₹525 करोड़ की डील से चमका महिंद्रा की इस कंपनी का शेयर, एक झटके में 20% उछलकर लगा अपर सर्किट
महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) ने अपने ट्रक और बस कारोबार को 525 करोड़ रुपये में अपनी सहायक कंपनी SML Mahindra को बेचने का फैसला किया है. इस घोषणा के बाद SML Mahindra का शेयर 20 फीसदी के अपर सर्किट पर पहुंच गया. कंपनी का कहना है कि इससे कमर्शियल व्हीकल कारोबार को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाकर संचालन अधिक मजबूत होगा.

SML Mahindra Share Price: महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के बोर्ड ने अपने ट्रक और बस कारोबार को 525 करोड़ रुपये में सहायक कंपनी SML Mahindra को बेचने की मंजूरी दे दी है. इस फैसले के बाद 29 जुलाई को SML Mahindra का शेयर 20% के अपर सर्किट के साथ 4,566 रुपये पर पहुंच गया. वहीं M&M का शेयर करीब 1.4% की गिरावट के साथ 3,226 रुपये पर कारोबार करता दिखा.
क्यों लिया गया यह फैसला?
कंपनी का कहना है कि इस सौदे का मकसद पूरे कमर्शियल व्हीकल कारोबार को एक ही कंपनी के तहत लाना है. इससे ट्रक और बस कारोबार का संचालन आसान होगा और बिजनेस को बढ़ाने में मदद मिलेगी. यह सौदा स्लंप सेल के आधार पर होगा, जिसमें कारोबार से जुड़े एसेट्स, कर्मचारी, लाइसेंस और देनदारियां SML Mahindra को ट्रांसफर की जाएंगी.
कब पूरी होगी डील?
525 करोड़ रुपये की यह डील वर्किंग कैपिटल एडजस्टमेंट के अधीन होगी. बिजनेस ट्रांसफर एग्रीमेंट 7 अगस्त 2026 तक साइन होने की उम्मीद है, जबकि सभी नियामकीय मंजूरियां मिलने के बाद 31 जनवरी 2027 तक सौदा पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है.
कंपनी के शेयर का हाल?
SML Mahindra Ltd का मार्केट कैप फिलहाल 6603 करोड़ रुपये है, जबकि कंपनी का मौजूदा शेयर भाव 4566 रुपये पर कारोबार कर रहा है. पिछले 52 हफ्तों में शेयर ने 5348 रुपये का हाई और 2700 रुपये का लो लेवल छुआ है. कंपनी का P/E रेशियो 42.2, बुक वैल्यू 359 रुपये और डिविडेंड यील्ड 0.52 फीसदी है. वहीं, ROCE 30.9%, ROE 35.4% और फेस वैल्यू 10 रुपये प्रति शेयर है.
SML Mahindra को क्या होगा फायदा?
M&M के मुताबिक, दोनों कारोबार के एक साथ आने से कंपनी को बड़ा प्रोडक्ट पोर्टफोलियो, ज्यादा बाजार पहुंच और बेहतर ऑपरेशनल एफिशिएंसी मिलेगी. साथ ही टेक्नोलॉजी, मैन्युफैक्चरिंग और कस्टमर सर्विस में भी तालमेल बढ़ेगा.
कितना बड़ा है यह कारोबार?
वित्त वर्ष 2025-26 में M&M के ट्रक और बस कारोबार से 2989 करोड़ रुपये की इनकम हुई थी, जो कंपनी की कुल ऑपरेटिंग इनकम का करीब 2.02 फीसदी है. 31 मार्च 2026 तक M&M की किताबों में इस कारोबार का मूल्य लगभग 481 करोड़ रुपये था.
इसे भी पढ़ें- आप पर पेनल्टी लगाकर बैंकों ने कमा लिए 26 हजार करोड़ रुपये, टॉप पर SBI; सरकार ने दी जानकारी
कारोबार ट्रांसफर होने के बाद भी M&M कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग व्यवस्था के तहत ट्रक और बसों का निर्माण जारी रखेगी. वहीं संयुक्त कमर्शियल व्हीकल बिजनेस की जिम्मेदारी SML Mahindra संभालेगी.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.