पेप्सिको जैसे दिग्गजों को देती है सर्विस, कर्ज भी नाममात्र, पर 52 हफ्ते के लो पर पहुंचा Varun Beverages का शेयर, क्या होगी रिकवरी
Varun Beverages का शेयर गिरकर 52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गया है और पिछले कुछ सत्रों से इसमें लगातार दबाव देखने को मिल रहा है . हालांकि गिरावट के बावजूद कंपनी के फंडामेंटल मजबूत हैं, कर्ज लगभग नगण्य है और राजस्व-मुनाफे में सालाना आधार पर बढ़ोतरी दर्ज की गई है. ऐसे में देखना होगा कि क्या इसके स्टॉक वापसी करते हैं या नहीं.
Varun Beverages: पेप्सिको जैसे दिग्गज ब्रांड के लिए पेप्सी, मिरिंडा और माउंटेन ड्यू जैसे कोल्ड-ड्रिंक की बॉटलिंग करने वाली बेवरेज कंपनी Varun Beverages आजकल सुर्खियों में है. इसके शेयर अपने 52 हफ्ते के लो पर पहुंच गए हैं. मजबूत फंडामेंटल और कर्ज लगभग ना के बराबर होने के बावजूद शेयर में जोरदार गिरावट दर्ज की गई है. ऐसे में सवाल यह है कि क्या इस कंपनी के शेयर गिरावट के बाद वापसी कर पाएंगे या नहीं.
Varun Beverages के शेयर में गिरावट
करीब 1,45,802 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली Varun Beverages Limited के शेयर 411.05 रुपये पर बंद हुए, जो पिछले बंद भाव 431.25 रुपये के मुकाबले 4.68 प्रतिशत की गिरावट है. जबकि इसका इंट्रा डे लो 410 रुपये दर्ज किया गया, जो इसका 52 वीक का लो है. एक महीने में इसके शेयर 10 फीसदी तक लुढ़क चुके हैं.
क्या करती है कंपनी?
Varun Beverages Limited की स्थापना 1995 में हुई थी. यह कंपनी PepsiCo के कई लोकप्रिय ब्रांड्स के तहत पेय पदार्थों का निर्माण, बॉटलिंग, बिक्री और वितरण करती है. कंपनी भारत के अलावा श्रीलंका, नेपाल और अफ्रीका के कई देशों जैसे जाम्बिया, मोरक्को, दक्षिण अफ्रीका और बोत्सवाना में भी कारोबार करती है .
इसके पोर्टफोलियो में कई बड़े ब्रांड्स जैसे- Pepsi, Mountain Dew, Mirinda, Slice, Tropicana, Sting, Gatorade, Lipton, Aquafina आदि शामिल हैं. इसके अलावा कंपनी स्नैक्स और डेयरी बेस्ड ड्रिंक्स से जुड़े प्रोडक्ट्स भी बाजार में बेचती है.
लगातार चौथे सत्र में दिखी गिरावट
12 मार्च को Varun Beverages के शेयरों में करीब 5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट थी. पिछले 10 ट्रेडिंग सेशंस में से 7 में यह शेयर गिरा है और फिलहाल करीब 410 रुपये के स्तर पर ट्रेड करते हुए 52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गया है. इतना ही नहीं, यह शेयर अपने ऑल टाइम हाई से करीब 40 प्रतिशत तक नीचे आ चुका है .
लगातार तीन महीनों से दबाव
मार्च महीने में ही यह शेयर करीब 9.27 प्रतिशत गिर चुका है. इससे पहले फरवरी में 4.2 प्रतिशत और जनवरी में करीब 4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी. इससे पहले आखिरी बार ऐसा सिलसिला अप्रैल से जून 2025 के दौरान देखने को मिला था, जब शेयर लगातार तीन महीनों तक कमजोर रहा था. Varun Beverages का शेयर 17 अप्रैल 2025 को 568.5 रुपये के 52 हफ्ते के उच्च स्तर पर पहुंचा था. वहां से अब तक इसमें करीब 27.69 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है.
आंकड़े अभी भी दमदार
वरुण बेवरेजेज के शेयर में गिरावट के बावजूद कंपनी के ऑपरेशनल आंकड़े मजबूत बने हुए हैं. कंपनी ने Q3FY26 में 4,204 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया, जो पिछले साल के 3,689 करोड़ रुपये के मुकाबले 14 प्रतिशत ज्यादा है. कंपनी का EBITDA 637 करोड़ रुपये रहा जबकि नेट प्रॉफिट 260 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. साल-दर-साल आधार पर कंपनी ने मुनाफे में अच्छी बढ़त दर्ज की गई है.
यह भी पढ़ें: प्रमोटरों की आंख का तारा बने ये 3 स्टॉक्स, 13% तक बढ़ाई हिस्सेदारी, शेयरों ने पकड़ी रफ्तार
लंबे समय में शानदार ग्रोथ
- 2020 से 2025 के बीच कंपनी ने जबरदस्त ग्रोथ दिखाई है.
- रेवेन्यू 6,500 करोड़ से बढ़कर 21,700 करोड़ रुपये हो गया.
- EBITDA 1,200 करोड़ से बढ़कर 5,000 करोड़ रुपये पहुंच गया.
- नेट प्रॉफिट 400 करोड़ से बढ़कर 3,100 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
- इस दौरान कंपनी की नेट वर्थ 3,600 करोड़ से बढ़कर 19,700 करोड़ रुपये हो गई.
- कंपनी की डेब्ट-टू-इक्विटी महज 0.02 है, जो लगभग ना के बराबर है.
गर्मी बढ़ने से बढ़ सकती है मांग
इस हफ्ते भारत के कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ा है. गर्मी का मौसम आमतौर पर पेय पदार्थों की मांग बढ़ा देता है. ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले समय में बढ़ती गर्मी Varun Beverages के बिजनेस और शेयर दोनों के लिए सकारात्मक ट्रिगर बन सकती है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
