रेलवे कवच स्टॉक में करेक्शन, 2 दिन में 4 फीसदी टूटा, दे चुका है 110 फीसदी का रिटर्न; जानें वजह
रेलवे कवच सिस्टम की प्रमुख कंपनी Kernex Microsystems India के शेयरों में तेज रैली के बाद मुनाफावसूली देखने को मिल रही है. कंपनी का शेयर पिछले दो कारोबारी सत्रों में करीब 4 फीसदी टूट गया है, हालांकि पिछले तीन महीनों में इसने निवेशकों को 110 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है.

Kernex Microsystems India: भारतीय रेलवे की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए सरकार जिस कवच सिस्टम के विस्तार पर लगातार जोर दे रही है, उससे जुड़ी कंपनियों के शेयरों में पिछले कुछ महीनों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है. हालांकि, अब इस सेक्टर के कुछ शेयरों में मुनाफावसूली भी शुरू हो गई है. रेलवे कवच सेगमेंट की प्रमुख कंपनी Kernex Microsystems India के शेयर शुक्रवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में दबाव में रहे.
शेयर में गिरावट
कंपनी का शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 3 फीसदी की गिरावट के साथ 1,994 रुपये पर कारोबार करता दिखा. पिछले दो कारोबारी सत्रों में शेयर करीब 4 फीसदी तक टूट चुका है. हालांकि, हालिया गिरावट के बावजूद कंपनी का प्रदर्शन पिछले कुछ महीनों में बेहद शानदार रहा है.
तीन महीने में 110 फीसदी का रिटर्न
Kernex Microsystems Railway कवच थीम से जुड़ी सबसे चर्चित कंपनियों में शामिल रही है. आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के शेयर ने पिछले तीन महीनों में निवेशकों को करीब 110 फीसदी का रिटर्न दिया है. इस दौरान Benchmark Index Sensex में केवल 3.21 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई.
यानी कंपनी का प्रदर्शन व्यापक बाजार की तुलना में कई गुना बेहतर रहा है. इतना ही नहीं, पिछले एक महीने में ही शेयर करीब 50 फीसदी तक चढ़ चुका है. तेज रैली के बाद अब निवेशक मुनाफावसूली करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे शेयर पर दबाव देखने को मिल रहा है.
क्या है रेलवे कवच सिस्टम
कवच भारतीय रेलवे द्वारा विकसित एक स्वदेशी ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम है. इसका उद्देश्य ट्रेन दुर्घटनाओं को रोकना और रेल संचालन को अधिक सुरक्षित बनाना है. यह तकनीक लोको पायलट को निर्धारित गति सीमा के भीतर ट्रेन संचालित करने में मदद करती है. यदि किसी कारणवश ट्रेन निर्धारित गति से अधिक चलती है या टक्कर जैसी स्थिति बनती है, तो यह सिस्टम स्वतः ब्रेक लगा सकता है. खराब मौसम और कम विजिबिलिटी की स्थिति में भी यह ट्रेन संचालन को सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभाता है.
यह भी पढ़ें: FII मेहरबान… 6 महीने में पैसा डबल! अब 3 दिन में 28% तक चढ़ा यह डिफेंस शेयर, इस सरकारी स्कीम से मिला बूस्ट
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.