स्कूटर प्रोडक्शन कैपेसिटी को दोगुना करने की तैयारी में है. इसके साथ ही दक्षिण भारत में 700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नया ग्लोबल पार्ट्स सेंटर बनाया जाएगा. कंपनी इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में भी तेजी से विस्तार कर रही है.

Hero MotoCorp: हीरो मोटोकॉर्प ने वित्त वर्ष 2027 के लिए 1500 करोड़ रुपये के कैपेक्स निवेश की घोषणा की है. कंपनी का लक्ष्य अपने स्कूटर प्रोडक्शन कैपेसिटी को दोगुना करना है. कंपनी के सीईओ हर्षवर्धन चिताले ने बताया कि कुछ लोकप्रिय स्कूटर मॉडल की मांग तेजी से बढ़ रही है, जिसके चलते प्रोडक्शन कैपेसिटी बढ़ाई जा रही है. वर्तमान में कंपनी हर महीने करीब 60000 स्कूटर बेच रही है और आने वाले समय में इसे 1 लाख यूनिट तक ले जाने की योजना है. इसके अलावा कंपनी दक्षिण भारत में एक नया ग्लोबल पार्ट्स सेंटर भी बना रही है. इसके लिए 700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा.
स्कूटर प्रोडक्शन कैपेसिटी होगी दोगुनी
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, हीरो मोटोकॉर्प ने बताया कि वह अपने स्कूटर कारोबार को तेजी से विस्तार देने पर काम कर रही है. कंपनी ने अपने डेस्टिनी स्कूटर की प्रोडक्शन कैपेसिटी में पहले ही 50 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है. वहीं एक्सूम स्कूटर की क्षमता को दोगुना करने की प्रक्रिया जारी है. कंपनी का मानना है कि भारतीय बाजार में स्कूटर की मांग लगातार बढ़ रही है. इसी वजह से प्रोडक्शन कैपेसिटी बढ़ाकर ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचने की तैयारी की जा रही है. कंपनी आने वाले वर्षों में स्कूटर सेगमेंट में अपनी हिस्सेदारी मजबूत करना चाहती है.
EV सेगमेंट में भी तेजी से विस्तार
हीरो मोटोकॉर्प इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में भी तेजी से निवेश कर रही है. कंपनी ने कहा कि EV प्रोडक्शन कैपेसिटी को 15000 यूनिट से बढ़ाकर 25000 यूनिट किया गया है. इसके बाद इसे फिर से दोगुना करने की तैयारी है. कंपनी का फोकस इलेक्ट्रिक टू व्हीलर बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करना है. लगातार बढ़ती EV मांग को देखते हुए उत्पादन और सप्लाई नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है. कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री में तेजी आएगी.
कैसा है शेयर का हाल
15 मई को Hero MotoCorp का शेयर 5064 रुपये पर बंद हुआ, जिसमें 0.25 फीसदी की हल्की गिरावट दर्ज की गई. कंपनी का मार्केट कैप 1,01,337 करोड़ रुपये है. पिछले 52 हफ्तों में शेयर ने 6390 रुपये का उच्च स्तर और 4158 रुपये का निचला स्तर छुआ है. कंपनी का स्टॉक पीई 17.4 है, जबकि बुक वैल्यू 1080 रुपये दर्ज की गई है. वहीं कंपनी का आरओसीई 35.8 फीसदी और आरओई 28.5 फीसदी है. कंपनी ने अपने निवेशकों पिछले 5 साल में 78 फीसदी का रिटर्न दिया है.
दक्षिण भारत में बनेगा नया पार्ट्स सेंटर
कंपनी ने दक्षिण भारत में नया ग्लोबल पार्ट्स सेंटर बनाने की भी योजना बनाई है. इसके लिए 700 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया जाएगा. यह सेंटर कंपनी के पार्ट्स और एक्सेसरीज कारोबार को विस्तार देने में मदद करेगा. कंपनी का कहना है कि इससे सप्लाई चेन मजबूत होगी और ग्राहकों को बेहतर सर्विस मिल सकेगी. नया पार्ट्स सेंटर भविष्य की मांग को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है. इससे कंपनी के आफ्टर सेल्स नेटवर्क को भी मजबूती मिलेगी.
यह भी पढ़ें- भारत से क्यों भाग रहे हैं FIIs? मई में निकाले ₹27,000 करोड़, इस साल अब तक ₹2.2 लाख करोड़ की बिकवाली
पश्चिम एशिया युद्ध पर कंपनी की नजर
हीरो मोटोकॉर्प ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और युद्ध की स्थिति पर कंपनी लगातार नजर बनाए हुए है. हालांकि अप्रैल और मई के शुरुआती सप्ताह तक टू व्हीलर की मांग में कोई कमी नहीं देखी गई है. कंपनी के अनुसार युद्ध से पहले उद्योग को वित्त वर्ष 2027 में हाई सिंगल डिजिट ग्रोथ की उम्मीद थी. लेकिन अब वैश्विक परिस्थितियों के कारण बाजार पर असर को लेकर निगरानी जरूरी हो गई है. कंपनी का कहना है कि फिलहाल ग्राहकों की मांग स्थिर बनी हुई है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.