NSDL Q4 Results: 30 अप्रैल को आएंगे नतीजे, 8.5% चढ़े शेयर के बीच डिविडेंड का बड़ा संकेत, जानें मौजूदा कीमत
Q4 नतीजों के बीच NSDL पर निवेशकों की नजर टिकी है. कंपनी 30 अप्रैल को रिजल्ट जारी करेगी और साथ ही फाइनल डिविडेंड पर फैसला भी ले सकती है. हाल में शेयर में तेजी दिखी है, लेकिन लंबी अवधि का प्रदर्शन अभी भी दबाव में है.
शेयर बाजार में Q4 नतीजों का सीजन अब तेज़ हो चुका है और इसके साथ ही निवेशकों की नजर उन कंपनियों पर टिक गई है जो अपने नतीजों के साथ शेयरधारकों को कुछ अतिरिक्त फायदा भी दे सकती हैं. इसी कड़ी में अब फोकस में है नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL). पिछले साल बाजार में लिस्ट हुई इस कंपनी के मार्च तिमाही के नतीजे जल्द आने वाले हैं और खास बात यह है कि इस बार कंपनी की ओर से डिविडेंड का ऐलान भी हो सकता है.
डिविडेंड पर टिकी नजर
इस बार NSDL के नतीजे इसलिए खास माने जा रहे हैं क्योंकि कंपनी ने संकेत दिया है कि वह फाइनल डिविडेंड पर विचार कर सकती है. 9 अप्रैल को जारी फाइलिंग में कंपनी ने कहा कि 31 मार्च 2026 को खत्म हुए वित्त वर्ष के लिए इक्विटी शेयरों पर फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की जा सकती है. हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी, जो आगामी 14वीं सालाना आम बैठक (AGM) में ली जाएगी. अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को इस साल दूसरी बार डिविडेंड का फायदा मिल सकता है.
कब आएंगे नतीजे?
कंपनी के अनुसार, NSDL का बोर्ड 30 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को बैठक करेगा. इस बैठक में मार्च तिमाही और पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड नतीजों को मंजूरी दी जाएगी. हालांकि, नतीजों का समय अभी तय नहीं है, लेकिन पिछले ट्रेंड को देखें तो कंपनी ने पिछली तिमाही के नतीजे शाम करीब 6:45 बजे जारी किए थे. इस बार भी इसी समय के आसपास घोषणा होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: 10 साल में 1 करोड़ बनाने के लिए हर महीने कितना निवेश करें, जानिए पूरा SIP प्लान
IPO और बाजार में एंट्री
NSDL ने अगस्त 2025 में शेयर बाजार में कदम रखा था. कंपनी का IPO करीब 4,011 करोड़ रुपये का था, जिसे निवेशकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला. इश्यू प्राइस 800 रुपये तय किया गया था, जबकि लिस्टिंग 880 रुपये पर हुई थी. भारत में NSDL, CDSL के साथ मिलकर प्रमुख डिपॉजिटरी सेवाएं प्रदान करती है, जो निवेशकों के शेयरों को इलेक्ट्रॉनिक रूप में सुरक्षित रखने का काम करती हैं.
कंपनी ने नियामकीय नियमों का पालन करते हुए 1 अप्रैल 2026 से ट्रेडिंग विंडो बंद कर दी है. इसका मतलब है कि कंपनी से जुड़े अधिकारी और उनके करीबी लोग नतीजों की घोषणा तक शेयरों में खरीद-बिक्री नहीं कर सकते.
शेयर का प्रदर्शन
अगर शेयर के प्रदर्शन की बात करें तो पिछले 5 दिनों में NSDL के शेयर में करीब 8.5% की तेजी आई है. हालांकि, लंबी अवधि में तस्वीर थोड़ी कमजोर दिखती है. पिछले 6 महीनों में शेयर करीब 22% गिरा है, जबकि 2026 की शुरुआत से अब तक इसमें करीब 13% की गिरावट दर्ज की गई है. कंपनी के शेयर मौजूदा वक्त में 926 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: शुक्रवार को बुरी तरह टूटा बाजार, सेंसेक्स 931 अंक गिरा, निफ्टी 23800 के नीचे बंद; इन वजहों से बिगड़ा सेंटीमेंट!
ऐसे में अब निवेशकों की नजर 30 अप्रैल पर टिकी है, जहां नतीजों के साथ डिविडेंड का फैसला इस शेयर की आगे की दिशा तय कर सकता है.
Latest Stories
Adani Power vs Tata Power: पावर सेक्टर के दो दिग्गज आमने-सामने, लॉन्ग-टर्म में कौन बनेगा असली चैंपियन?
Q4 में IndiGo को तगड़ा झटका, ₹3068 करोड़ के मुनाफे से ₹2536 करोड़ के घाटे में पहुंची कंपनी
10 साल में 45% CAGR से बढ़ा मुनाफा, क्या यह स्मॉल कैप बन सकता है अगला मल्टीबैगर? 39 देशों में फैला कारोबार
