अब App Store और iCloud पर फिर से चलेगा क्रेडिट-डेबिट कार्ड, 5 साल बाद Apple ने शुरू की सुविधा; खरीदारी होगी आसान
करीब पांच साल बाद Apple ने भारत में App Store और iCloud खरीदारी के लिए क्रेडिट और डेबिट कार्ड से पेमेंट की सुविधा दोबारा शुरू की है. फिलहाल कंपनी चुनिंदा यूजर्स के साथ इसकी टेस्टिंग कर रही है और अगले कुछ महीनों में इसे सभी यूजर्स के लिए स्टेपवाइज तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा.

Apple India: भारत में एप्पल यूजर्स के लिए राहत की खबर है. कंपनी ने करीब पांच साल बाद ऐप स्टोर और आईक्लाउड पर क्रेडिट और डेबिट कार्ड से पेमेंट की सुविधा फिर से शुरू कर दी है. फिलहाल यह सुविधा चुनिंदा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है. टेस्टिंग पूरी होने के बाद आने वाले महीनों में इसे सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जाएगा.
RBI के नियमों के बाद बंद हुई थी सुविधा
Moneycontrol की रिपोर्ट के मुताबिक, Apple ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के कार्ड टोकनाइजेशन नियमों का पालन करने के बाद यह सुविधा दोबारा शुरू की है. 2021 में RBI के नए नियम लागू होने के बाद कंपनी ने भारत में कार्ड पेमेंट का विकल्प बंद कर दिया था. इसके बाद यूजर्स App Store और iCloud जैसी सेवाओं के लिए केवल UPI और नेट बैंकिंग के जरिए ही पेमेंट कर सकते थे.
RBI के नियमों के तहत टोकनाइज्ड कार्ड डेटा केवल कार्ड नेटवर्क ही स्टोर कर सकते हैं और यह डेटा भारत में ही सुरक्षित रखा जाना जरूरी है. इन नियमों का पालन करने के बाद एप्पल ने अब कार्ड से पेमेंट का विकल्प फिर से उपलब्ध कराया है.
Apple Pay लॉन्च की तैयारी भी तेज
हालांकि, इस मामले पर Apple की ओर से अभी तक कोई आफिशियल बयान नहीं आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, Apple भारत में Apple Pay लॉन्च करने की दिशा में भी काम कर रही है. इसके लिए कंपनी बैंकों और कार्ड नेटवर्क के साथ मिलकर जरूरी तकनीकी और नियामकीय प्रक्रियाएं पूरी कर रही है.
रिपोर्ट के अनुसार, बैंकों के साथ कमीशन को लेकर लंबी बातचीत के चलते एप्पल पे की लॉन्चिंग में देरी हुई थी. Apple पिछले कुछ समय से Apple Pay के लिए जरूरी तैयारियां कर रही थी और इसी प्रक्रिया ने भारत में कार्ड पेमेंट दोबारा शुरू करने का रास्ता साफ किया.
भारत के लिए अपनाया अलग डेटा मॉडल
रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के दुसरे देशों में Apple टोकनाइज्ड पेमेंट डेटा का बैकअप अमेरिका, डेनमार्क और चीन के सर्वरों पर रखती है. लेकिन भारत में RBI के डेटा लोकलाइजेशन नियमों का पालन करने के लिए कंपनी भारतीय यूजर्स के टोकनाइज्ड डेटा को विदेशों में मिरर नहीं करेगी. फिलहाल Apple का भारत में अपना डेटा सेंटर नहीं है और आने वाले समय में इसे स्थापित करने की भी कोई योजना नहीं है. ऐसे में कंपनी ने भारतीय नियमों के अनुरूप टोकनाइज्ड पेमेंट डेटा के लिए अलग व्यवस्था अपनाई है.
इसे भी पढ़ें- सरकार बनाएगी नई Cooperative Life Insurance Company, अमित शाह का ऐलान, करोड़ों लोगों को मिल सकता है फायदा