6% से ज्यादा उछला ये FMCG स्टॉक, दमदार Q3 नतीजे से आई रैली; कंपनी ने डिविडेंड का भी किया ऐलान

इस FMCG कंपनी ने Q4 FY26 में मजबूत नतीजे पेश करते हुए निवेशकों को खुश कर दिया है. कंपनी का मुनाफा और रेवेन्यू दोनों ही डबल डिजिट ग्रोथ के साथ बढ़े, जबकि 5 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान अतिरिक्त आकर्षण रहा. शानदार प्रदर्शन के बाद शेयर में 6 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली, जिससे यह FMCG सेक्टर में फिर चर्चा में आ गया.

दौड़ गए शेयर Image Credit: @Money9live

Nestle Q4 Result and Dividend: FMCG दिग्गज Nestle India ने मार्च तिमाही (Q4 FY26) के नतीजों से बाजार को खुश कर दिया है. मजबूत कमाई, डबल डिजिट ग्रोथ और डिविडेंड के ऐलान ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, जिसका असर शेयर पर साफ दिखा. रिजल्ट्स आते ही कंपनी का स्टॉक इंट्राडे में 6 फीसदी से ज्यादा उछल गया और BSE पर करीब 1,367 रुपये के स्तर तक पहुंच गया.

कैसा है तिमाही नतीजा?

कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर करीब 26 फीसदी बढ़कर 1,114 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 885 करोड़ रुपये था. यह आंकड़ा बाजार के अनुमान से भी काफी बेहतर रहा, जिससे निवेशकों का उत्साह और बढ़ा. वहीं, कंपनी की रेवेन्यू भी लगभग 23 फीसदी की मजबूती के साथ 6,748 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जो एक साल पहले 5,504 करोड़ रुपये थी.

Nestle के इस शानदार प्रदर्शन के पीछे सबसे बड़ा कारण रहा मजबूत डिमांड और वॉल्यूम ग्रोथ. कंपनी ने डबल डिजिट वॉल्यूम ग्रोथ दर्ज की, जिसे सपोर्ट मिला विज्ञापन खर्च में 50 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी से. इसके बावजूद Nestle ने 26.3 फीसदी का हेल्दी EBITDA मार्जिन बनाए रखा, जो ऑपरेशनल मजबूती को दिखाता है.

डिविडेंड का भी ऐलान

कंपनी ने अपने शेयरधारकों को भी निराश नहीं किया और 5 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड घोषित किया है. यह डिविडेंड वित्त वर्ष 2025-26 के लिए दिया जाएगा, जिससे निवेशकों को अतिरिक्त रिटर्न का फायदा मिलेगा.

कंसोलिडेटेड आंकड़ें?

अगर कंसोलिडेटेड आंकड़ों की बात करें, तो इस FMCG का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स 27 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 1,110.9 करोड़ रुपये हो गया, जबकि रेवेन्यू भी करीब 23 फीसदी की ग्रोथ के साथ 6,748 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. यह लगातार मजबूत प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि Nestle अपने बिजनेस मॉडल और ब्रांड स्ट्रेंथ के दम पर बाजार में पकड़ बनाए हुए है.

यह भी पढ़ें- मिड कैप IT कंपनियां करेंगी जोरदार प्रदर्शन, ब्रोकरेज ने दी शेयरों पर दांव लगाने की सलाह; जानें- टारगेट प्राइस

शेयर का प्रदर्शन?

दोपहर 3 बजे तक, स्टॉक का भाव 6.65 फीसदी की तेजी के साथ 1372 रुपये पर ट्रेड कर रहा है. इसी तेजी के साथ कंपनी ने अपने 52 वीक हाई का स्तर भी छू लिया है. स्टॉक में दमदार वॉल्यूम भी दर्ज किया जा रहा है. स्टॉक के प्रदर्शन की बात करें तो पिछले महीने भर में स्टॉक का भाव 15 फीसदी से ज्यादा उछला है. वहीं, 3 साल के दौरान इसमें 33 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई. कंपनी का मार्केट कैप 2,48,251 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.