Nestle India ने किया स्पेशल डिविडेंड का ऐलान, 386 करोड़ रुपये बांटेगी कंपनी; जानें रिकॉर्ड डेट
Nestle India ने अपने शेयरधारकों के लिए 2 रुपये प्रति शेयर स्पेशल डिविडेंड का ऐलान किया है. कंपनी ने फाइनल डिविडेंड के साथ कुल 386 करोड़ रुपये बांटने का फैसला किया है. 10 जुलाई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है, जबकि डिविडेंड का भुगतान 30 जुलाई को होगा.

Nestle India: FMCG सेक्टर की दिग्गज कंपनी Nestle India ने अपने शेयरधारकों के लिए स्पेशल डिविडेंड का ऐलान किया है. कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने वित्त वर्ष 2026 के फाइनल डिविडेंड के साथ 2 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का स्पेशल डिविडेंड देने को मंजूरी दी है. कंपनी इस डिविडेंड के जरिए अपने निवेशकों को करीब 386 करोड़ रुपये लौटाएगी. कंपनी ने 10 जुलाई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. वहीं, डिविडेंड का भुगतान 30 जुलाई 2026 को किया जाएगा.
क्या होता है स्पेशल डिविडेंड
स्पेशल डिविडेंड एक बार दिया जाने वाला डिविडेंड होता है. कंपनियां आमतौर पर तब इसका ऐलान करती हैं, जब उनके पास अतिरिक्त नकदी होती है. यह नियमित डिविडेंड से अलग होता है और इसका मतलब यह नहीं होता कि भविष्य में भी कंपनी इसी स्तर का अतिरिक्त डिविडेंड देती रहेगी. Nestle India यह डिविडेंड चालू वित्त वर्ष के मुनाफे से नहीं, बल्कि अपने रिटेन्ड अर्निंग्स से देगी. 31 मार्च 2026 तक कंपनी की रिटेन्ड अर्निंग्स करीब 5,116 करोड़ रुपये थीं.
निवेशकों के लिए क्यों अहम है यह घोषणा?
विशेषज्ञों के अनुसार, यह फैसला दिखाता है कि Nestle India अपने शेयरधारकों को बेहतर रिटर्न देने के साथ-साथ पूंजी का संतुलित इस्तेमाल भी कर रही है. कंपनी के पास भविष्य के विस्तार और निवेश के लिए पर्याप्त वित्तीय क्षमता बनी हुई है. ऐसे में अतिरिक्त नकदी का एक हिस्सा निवेशकों को लौटाना उसके मजबूत कैश फ्लो और बेहतर कैपिटल एलोकेशन का संकेत माना जा रहा है. लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह घोषणा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि Nestle India लगातार डिविडेंड और अन्य कॉरपोरेट एक्शन के जरिए शेयरधारकों को फायदा पहुंचाती रही है.
चौथी तिमाही में शानदार प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा. कंपनी का रेवेन्यू फ्रॉम ऑपरेशंस सालाना आधार पर 22.6 फीसदी बढ़कर 6,748 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 5,504 करोड़ रुपये था. वहीं, तिमाही आधार पर भी रेवेन्यू में 19.1 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई.
कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट भी 27.7 फीसदी बढ़कर 1,772 करोड़ रुपये हो गया. इसके साथ ही ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन (OPM) बढ़कर 26 फीसदी पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 25 फीसदी और पिछली तिमाही में 21 फीसदी था.
मुनाफा और EPS में भी शानदार बढ़ोतरी
Nestle India का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 25.9 फीसदी बढ़कर 1,114 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, अर्निंग्स पर शेयर (EPS) भी 4.59 रुपये से बढ़कर 5.78 रुपये हो गया. कंपनी की बैलेंस शीट भी मजबूत बनी हुई है. उसके पास 1,341 करोड़ रुपये की नकदी और नकदी समकक्ष (कैश एंड कैश इक्विवेलेंट्स) मौजूद हैं.
इसके अलावा कंपनी का डेट-टू-इक्विटी रेशियो केवल 0.08 है, जो बेहद कम माना जाता है. वहीं, रिटर्न ऑन कैपिटल एम्प्लॉयड (ROCE) 84.1 फीसदी और रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) 73.2 फीसदी रहा. अगर शेयर की बात करें, तो शुक्रवार के कारोबार में कंपनी का शेयर 0.94 फीसदी की बढ़त के साथ 1,459 रुपये पर पहुंच गया.
यह भी पढ़ें: Knack Packaging IPO पर टूट पड़े निवेशक, 83 गुना से ज्यादा हुआ सब्सक्राइब; अब GMP पर टिकी नजर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.