ONGC Vs Oil India: किस ऑयल कंपनी में ज्यादा दम, ग्रोथ वैल्यूएशन और रिटर्न में किसका पलड़ा भारी
ONGC और Oil India भारत की प्रमुख ऑयल कंपनियां हैं जिनका प्रदर्शन अलग अलग पहलुओं में मजबूत है. ONGC स्केल और प्रॉफिट ग्रोथ में आगे है, जबकि Oil India रेवेन्यू ग्रोथ और रिटर्न रेशियो में बेहतर दिखती है. वैल्यूएशन के लिहाज से ONGC सस्ता नजर आता है. दोनों कंपनियां भविष्य के लिए बड़े निवेश और विस्तार योजनाओं पर काम कर रही हैं.

ONGC Vs Oil India: भारत जैसे देश में तेल केवल एक जरूरत नहीं बल्कि आर्थिक मजबूती का आधार भी है. ऐसे में ऑयल सेक्टर के स्टॉक्स निवेशकों के लिए हमेशा अट्रैक्शन का सेंटर रहते हैं. ONGC और Oil India देश की दो बड़ी सरकारी कंपनियां हैं जो तेल और गैस प्रोडक्शन में अहम भूमिका निभाती हैं. दोनों का बिजनेस एक जैसा दिखता है लेकिन इनके फाइनेंशियल और ग्रोथ प्रोफाइल में फर्क है. निवेश से पहले इन दोनों की तुलना समझना जरूरी है. आइए जानते हैं कौन सा स्टॉक बेहतर नजर आता है.
बिजनेस और स्केल में ONGC आगे
ONGC देश की सबसे बड़ी तेल और गैस प्रोडक्शन कंपनी है और भारत के कुल क्रूड प्रोडक्शन का 70 से 75 फीसदी हिस्सा देती है. इसका इंटरनेशनल बिजनेस ONGC Videsh के जरिए चलता है. वहीं Oil India दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है और इसका योगदान करीब 11 फीसदी है. ONGC का स्केल और नेटवर्क ज्यादा बड़ा है जिससे इसे मजबूत बाजार स्थिति मिलती है. हालांकि Oil India भी अपने बिजनेस को तेजी से बढ़ा रही है और कई सेक्टर में मौजूद है.
रेवेन्यू ग्रोथ में Oil India आगे
अगर रेवेन्यू ग्रोथ की बात करें तो Oil India ने बेहतर प्रदर्शन किया है. कंपनी की 5 साल की ग्रोथ 12 फीसदी और 3 साल की ग्रोथ 10 फीसदी रही है. वहीं ONGC की 5 साल की ग्रोथ 9 फीसदी और 3 साल की ग्रोथ 8 फीसदी है. Oil India ने लगातार निवेश कर प्रोडक्शन को स्थिर बनाए रखा है. इस वजह से रेवेन्यू ग्रोथ के मामले में Oil India थोड़ी आगे नजर आती है.
प्रॉफिट ग्रोथ में ONGC का दबदबा
प्रॉफिट ग्रोथ के मामले में ONGC ने बेहतर प्रदर्शन किया है. पिछले 5 साल में कंपनी का मुनाफा 27 फीसदी की दर से बढ़ा है. यह ग्रोथ इसकी सब्सिडियरी कंपनियों के अच्छे प्रदर्शन के कारण संभव हुई है. वहीं Oil India का प्रॉफिट ग्रोथ करीब 7 फीसदी रहा है. इस तरह मुनाफे के मामले में ONGC ज्यादा मजबूत दिखती है.
रिटर्न रेशियो में Oil India बेहतर
रिटर्न के मामले में Oil India थोड़ी बढ़त बनाती है. कंपनी का औसत ROE 19 फीसदी और ROCE 17 फीसदी रहा है. वहीं ONGC का ROE करीब 14 फीसदी और ROCE 16 फीसदी है. इसका मतलब है कि Oil India अपने निवेश पर बेहतर रिटर्न दे रही है. लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए यह एक पॉजिटिव संकेत है.
ये भी पढ़ें- इस कंपनी को मिले अरबों के ऑर्डर, दिख सकता शेयरों में एक्शन, FIIs-म्यूचुअल फंड का भी लगा पैसा; भाव ₹100 से कम
वैल्यूएशन में ONGC सस्ता विकल्प
ONGC का PE रेशियो करीब 9.5 है जो Oil India के 13.4 से कम है. इससे ONGC सस्ता यानी अंडरवैल्यूड नजर आता है. ONGC का PB भी कम है और डिविडेंड यील्ड 4 से 6 फीसदी के बीच है. Oil India का वैल्यूएशन थोड़ा महंगा है लेकिन डिविडेंड 4 से 7 फीसदी तक मिलता है. वैल्यू निवेशकों के लिए ONGC ज्यादा आकर्षक हो सकता है.
ग्रोथ प्लान में दोनों कंपनियां एक्टिव
ONGC डीप वॉटर ड्रिलिंग और रिन्यूएबल एनर्जी में निवेश बढ़ा रही है. कंपनी ने विंड एनर्जी प्रोजेक्ट्स भी जोड़े हैं. वहीं Oil India इंटरनेशनल एक्सपेंशन और रिफाइनरी सेक्टर में निवेश कर रही है. साथ ही नई टेक्नोलॉजी जैसे कार्बन कैप्चर पर काम कर रही है. दोनों कंपनियां भविष्य की ग्रोथ के लिए मजबूत प्लान बना रही हैं.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.