TCS का तोहफा! कंपनी ने 31 रुपये प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड का किया ऐलान, शेयर भी तेजी के साथ हुए बंद
9 अप्रैल को TCS का शेयर करीब 1.16 फीसदी की तेजी के साथ 2,589 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा था. पिछले एक हफ्ते में स्टॉक 7.51 प्रतिशत चढ़ा है, लेकिन पिछले तीन महीनों में 19.19 प्रतिशत और एक साल में करीब 21.38 फीसदी गिरा है.

देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी Tata Consultancy Services (TCS) ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 31 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड घोषित किया. कंपनी के बोर्ड ने मार्च तिमाही के नतीजों के साथ इस डिविडेंड को मंजूरी दी. लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए TCS का रिजल्ट सिर्फ ग्रोथ या मार्जिन का मामला नहीं होता, बल्कि यह भी देखना होता है कि कंपनी अपने शेयरधारकों को कितना कैश वापस कर रही है. आज के कारोबार में इसके शेयरों में तेजी देखने को मिली.
कब मिलेगा?
बोर्ड मीटिंग में कंपनी के डायरेक्टर्स ने यह प्रस्ताव रखा है कि हर 1 रुपये के फेस वैल्यू वाले शेयर पर 31 रुपये का फाइनल डिविडेंड दिया जाए. यह पैसा शेयरधारकों को कंपनी की 31वीं सालाना आम बैठक (AGM) खत्म होने के तीसरे दिन दिया जाएगा, लेकिन इसके लिए पहले शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी.
डिविडेंड का मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड
TCS ने पिछले एक दशक में डिविडेंड देने का शानदार रिकॉर्ड बनाया है. कंपनी लगभग हर तिमाही में डिविडेंड देती रही है, जिससे निवेशकों को नियमित इनकम मिलती रही है. जनवरी 2026 में इसने 46 रुपये का डिविडेंड दिया था.
पोस्ट कोविड के बाद बढ़ी रफ्तार
कोविड के बाद के सालों में TCS ने शेयरधारकों को ज्यादा रिटर्न देना शुरू किया. FY25 तक कंपनी का कुल सालाना डिविडेंड 170 रुपये प्रति शेयर से ज्यादा पहुंच गया, जिसमें रेगुलर और स्पेशल दोनों तरह के डिविडेंड शामिल हैं. FY26 में भी फाइनल डिविडेंड से पहले कंपनी 79 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दे चुकी है.
स्पेशल डिविडेंड से अलग पहचान
TCS की खास बात यह है कि कंपनी समय-समय पर स्पेशल डिविडेंड भी देती है. जब कंपनी के पास ज्यादा कैश होता है, तो वह इसे शेयरधारकों में बांट देती है.
लॉन्ग टर्म निवेशकों को बड़ा फायदा
अगर पिछले आंकड़ों को देखें, तो FY16 से अब तक TCS करीब 1,000 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दे चुकी है. इसका मतलब यह है कि लंबे समय के निवेशकों ने अपने शुरुआती निवेश का बड़ा हिस्सा सिर्फ डिविडेंड से ही वापस पा लिया है, जबकि शेयर प्राइस की बढ़त अलग से फायदा देती है.
स्टॉक परफॉर्मेंस
9 अप्रैल को TCS का शेयर करीब 1.16 फीसदी की तेजी के साथ 2,589 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा था. पिछले एक हफ्ते में स्टॉक 7.51 प्रतिशत चढ़ा है, लेकिन पिछले तीन महीनों में 19.19 प्रतिशत और एक साल में करीब 21.38 फीसदी गिरा है.
इसे भी पढ़ें- भारी डिस्काउंट पर मिल रहे ये 3 शेयर, कर्ज जीरो, लॉन्ग टर्म के लिए बन सकते हैं शानदार दांव!
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.