Maruti, M&M या Hyundai… जून तिमाही में किसने मारी बाजी? किसकी बढ़ी बिक्री और किसका टूटा मुनाफा; जानें शेयर
Maruti Suzuki India, Mahindra & Mahindra (M&M) और Hyundai Motor India ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. Maruti Suzuki ने बिक्री में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि M&M का मुनाफा बढ़ा. दूसरी ओर, Hyundai Motor India के मुनाफे पर दबाव देखने को मिला.
Highlights
- Maruti Suzuki India ने जून तिमाही में 29.3% बिक्री वृद्धि के साथ सबसे मजबूत प्रदर्शन किया है.
- Mahindra & Mahindra का शुद्ध मुनाफा 6.8% बढ़ा.
- इस दौरान Hyundai Motor India का मुनाफा 34% घट गया है.
Auto Sector: भारत की प्रमुख Passenger Vehicle कंपनियों Maruti Suzuki India, Mahindra & Mahindra (M&M) और Hyundai Motor India के लिए वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) मिला-जुला रही. एक ओर वाहन बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर स्टील और तांबे जैसी कच्ची धातुओं की बढ़ती कीमतों ने कंपनियों के मार्जिन और मुनाफे पर दबाव बढ़ा दिया. हालांकि, इस दौरान Maruti Suzuki India ने बिक्री के मामले में सबसे शानदार प्रदर्शन किया, जबकि M&M मुनाफा बढ़ाने में सफल रही. दूसरी ओर, Hyundai Motor India को एक्सपोर्ट में कमजोरी और उत्पादन में रुकावट का असर झेलना पड़ा.
Maruti Suzuki ने बिक्री में मारी बाजी
जून तिमाही में Maruti Suzuki India की कुल वाहन बिक्री सालाना आधार पर 29.3 फीसदी बढ़कर 6.82 लाख यूनिट पर पहुंच गई. कंपनी की SUV बिक्री में 44.6 फीसदी की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई. Grand Vitara, Invicto और Jimny जैसे मॉडल की अच्छी मांग ने इस ग्रोथ में अहम भूमिका निभाई. कंपनी ने हाल ही में हरियाणा के खरखौदा में अपने दूसरे प्लांट की शुरुआत की है. इस नई उत्पादन क्षमता का असर पहली तिमाही में दिखना शुरू हो गया है और वित्त वर्ष 2027 के दौरान इसका पूरा फायदा मिलने की उम्मीद है.
बिक्री बढ़ने से कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 35.9 फीसदी बढ़कर 52,455.7 करोड़ रुपये हो गया. प्रति वाहन औसत रियलाइजेशन भी 5.2 फीसदी बढ़कर 7.68 लाख रुपये रहा. हालांकि, स्टील और तांबे जैसी कच्ची धातुओं की कीमतें बढ़ने से कंपनी की लागत बढ़ी. इसका असर ऑपरेटिंग मार्जिन पर पड़ा, जो घटकर 8.2 फीसदी रह गया. वहीं, शुद्ध मुनाफा 11 फीसदी गिरकर 3,352 करोड़ रुपये पर आ गया.
M&M ने SUV और Tractor दोनों से दिखाई ताकत
Mahindra & Mahindra ने भी तिमाही के दौरान मजबूत प्रदर्शन किया. कंपनी की SUV बिक्री 15 फीसदी बढ़कर 1.74 लाख यूनिट रही. इसके अलावा Farm Equipment कारोबार में Tractor बिक्री 18 फीसदी बढ़कर 1.58 लाख यूनिट पर पहुंच गई.
SUV और Tractor दोनों से मिली मजबूती के कारण कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 23 फीसदी बढ़कर 41,919.7 करोड़ रुपये हो गया. हालांकि, कच्चे माल की बढ़ती लागत से कंपनी के ऑपरेटिंग मार्जिन में भी गिरावट आई और यह 12.2 फीसदी पर आ गया. इसके बावजूद कम टैक्स खर्च की वजह से कंपनी का शुद्ध मुनाफा 6.8 फीसदी बढ़कर 3,685 करोड़ रुपये हो गया.
Hyundai Motor India पर एक्सपोर्ट में गिरावट का असर
Hyundai Motor India का प्रदर्शन बाकी दोनों कंपनियों की तुलना में कमजोर रहा. कंपनी की कुल वाहन बिक्री 1.3 फीसदी घटकर 1.78 लाख यूनिट रह गई. कंपनी के मुताबिक, अस्थायी उत्पादन बाधाओं और एक्सपोर्ट बिक्री में 19.6 फीसदी की गिरावट का असर कारोबार पर पड़ा. हालांकि, Creta और Venue जैसे SUV मॉडल की बिक्री 7.6 फीसदी बढ़ी, लेकिन इससे कुल प्रदर्शन में ज्यादा सुधार नहीं हो सका.
कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू लगभग स्थिर रहा और 15,865.3 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. वहीं, प्रति वाहन औसत रियलाइजेशन 2.3 फीसदी घट गया. बढ़ती लागत का असर Hyundai के मुनाफे पर भी दिखाई दिया. कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन घटकर 9.1 फीसदी रह गया, जबकि शुद्ध मुनाफा 34 फीसदी गिरकर 883.1 करोड़ रुपये पर आ गया.
किस कंपनी की Return on Equity सबसे बेहतर
Return on Equity (RoE) के मामले में Hyundai Motor India सबसे आगे रही. कंपनी का RoE 30.3 फीसदी रहा. इसके बाद Mahindra & Mahindra का RoE 23.1 फीसदी और Maruti Suzuki India का RoE 14.5 फीसदी दर्ज किया गया. इससे पता चलता है कि पूंजी के इस्तेमाल के मामले में Hyundai Motor India फिलहाल सबसे अधिक बेहतर बनी हुई है.
कैसा है शेयर का हाल
अगर शेयर की बात करें, तो सोमवार को Maruti Suzuki India का शेयर 0.57 फीसदी गिरकर 14,153 रुपये पर ट्रेड कर रहा है. वहीं, Mahindra & Mahindra का शेयर 0.01 फीसदी गिरकर 3,398 रुपये और Hyundai Motor India का शेयर 1.71 फीसदी बढ़कर 2,218 रुपये पर ट्रेड कर रहा है.
यह भी पढ़ें: RBI फिर नहीं बदलेगा Repo Rate? MPC बैठक से पहले अर्थशास्त्रियों ने लगाया बड़ा अनुमान
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
₹20 से कम के इस स्टॉक में सोमवार को आई तेजी, Liberia सरकार के साथ MoU किया साइन; 5 साल में 309% उछला शेयर
FII ने बदला रुख, AI ट्रेड से पैसा निकला, Nifty 25,000 की तैयारी में? इन 4 सेक्टर में दिख सकता है मोमेंटम!
शेयर बाजार में आज से बदल गया आखिरी आधे घंटे का नियम, अब 3:15, 3:30 और 3:40 बजे क्या होगा?
