ICICI Prudential Life Q1 Results: 28 फीसदी बढ़ा मुनाफा, पहली तिमाही में 386 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट

ICICI प्रुडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस का जून 2026 तिमाही में नेट लाभ 28 फीसदी बढ़कर 386 करोड़ रुपये रहा. कंपनी की प्रीमियम इनकम 9749 करोड़ रुपये और नया बिजनेस प्रीमियम 21 फीसदी बढ़कर 4866 करोड़ रुपये पहुंच गया. कंपनी का एयूएम 3.34 लाख करोड़ रुपये हो गया है.

जून 2026 तिमाही में नेट लाभ 28 फीसदी बढ़कर 386 करोड़ रुपये रहा. Image Credit: Asa Asa Asa/FB

ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में मजबूत वित्तीय नतीजे पेश किए हैं. कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 28 फीसदी बढ़कर 386 करोड़ रुपये हो गया. बेहतर पॉलिसी प्रदर्शन और नए कारोबार से कम दबाव के चलते कंपनी की कमाई में सुधार हुआ. प्रीमियम इनकम और नए बिजनेस में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई. कंपनी ने अपना नाम बदलकर ICICI लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड करने का प्रस्ताव भी मंजूर किया है.

प्रीमियम इनकम में शानदार बढ़ोतरी

अप्रैल से जून 2026 तिमाही में कंपनी का नेट लाभ 386 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल इसी अवधि में यह 302 करोड़ रुपये था. कंपनी की नेट प्रीमियम आय भी बढ़कर 9749 करोड़ रुपये पहुंच गई. एक साल पहले यह 8503 करोड़ रुपये थी. इससे कंपनी के कारोबार में लगातार मजबूती का संकेत मिला है.

नए कारोबार से मिला मजबूत सपोर्ट

कंपनी का नया बिजनेस प्रीमियम 21 फीसदी बढ़कर 4866 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल पहली तिमाही में यह 4012 करोड़ रुपये था. इस दौरान जारी की गई पॉलिसी की संख्या में 13.2 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इससे साफ है कि नए ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

एयूएम और सॉल्वेंसी रेशियो भी मजबूत

30 जून 2026 तक कंपनी की एसेट्स अंडर मैनेजमेंट यानी एयूएम 3.34 लाख करोड़ रुपये रही. कंपनी की नेटवर्थ 14375 करोड़ रुपये पर पहुंच गई. सॉल्वेंसी रेशियो बढ़कर 225.4 फीसदी हो गया, जो नियामक की 150 फीसदी की अनिवार्य सीमा से काफी अधिक है. यह कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति को दिखाता है.

यह भी पढ़ें- Closing Bell: सेंसेक्स 130 अंक चढ़कर और निफ्टी 24050 के ऊपर बंद, अमेरिका-ईरान तनाव के बीच जारी रही उठा-पटक

कंपनी का नाम बदलने का प्रस्ताव

कंपनी के निदेशक मंडल ने 6 जुलाई की बैठक में कंपनी का नाम बदलकर ICICI लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी. हालांकि इसके लिए आईआरडीएआई की मंजूरी मिलना बाकी है. कंपनी का कहना है कि नया नाम ICICI ब्रांड की मजबूत पहचान और भरोसे को और बेहतर तरीके से दिखाएगी.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.