11 फीसदी उछला Ashish Kacholia का पसंदीदा शेयर, Q4 नतीजों के बाद शेयर में जोरदार तेजी
V-Marc India के शेयर में सोमवार को 11 फीसदी की जोरदार तेजी देखने को मिली. कंपनी के मजबूत Q4FY26 नतीजों, 157 फीसदी मुनाफा बढ़ने और 5:1 बोनस शेयर के ऐलान के बाद निवेशकों ने जमकर खरीदारी की. कंपनी ने FY30 तक 500 करोड़ रुपये के कैपेक्स प्लान का भी ऐलान किया है.

V-Marc India Share: शेयर बाजार में कमजोरी के बावजूद सोमवार को केबल और वायर सेक्टर की कंपनी V-Marc India के शेयर में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. कंपनी का शेयर करीब 11 फीसदी उछलकर 1133.60 रुपये पर पहुंच गया. बाजार में यह तेजी कंपनी के मजबूत चौथी तिमाही नतीजों और बोनस शेयर के ऐलान के बाद आई.
निवेशकों के बीच इस शेयर को लेकर उत्साह बढ़ गया है क्योंकि कंपनी ने मुनाफे में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की है. खास बात यह है कि दिग्गज निवेशक Ashish Kacholia की भी इस कंपनी में हिस्सेदारी है, जिससे यह स्टॉक और चर्चा में आ गया है.
कंपनी का मुनाफा 157 फीसदी बढ़ा
कंपनी ने मार्च 2026 तिमाही में शानदार वित्तीय प्रदर्शन किया है. Q4FY26 में कंपनी का रेवेन्यू बढ़कर 1105.76 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 559.66 करोड़ रुपये था. वहीं कंपनी का नेट प्रॉफिट 24.73 करोड़ रुपये से बढ़कर 63.61 करोड़ रुपये हो गया. यानी मुनाफे में करीब 157 फीसदी की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई. मजबूत नतीजों के बाद निवेशकों ने शेयर में जमकर खरीदारी की.
बोनस शेयर के ऐलान से बढ़ा उत्साह
कंपनी के बोर्ड ने 5:1 बोनस शेयर जारी करने को मंजूरी दी है. इसका मतलब है कि निवेशकों को हर एक शेयर पर 5 अतिरिक्त बोनस शेयर मिलेंगे. बोनस इश्यू की खबर आते ही शेयर में तेजी और बढ़ गई. इसके साथ ही कंपनी ने अधिकृत शेयर पूंजी को 30 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 150 करोड़ रुपये करने को भी मंजूरी दी है. बाजार में इसे कंपनी के विस्तार और भविष्य की ग्रोथ के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
500 करोड़ रुपये का कैपेक्स प्लान
V-Marc India ने FY30 तक करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश का प्लान भी घोषित किया है. कंपनी इस निवेश के जरिए अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाना चाहती है. योजना के तहत कंपनी की इंस्टॉल्ड प्रोडक्शन क्षमता को 10 लाख सर्किट किलोमीटर से ज्यादा तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है. यह विस्तार FY27 से FY30 के बीच चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- मार्केट क्रैश में भी चमकेंगे ये 3 स्टॉक्स; एक्सपर्ट ने दी खरीदने की सलाह, जानें टारगेट और स्टॉप लॉस
एक्सपोर्ट पर भी कंपनी का फोकस
कंपनी घरेलू बाजार के साथ- साथ विदेशी बाजार में भी तेजी से विस्तार कर रही है. FY26 के दौरान कंपनी ने अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और जापान जैसे देशों में अपना एक्सपोर्ट कारोबार बढ़ाया है. इसके लिए कंपनी ने अलग एक्सपोर्ट टीम भी बनाई है. कंपनी उत्तराखंड और महाराष्ट्र में अपने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट संचालित करती है और बिल्डिंग वायर, हाई टेंशन और लो टेंशन केबल समेत कई उत्पाद बनाती है.
Ashish Kacholia की हिस्सेदारी
शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक Ashish Kacholia की V-Marc India में मार्च 2026 तक 2.71 फीसदी हिस्सेदारी थी. Kacholia को स्मॉलकैप और मल्टीबैगर शेयरों की पहचान के लिए जाना जाता है. ऐसे में उनकी हिस्सेदारी वाले इस स्टॉक में निवेशकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है. मजबूत नतीजे, बोनस शेयर और विस्तार योजनाओं के चलते आने वाले समय में भी यह शेयर बाजार में चर्चा में बना रह सकता है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.