रिलायंस-अडानी नहीं, इन बड़ी कंपनियों का मार्केट कैप हुआ धड़ाम, जानें पूरी लिस्ट

पिछले सप्ताह शेयर बाजार में गिरावट के बीच टॉप-10 मूल्यवान कंपनियों में सात का मार्केट कैप 1.13 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा घट गया. भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे बड़ा नुकसान हुआ, जबकि TCS, ICICI बैंक और SBI फायदे में रहे.

शेयर बाजार

Highlights

  • टॉप-10 कंपनियों में सात का मार्केट कैप घटा
  • भारती एयरटेल और रिलायंस को सबसे ज्यादा नुकसान
  • TCS, ICICI बैंक और SBI के मार्केट कैप बढ़े

भारतीय शेयर बाजार में पिछले सप्ताह गिरावट का असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों पर भी देखने को मिला. सेंसेक्स की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से सात के बाजार पूंजीकरण में कुल 1.13 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की कमी आई. इनमें भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे बड़ा नुकसान हुआ.

सेंसेक्स और निफ्टी में भी गिरावट

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 276.32 अंक यानी 0.35 फीसदी गिरकर बंद हुआ. इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी 76.35 अंक यानी 0.31 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ. बाजार में आई इस कमजोरी का सीधा असर कई बड़ी कंपनियों के मार्केट कैप पर पड़ा.

भारती एयरटेल और रिलायंस को सबसे ज्यादा नुकसान

समीक्षाधीन सप्ताह में भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 40,500.85 करोड़ रुपये घटकर 11,74,462.30 करोड़ रुपये रह गया. वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 40,056.32 करोड़ रुपये कम होकर 17,38,119.27 करोड़ रुपये पर आ गया.

इस दौरान एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत में भी 11,558.35 करोड़ रुपये की कमी आई. बैंक का मार्केट कैप घटकर 11,09,600.70 करोड़ रुपये रह गया.

बजाज फाइनेंस और एलएंडटी का भी मार्केट कैप घटा

बजाज फाइनेंस के बाजार पूंजीकरण में 10,086.05 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 6,70,535.57 करोड़ रुपये रह गया. वहीं, लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का मार्केट कैप 6,473.45 करोड़ रुपये घटकर 5,55,987.49 करोड़ रुपये पर आ गया.

एलआईसी का मूल्यांकन भी 3,162.50 करोड़ रुपये घटकर 5,32,817.81 करोड़ रुपये रह गया. इसके अलावा हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार पूंजीकरण में 1,550.73 करोड़ रुपये की कमी आई और यह 4,72,361.83 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.

तीन कंपनियों को हुआ फायदा

बाजार की कमजोरी के बावजूद टॉप-10 में शामिल तीन कंपनियों के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हुई. टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का बाजार पूंजीकरण 16,643.20 करोड़ रुपये बढ़कर 8,48,079.71 करोड़ रुपये हो गया.

वहीं, ICICI बैंक की बाजार हैसियत 4,475.28 करोड़ रुपये बढ़कर 10,22,805.73 करोड़ रुपये पर पहुंच गई. SBI के मार्केट कैप में भी 599.99 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और यह 9,65,568.75 करोड़ रुपये रहा.

रिलायंस सबसे मूल्यवान कंपनी

मार्केट कैप के आधार पर रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है. इसके बाद भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा.

यह भी पढ़ें- डिलीवरी जॉब का क्रेज हुआ कम! पेट्रोल महंगा होते ही बदल गई वर्कर्स की पहली पसंद