विजय केडिया के पोर्टफोलियो में भारी गिरावट, रिकॉर्ड हाई से ₹800 करोड़ घटा वैल्यू; जानें कैसे लगा झटका
दिग्गज निवेशक विजय केडिया के पोर्टफोलियो की वैल्यू दिसंबर 2024 के 1,896 करोड़ रुपये के शिखर से गिरकर फरवरी 2026 में करीब 1,105 करोड़ रुपये रह गई है. स्मॉल-कैप शेयरों में कमजोरी, कुछ कंपनियों में हिस्सेदारी घटाने और सेक्टर दबाव के कारण कुल वैल्यू में लगभग 800 करोड़ रुपये की कमी आई है.
Vijay Kedia Portfolio Value Falls: शेयर बाजार में निवेश करते समय छोटे निवेशक अक्सर बड़े दिग्गजों के पोर्टफोलियो को देखकर फैसले लेते हैं. खास तौर पर वैल्यू इन्वेस्टिंग के लिए मशहूर निवेशक विजय केडिया के स्टॉक्स पर बाजार की पैनी नजर रहती है. लेकिन पिछले कुछ महीनों में खुद केडिया के पोर्टफोलियो को बड़ा झटका लगा है. उनकी कुल निवेशित संपत्ति यानी पोर्टफोलियो वैल्यू अपने रिकॉर्ड स्तर से सैकड़ों करोड़ रुपये घट चुकी है.
ऑल टाइम हाई से 800 करोड़ रुपये की गिरावट
ट्रेंडलाइन के आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2024 में विजय केडिया के पोर्टफोलियो की वैल्यू करीब 1,896 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी. इससे पहले मार्च 2023 में यह लगभग 596 करोड़ रुपये थी, यानी करीब डेढ़ साल में इसमें जबरदस्त उछाल आया था. लेकिन उसके बाद ट्रेंड उलट गया. फरवरी 2026 तक पोर्टफोलियो की वैल्यू घटकर लगभग 1,105 करोड़ रुपये रह गई. यानी अपने शिखर से करीब 800 करोड़ रुपये की कमी आ चुकी है.
बाजार चढ़ा, फिर भी घटा पोर्टफोलियो
दिलचस्प बात यह है कि इस दौरान प्रमुख इंडेक्स कमजोर नहीं पड़े. दिसंबर 2024 में सेंसेक्स तकरीबन 81,765 पर था, वहीं अब यानी फरवरी 2026 में यह 82,225 पर बंद हुआ. निफ्टी भी तकरीबन 24,708 से बढ़कर 25,424 के आसपास पहुंच गया. यानि बाजार ऊपर गया, लेकिन केडिया के कई प्रमुख स्टॉक्स दबाव में रहे जिससे पोर्टफोलियो प्रभावित हुआ. हालांकि, निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में इस दौरान करीब 2570 अंक की गिरावट आई है.
कई शेयरों में हिस्सेदारी घटाई
रिकॉर्ड स्तर के बाद केडिया ने कुछ कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी भी कम की, जिसने कुल वैल्यू पर असर डाला. उदाहरण के तौर पर-
- Precision Camshafts- हिस्सेदारी 3.2 फीसदी से घटकर शून्य
- Global Vectra- 5.1 फीसदी से घटकर 4.9 फीसदी
- Affordable Robotic- 9.9 फीसदी से घटकर 7.4 फीसदी
- Sudarshan Chemical- 1.4 फीसदी से घटकर 1.3 फीसदी
इससे साफ है कि पोर्टफोलियो में सक्रिय बदलाव भी हुए हैं, सिर्फ कीमत गिरना ही वजह नहीं है.
किन कंपनियों में अब भी बड़ा दांव?
ताजा डेटा के अनुसार केडिया के पोर्टफोलियो में करीब 17 कंपनियां शामिल हैं और कुछ में उनकी हिस्सेदारी काफी बड़ी है. सबसे बड़े निवेशों में शामिल हैं-
- Atul Auto- लगभग 275 करोड़ रुपये की होल्डिंग (20 फीसदी से ज्यादा की हिस्सेदारी)
- Neuland Laboratories- तकरीबन 174 करोड़ रुपये
- Elecon Engineering- तकरीबन 94 करोड़ रुपये
- Sudarshan Chemical- करीब 89 करोड़ रुपये
- Vaibhav Global- तकरीबन 78 करोड़ रुपये
- Mahindra Holidays (Mahindra Resorts)- तकरीबन 58 करोड़ रुपये
- Innovators Facade Systems- करीब 34 करोड़ रुपये
वहीं हाल ही में कुछ नए निवेश भी जोड़े गए हैं जिसमें Patel Engineering औ Advait Energy शामिल हैं.
क्यों लगा इतना बड़ा झटका?
पोर्टफोलियो में गिरावट के पीछे कई वजहें मानी जा रही हैं. कुछ मिड-कैप और स्मॉल-कैप शेयरों में तेज गिरावट आई है. इसका बड़ा उदाहरण Nifty Smallcap 100 इंडेक्स के प्रदर्शन से देखने मिला है. दिसंबर, 2024 में निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 19,528 अंक पर था जो अब गिरकर 16,958 पर आ चुका है. इससे इतर, हिस्सेदारी घटाने या एग्जिट करने की वजह से भी वैल्यू में बड़ी गिरावट आई है. पोर्टफोलियो के वैल्यू में आई बड़ी गिरावट का एक मुख्य कारण सेक्टर-विशेष कमजोरी भी है. पिछले कुछ महीने से तमाम इंटरनेशनल अनिश्चिताएं और ग्लोबल टेंशन ने भी अलग-अलग सेक्टर के अलग-अलग स्टॉक्स पर दबाव डाला है.
ये भी पढ़ें- L&T को मिला ₹2500 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट, बनाएगी LIGO इंडिया ऑब्जर्वेटरी; शेयरों पर रखें नजर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
