₹4.13 लाख करोड़ का उछाल! इस हफ्ते HDFC Bank और ICICI Bank बने टॉप गेनर, Sensex 4,230 अंक चढ़ा

बीते हफ्ते शेयर बाजार में जोरदार तेजी के बीच टॉप-10 में से 8 कंपनियों की मार्केट वैल्यू ₹4.13 लाख करोड़ बढ़ी. HDFC Bank और ICICI Bank सबसे बड़े गेनर रहे. वहीं Sensex 4,230 अंक और Nifty 5.88% चढ़ा, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ.

मार्केट कैप Image Credit: AI/canva

Top 10 companies market cap: शेयर बाजार में बीते हफ्ते जबरदस्त तेजी देखने को मिली और इसका सीधा असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों की वैल्यूएशन पर भी पड़ा. टॉप-10 कंपनियों में से 8 की मार्केट कैप मिलाकर 4.13 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ गई. इस तेजी में खासतौर पर बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर आगे रहा, जहां HDFC Bank और ICICI Bank सबसे बड़े गेनर बनकर उभरे.

बाजार में जोरदार तेजी

पिछले हफ्ते BSE सेंसेक्स 4,230 अंक यानी करीब 5.77% चढ़ा, जबकि NSE निफ्टी में भी 1,337 अंकों (5.88%) की मजबूती आई. बाजार में यह तेजी वैश्विक संकेतों और बेहतर निवेश माहौल की वजह से देखने को मिली. Religare Broking के अजीत मिश्रा के मुताबिक, अमेरिका-ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम की खबर से बाजार में सकारात्मक माहौल बना, हालांकि भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं ने तेजी की रफ्तार को थोड़ा सीमित भी किया.

यह भी पढ़ें: PSU शिपबिल्डिंग कंपनी ने खरीदी श्रीलंका की सबसे बड़ी यूनिट, 1 हफ्ते में 9% उछाल, 52 वीक हाई से 45% नीचे, खरीद का मौका?

किन कंपनियों को हुआ सबसे ज्यादा फायदा

टॉप-10 कंपनियों में HDFC Bank ने सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की. इसकी मार्केट वैल्यू 91,282 करोड़ रुपये बढ़कर 12.47 लाख करोड़ रुपये हो गई. इसके बाद ICICI Bank का नंबर रहा, जिसकी वैल्यूएशन में 76,036 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और यह 9.46 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई.

Bajaj Finance, Larsen & Toubro और Bharti Airtel जैसी कंपनियों ने भी मजबूत बढ़त दिखाई. SBI, TCS और Hindustan Unilever भी इस तेजी में शामिल रहे.

किन कंपनियों में गिरावट

जहां ज्यादातर कंपनियों को फायदा हुआ, वहीं Reliance Industries और Infosys की वैल्यूएशन में हल्की गिरावट दर्ज की गई. Infosys का मार्केट कैप करीब 3,285 करोड़ रुपये घटा, जबकि Reliance में भी मामूली कमी आई.

यह भी पढ़ें: विजय केडिया ने खरीदे 10 लाख शेयर, ये Maruti-Tata सप्लायर स्टॉक 1 हफ्ते में 19% उछला, क्या आपसे मौका छूट रहा?

कच्चे तेल की कीमतों से मिला सहारा

इस तेजी की एक बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भी रही. तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने से भारत जैसे आयातक देश के लिए राहत मिली, जिससे बाजार में खरीदारी बढ़ी.

हालांकि हल्की गिरावट के बावजूद Reliance Industries अब भी देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है. इसके बाद HDFC Bank, Bharti Airtel, SBI और ICICI Bank का स्थान है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.