NSE ने लॉन्च किया Nifty500 Ahimsa Index, अब पशु-अनुकूल कंपनियों में होगा निवेश, जानें क्यों खास है यह इंडेक्स

भारतीय शेयर बाजार में अब निवेशकों को नैतिक और जिम्मेदार कारोबार करने वाली कंपनियों में निवेश का नया विकल्प मिलेगा. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने Nifty500 Ahimsa Index लॉन्च किया है, जिसमें केवल उन कंपनियों को शामिल किया जाएगा जो अहिंसा के सिद्धांतों का पालन करती हैं और जिनकी कारोबारी गतिविधियों से पशुओं को नुकसान नहीं पहुंचता. यह इंडेक्स जिम्मेदार निवेश को बढ़ावा देगा.

Nifty500 Ahimsa Index Image Credit: Canva/ Money9

Nifty500 Ahimsa Index : भारतीय शेयर बाजार में अब निवेशकों के लिए एक नया विकल्प उपलब्ध हो गया है. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की सहयोगी कंपनी NSE Indices Ltd. ने Nifty500 Ahimsa Index लॉन्च किया है. इस इंडेक्स का उद्देश्य ऐसी कंपनियों को बढ़ावा देना है, जिनके कारोबार और उत्पाद अहिंसा के सिद्धांतों के अनुरूप हों और जिनकी गतिविधियों से पशुओं को नुकसान न पहुंचता हो.

अहिंसा के सिद्धांत पर चुनी जाएंगी कंपनियां

Nifty500 Ahimsa Index को Ahimsagain Foundation के साथ मिलकर तैयार किया गया है. इसमें कंपनियों का मूल्यांकन Ahimsa Investment Movement (AIM) फ्रेमवर्क के आधार पर किया जाता है. इस प्रक्रिया में कंपनियों को ग्रीन, ऑरेंज और रेड तीन श्रेणियों में बांटा जाता है. इंडेक्स में केवल ग्रीन श्रेणी की कंपनियों को जगह मिलेगी, जबकि ऑरेंज और रेड श्रेणी की कंपनियां इसमें शामिल नहीं होंगी. इससे निवेशकों को ऐसी कंपनियों में निवेश करने का मौका मिलेगा, जो जिम्मेदार और नैतिक कारोबारी तरीकों को अपनाती हैं.

ETF और इंडेक्स फंड के लिए बनेगा नया बेंचमार्क

एनएसई के अनुसार, यह इंडेक्स भविष्य में एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF), इंडेक्स फंड और अन्य पैसिव निवेश उत्पादों के लिए बेंचमार्क का काम करेगा. इसकी मदद से ऐसे निवेशकों को फायदा होगा, जो आर्थिक लाभ के साथ-साथ सामाजिक और नैतिक मूल्यों को भी महत्व देते हैं. साथ ही, Nifty 500 के अलग-अलग सेक्टरों की कंपनियों को इसमें प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे निवेश में विविधता भी बनी रहेगी.

हर छह महीने में होगी समीक्षा

Nifty500 Ahimsa Index की बेस डेट 1 अप्रैल 2016 और बेस वैल्यू 1000 रखी गई है. इसमें शामिल कंपनियों की समीक्षा और पुनर्गठन हर छह महीने में की जाएगी. प्रत्येक कंपनी का वेटेज उसके फ्री-फ्लोट मार्केट कैपिटलाइजेशन के आधार पर तय होगा. गौरतलब है कि इससे पहले 19 जून 2026 को बीएसई ने भी BSE Saatvik 100 इंडेक्स लॉन्च किया था, जो नैतिक और मूल्य-आधारित सिद्धांतों का पालन करने वाली 100 कंपनियों को ट्रैक करता है.

यह भी पढ़ें: इस वॉटर ट्रीटमेंट कंपनी को मिला ₹503 करोड़ का टेंडर, 1 महीने में 41% उछले शेयर, रखें नजर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.