LIC के पोर्टफोलियो में NSE बन रहा पांचवां सबसे बड़ा निवेश, HDFC Bank-Infosys जैसे दिग्गजों को छोड़ रहा पीछे
देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC के निवेश पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. NSE में उसकी 10.72% हिस्सेदारी की अनुमानित वैल्यू करीब ₹56,105 करोड़ पहुंच गई है, जिससे यह Reliance, SBI, L&T और ITC के बाद LIC का पांचवां सबसे बड़ा सूचीबद्ध निवेश बन सकता है.

देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी और शेयर बाजार की सबसे बड़ी संस्थागत निवेशक भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के निवेश पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. मौजूदा अनुमान के मुताबिक, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में LIC की हिस्सेदारी अब उसकी पांचवीं सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी में निवेश बन सकती है. इससे NSE, HDFC Bank, Bharti Airtel, Infosys, ICICI Bank और TCS जैसी बड़ी कंपनियों से आगे निकल जाएगा.
मार्च तिमाही तक 10.72% हिस्सेदारी
मार्च 2026 तिमाही के आंकड़ों के अनुसार, LIC के पास NSE के 26.53 करोड़ शेयर हैं, जो कंपनी की 10.72% हिस्सेदारी के बराबर है. यदि NSE के शेयर का मूल्य ₹2,100 प्रति शेयर माना जाए, तो इस हिस्सेदारी की कुल अनुमानित वैल्यू करीब ₹56,105 करोड़ बैठती है.
Reliance अब भी सबसे बड़ा निवेश
LIC के पोर्टफोलियो में Reliance Industries अब भी पहले स्थान पर है. मार्च 2026 तिमाही तक कंपनी में LIC की 6.8% हिस्सेदारी थी, जिसकी मौजूदा बाजार कीमत करीब ₹1.18 लाख करोड़ है.
इसके बाद State Bank of India (SBI) में 8.78% हिस्सेदारी के साथ निवेश का मूल्य करीब ₹83,219 करोड़ है. तीसरे स्थान पर Larsen & Toubro (L&T) है, जहां LIC की 12.51% हिस्सेदारी की कीमत लगभग ₹70,927 करोड़ है. ITC चौथे स्थान पर है, जिसमें 15.83% हिस्सेदारी का मूल्य करीब ₹57,672 करोड़ है.
यह भी पढ़ें: आशिष कचोलिया का स्टार स्टॉक, DIIs-FIIs का भारी-भरकम स्टेक और 2 महीने में 100% रिटर्न; आपने देखा ये शेयर?
कई दिग्गज कंपनियां पीछे छूटीं
NSE में LIC की अनुमानित ₹56,105 करोड़ की हिस्सेदारी उसे HDFC Bank (₹49,738 करोड़), Bharti Airtel (₹44,850 करोड़), Infosys (₹44,871 करोड़), ICICI Bank (₹44,220 करोड़) और Tata Consultancy Services (TCS) (₹41,846 करोड़) से आगे ले जाती है. वहीं, ONGC में LIC की 10.18% हिस्सेदारी का मौजूदा मूल्य करीब ₹29,935 करोड़ है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.