MTF ट्रेडर्स को राहत! बुधवार को Angel One-BSE जैसे शेयरों में दिखेगी हलचल! जानें क्या है पूरी खबर
जब फरवरी में ये नियम घोषित किए गए थे, तब बाजार ने नेगेटिव रिएक्शन दिया था. BSE का शेयर करीब 7 प्रतिशत गिरा था, जबकि Angel One सहित अन्य ब्रोकिंग कंपनियों में भी कमजोरी देखने को मिली थी. कैपिटल मार्केट से जुड़े कई शेयरों में 2 से 10 प्रतिशत तक गिरावट आई थी.
शेयर बाजार से जुड़े निवेशकों और खासकर MTF (Margin Trading Facility) इस्तेमाल करने वालों के लिए राहत की खबर है. Reserve Bank of India ने कैपिटल मार्केट से जुड़े नए सख्त नियमों को लागू करने की तारीख आगे बढ़ा दी है. अब ये नियम 1 अप्रैल की बजाय 1 जुलाई 2026 से लागू होंगे, जिससे ब्रोकर्स और ट्रेडर्स दोनों को करीब 3 महीने की राहत मिल गई है. इस खबर से Angel One, BSE जैसे शेयरों में बुधवार को हलचल देखने को मिल सकती है.
क्या है राहत की वजह
इस फैसले से ब्रोकर्स और MTF ट्रेडर्स को तुरंत राहत मिली है क्योंकि फिलहाल वे 50 प्रतिशत मार्जिन के साथ बैंक गारंटी का इस्तेमाल जारी रख सकेंगे. अगर ये नियम अप्रैल से लागू हो जाते तो ब्रोकर्स की लागत बढ़ जाती, जिसका असर सीधे ट्रेडर्स पर पड़ता. ऐसे में ब्रोकरेज चार्ज बढ़ सकते थे और मार्जिन की जरूरत भी ज्यादा हो सकती थी, जिससे ट्रेडिंग महंगी हो जाती.
बाजार में पहले से दबाव
इस समय बाजार में पहले से ही काफी उतार-चढ़ाव बना हुआ है और इसकी एक बड़ी वजह ईरान से जुड़ा तनाव भी है. ऐसे माहौल में नियमों का टलना बाजार के लिए एक राहत की तरह देखा जा रहा है, जिससे निवेशकों की घबराहट कुछ कम हो सकती है.
क्या बदलेगा नए नियमों में
हालांकि नियमों की तारीख आगे बढ़ी है, लेकिन उनके असर में कोई बदलाव नहीं किया गया है. नए नियमों के तहत प्रोप ट्रेडिंग के लिए 100 प्रतिशत कोलेटरल जरूरी होगा. साथ ही ब्रोकर्स को अपने अकाउंट पर शेयर खरीदने के लिए बैंक से फंडिंग नहीं मिलेगी. ज्यादातर लोन को पूरी तरह कोलैटरल से कवर करना होगा, जिसमें कैश का हिस्सा भी जरूरी रहेगा. इन नियमों का मकसद बैंक के फंड का गलत इस्तेमाल रोकना है.
ब्रोकिंग कंपनियों पर असर
जब फरवरी में ये नियम घोषित किए गए थे, तब बाजार ने नेगेटिव रिएक्शन दिया था. BSE का शेयर करीब 7 प्रतिशत गिरा था, जबकि Angel One सहित अन्य ब्रोकिंग कंपनियों में भी कमजोरी देखने को मिली थी. कैपिटल मार्केट से जुड़े कई शेयरों में 2 से 10 प्रतिशत तक गिरावट आई थी. माना जा रहा है कि इन नियमों से ब्रोकिंग और एक्सचेंज कंपनियों की कमाई पर दबाव पड़ सकता है और एक अनुमान के मुताबिक BSE की कमाई पर करीब 10 प्रतिशत तक असर पड़ सकता है.
एक्सपर्ट क्या कह रहे हैं?
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि नियमों का टलना शॉर्ट टर्म में पॉजिटिव है, लेकिन नियमों के मूल स्वरूप में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है. इसलिए आगे चलकर ब्रोकिंग इंडस्ट्री पर दबाव देखने को मिल सकता है और कंपनियों के मार्जिन प्रभावित हो सकते हैं.
कल किन शेयरों पर नजर
1 अप्रैल को बाजार खुलने पर BSE, Angel One और अन्य कैपिटल मार्केट से जुड़ी कंपनियों के शेयरों पर खास नजर रहेगी क्योंकि इस खबर का सीधा असर इन्हीं पर पड़ने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें- इस कंपनी को मिले 5 नए ऑर्डर, शेयरों ने दिया बंपर रिटर्न! आशीष कचोलिया ने भी लगाया पैसा
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
