ब्रांड नहीं, ब्रांड्स के पीछे की कंपनियां! रडार पर रखें ये 3 शेयर, क्लाइंट लिस्ट में PepsiCo, Coca-Cola, Nestle जैसे दिग्गज
आइए जानते हैं ऐसी तीन लिस्टेड पैकेजिंग कंपनियों के बारे में, जो देश की बड़ी FMCG कंपनियों की सप्लाई चेन का अहम हिस्सा हैं. सबसे मजे की बात ये है कि इनके क्लाइंट में PepsiCo, Coca-Cola, Nestle जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं.

भारत की FMCG इंडस्ट्री में Colgate, Nestle, Hindustan Unilever और Britannia जैसे बड़े ब्रांड लोगों की नजर में रहते हैं, लेकिन इन कंपनियों के प्रोडक्ट ग्राहकों तक सुरक्षित पहुंचाने में पैकेजिंग कंपनियों की अहम भूमिका होती है. ये कंपनियां कंटेनर, ट्यूब, फिल्म और कार्टन तैयार करती हैं, जिनमें रोजमर्रा के इस्तेमाल के प्रोडक्ट पैक होकर बाजार तक पहुंचते हैं. आइए जानते हैं ऐसी तीन लिस्टेड पैकेजिंग कंपनियों के बारे में, जो देश की बड़ी FMCG कंपनियों की सप्लाई चेन का अहम हिस्सा हैं. सबसे मजे की बात ये है कि इनके क्लाइंट में PepsiCo, Coca-Cola, Nestle जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं.
Mold-Tek Packaging
- Mold-Tek Packaging इंजेक्शन मोल्डेड प्लास्टिक कंटेनर बनाती है, जिनका इस्तेमाल पेंट, लुब्रिकेंट, फूड और अब फार्मा सेक्टर में भी होता है. कंपनी अपनी इन-मोल्ड लेबलिंग (IML) तकनीक के लिए जानी जाती है.
- कंपनी के प्रमुख ग्राहकों में Asian Paints, Berger Paints, Castrol, Valvoline, Amul और Mother Dairy शामिल हैं.
- वित्त वर्ष 2026 में लुब्रिकेंट पैकेजिंग की बिक्री मात्रा में 12.99 फीसदी की गिरावट आई, लेकिन फार्मा पैकेजिंग कारोबार में 208.96 फीसदी की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई. इस कारोबार से कंपनी ने 35 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया. हालांकि यह अभी कुल आय का करीब 4 फीसदी ही है, लेकिन सबसे तेजी से बढ़ने वाला सेगमेंट बन चुका है.
- मार्केट कैप: 2,345.30 करोड़ रुपये
- शुक्रवार का क्लोजिंग प्राइस: 705.80 रुपये
- पीई रेशियो: 32.49
Uflex
Uflex रेवेन्यू के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी और उत्पादन क्षमता के आधार पर दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी फ्लेक्सिबल पैकेजिंग कंपनी है. कंपनी के प्लांट 9 देशों में हैं और यह BOPET, BOPP, CPP फिल्म, एसेप्टिक लिक्विड पैकेजिंग, इंजीनियरिंग मशीनरी और होलोग्राफी जैसे क्षेत्रों में काम करती है. इसके प्रमुख ग्राहकों में PepsiCo, Coca-Cola, Nestle, Unilever और Britannia शामिल हैं.
वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने अपनी एसेप्टिक लिक्विड पैकेजिंग क्षमता बढ़ाकर 1200 करोड़ पैक प्रति वर्ष कर दी. साथ ही मिस्र, मेक्सिको, नोएडा और धारवाड़ में नए प्रोजेक्ट्स पर निवेश भी किया जा रहा है.
- मार्केट कैप: 3,174.42 करोड़ रुपये
- शुक्रवार का क्लोजिंग प्राइस: 439.60 रुपये
- पीई रेशियो: 9.45
TCPL Packaging
TCPL Packaging भारत की सबसे बड़ी फोल्डिंग कार्टन निर्माता और पेपरबोर्ड कन्वर्टर कंपनी है. कंपनी हाई एंड कार्टन, प्रिंटेड ब्लैंक्स, ब्लिस्टर पैक और फ्लेक्सिबल पैकेजिंग जैसे प्रोडक्ट बनाती है. इसके ग्राहकों में Hindustan Unilever, ITC, Godrej Consumer Products, Nestle और United Spirits जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं. कंपनी की आय का बड़ा हिस्सा तंबाकू और लिकर इंडस्ट्री से आता है, इसलिए इस कारोबार पर सरकारी टैक्स और नियमों का असर पड़ सकता है.
वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू किया है, जिससे अगले वित्त वर्ष में करीब 150 करोड़ रुपये का अतिरिक्त रेवेन्यू मिलने की उम्मीद है.
- मार्केट कैप: 2,661.75 करोड़ रुपये
- शुक्रवार का क्लोजिंग प्राइस: 2,925 रुपये
- पीई रेशियो: 27.70
इसे भी पढ़ें- मुकुल अग्रवाल ने इस प्राइवेट बैंक में बढ़ाई हिस्सेदारी, 3 महीने में 45% भागा स्टॉक, रडार पर रखें शेयर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.