17 दिन में 149 से 455 रुपये पहुंचा यह डिफेंस स्टॉक, 143% तक उछले शेयर, सरकारी स्कीम से मिल रहा बूस्ट

डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर की कंपनी मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड का शेयर इन दिनों निवेशकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. महज 17 दिनों में इसने 149 रुपये के आईपीओ प्राइस से बढ़कर 455 रुपये का स्तर छू लिया और 143 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया. आइए जानते हैं इस तेजी के पीछे की बड़ी वजह और कंपनी के कारोबार की पूरी कहानी.

Defence Stock Image Credit: Canva/ Money9

Defence Stocks : शेयर बाजार में इन दिनों एक ऐसा डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर का शेयर चर्चा में है, जिसने महज 17 दिनों में निवेशकों की किस्मत बदल दी. 149 रुपये के आईपीओ प्राइस से शुरू हुआ यह शेयर 456 रुपये तक पहुंच गया और 143 फीसदी का दमदार रिटर्न दे दिया. आखिर क्या है इस तेजी की वजह और क्यों इस कंपनी पर निवेशकों की नजरें टिकी हैं, आइए जानते हैं.

आईपीओ के बाद लगातार दौड़ रहा शेयर

Merritronix लिमिटेड का आईपीओ जून में 149 रुपये प्रति शेयर के अपर प्राइस पर आया था. लिस्टिंग के दिन कंपनी का शेयर 283 रुपये पर खुला, जो इश्यू प्राइस से करीब 90 फीसदी अधिक था. इसके बाद शेयर में लगातार खरीदारी बनी रही और 24 जून को यह 456 रुपये पर बंद हुआ. यानी महज 17 दिनों में इसने आईपीओ प्राइस से करीब 143 फीसदी का रिटर्न दिया. इस दौरान शेयर का ऑल टाइम हाई 473.95 रुपये तक पहुंच गया.

आईपीओ को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स

मेरिट्रोनिक्स के आईपीओ को निवेशकों का शानदार समर्थन मिला. यह इश्यू कुल 220.98 गुना सब्सक्राइब हुआ. रिटेल निवेशकों ने इसे 297.67 गुना, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने 224.91 गुना और नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों (NII) ने 476.59 गुना सब्सक्राइब किया. इससे साफ है कि कंपनी में निवेशकों का भरोसा काफी मजबूत रहा.

डिफेंस-एयरोस्पेस सेक्टर में करती है काम

मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग (ESDM) सेक्टर की कंपनी है. यह डिफेंस, एयरोस्पेस, टेलीकॉम और औद्योगिक क्षेत्रों के लिए हाई-रिलायबिलिटी और मिशन-क्रिटिकल इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम तैयार करती है. कंपनी केवल उत्पाद बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजाइन से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक की पूरी सेवाएं अपने ग्राहकों को उपलब्ध कराती है. इसका बिजनेस मॉडल मुख्य रूप से B2B है.

‘मेक इन इंडिया’ से मिल रहा कारोबार को बढ़ावा

देश में रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा देने पर सरकार का लगातार जोर है. ‘मेक इन इंडिया’ और रक्षा स्वदेशीकरण जैसी नीतियों से इस सेक्टर की कंपनियों के लिए नए अवसर बन रहे हैं. बढ़ती मांग और सरकारी समर्थन का फायदा मेरिट्रोनिक्स जैसी कंपनियों को मिलता दिखाई दे रहा है, जिसकी झलक इसके शेयर की तेज रफ्तार में भी देखने को मिल रही है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.

Loading...
Unable to load recommendations.