24 Hour Secret House से Bird Box Challenge तक, मासूमों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे ये 6 इंटरनेट ट्रेंड्स
मेरठ में 24 Hour Secret House Challenge का मामला सामने आया है, इस ऑनलाइन चैलेंज की तरह पिछले कुछ सालों में ऐसे ही कई सोशल मीडिया चैलेंज सामने आए हैं जिन्होंने मासूमों की जिंदगी को खतरे में डाला है.
Highlights
- बच्चों के लिए खतरा बने इंटरनेट चैलेंज.
- मेरठ में सामने आया सीक्रेट हाउस गेम चैलेंज.
- बच्चों की ऑनलाइन एक्टिविटी पर रखें नजर.
इंटरनेट पर बच्चे क्या देखते हैं, इस बात पर ध्यान रखना बेहद जरूरी है क्योंकि इंटरनेट पर कई ऐसे चैलेंज सामने आ रहे हैं जिनमें बच्चों को खतरनाक चैलेंज के लिए उकसाया जा रहा है. इन चैलेंज को करने में बच्चों को चोट लग सकती है, बच्चे बेहोश हो सकते हैं या यहां तक कि इसके परिणाम इससे भी कई ज्यादा गंभीर हो सकते हैं जिनकी आपने कल्पना भी शायद नहीं की होगी. अब हाल ही में 24 Hour Secret House Challenge को देखकर बच्चे अचानक घर से गायब होने लगे हैं जिससे माता-पिता और पुलिस के भी होश उड़ गए हैं. 24 घंटे का सीक्रेट हाउस चैलेंज YouTube पर एक नया ट्रेंड है, जिसमें छिपे हुए बेस या कमरे बनाने के बारे में फीचर चैलेंज बनाए गए हैं. इस गेमप्ले ने बच्चों को असल जिंदगी में छिपने की जगहें आजमाने के लिए भी प्रेरित किया है.
मेरठ में गायब हुए बच्चों ने पुलिस को बताई ये बात
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में दो बच्चों के 24 घंटे के चैलेंज के तहत घर छोड़ने की खबर मिली. अधिकारियों के मुताबिक, बच्चों ने यूट्यूब पर सीक्रेट हाउस नाम के गेम से प्रेरित होकर यह कदम उठाया. न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सर्कल ऑफिसर (मवाना) पंकज लवानिया के हवाले से बताया कि हस्तिनापुर में रविवार दोपहर को 11 और 7 साल के दो बच्चे अचानक घर से गायब हो गए थे.
लवानिया ने आगे कहा कि बच्चों के परिवारों ने आस-पड़ोस और रिश्तेदारों के घरों में उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया. इस घटना के जवाब में, पुलिस ने बच्चों को ढूंढने के लिए मिशन शक्ति को शुरू किया. दोनों बच्चों को सुरक्षित ढूंढ लिया गया और बच्चे अपने घर लौट आए.
पूछताछ के दौरान, बच्चों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गेमिंग कंटेंट देखा था और खुद चैलेंज को फिर से बनाने का फैसला किया. वीडियो में दिखाए गए गेम में, पार्टिसिपेंट्स एक छिपा हुआ बेस बनाते हैं और कुछ नियमों का पालन करते हुए 24 घंटे तक वहीं छिपे रहते हैं.
ऐसा ये पहला मामला नहीं है, इससे पहले अब तक कई ऐसे मामले सामने आए जिनमें अजीबों-गरीब ट्रेंड ने बच्चों पर असर डाला है.
Devious Licks
डीवियस लिक, 2021 का एक वायरल सोशल मीडिया ट्रेंड है, जिसमें मिडिल और हाई स्कूल के स्टूडेंट्स ने अपने स्कूलों में सामान चुराते या तोड़-फोड़ करते हुए खुद का वीडियो बनाया. इस ट्रेंड के सामने आने पर स्टूडेंट्स ने क्या किया, चलिए आपको याद दिलाते हैं.
इस ट्रेंड में बच्चे स्कूल की बिल्डिंग्स से सामान चुराना, खासकर बाथरूम से. इसके अलावा साबुन डिस्पेंसर, हैंड सैनिटाइजर और पेपर टॉवल होल्डर जैसी चीजें ले लेना और इन सभी चीजों को करने के बाद पॉपुलैरिटी और अटेंशन के लिए चोरी की गई चीजों के वीडियो ऑनलाइन पोस्ट करते थे.
Blackout Challenge
ब्लैकआउट चैलेंज नाम का एक खतरनाक ऑनलाइन ट्रेंड सोशल मीडिया पर तेजी से बच्चों पर असर डाल रहा, 2026 में इस चैलेंज से जुड़े मामले सामने आए. इस ऑनलाइन ट्रेंड में हिस्सा लेने वालों को ऑक्सीजन की कमी से बेहोश होने तक अपनी सांस रोकने के लिए कहा जाता है. मार्च 2026 में Texas में Curtis और Wendy Blackwell ने अपनी नौ साल की बेटी JackLynn Kaye Blackwell को इस चैलेंज की वजह से हमेशा के खो दिया. 3 फरवरी को यह चैलेंज आजमाने के बाद उनकी बेटी की मौत हो गई थी. People.com की रिपोर्ट के मुताबिक, बच्ची के गले में रस्सी बंधी मिली थी, उसने चोकिंग चैलेंज में हिस्सा लिया था, इस चैलेंज में सांस को तब तक रोकना होता है जब तक बेहोश नहीं हो जाते.
Bird Box Challenge
2019 में ये ट्रेंड भी काफी वायरल हुआ था, बर्ड बॉक्स चैलेंज एक बहुत ही खतरनाक वायरल सोशल मीडिया ट्रेंड था, जिसमें लोग अपनी आंखों पर पट्टी बांधकर रोजाना के काम पूरे करने की कोशिश करते हुए खुद को फिल्माते थे. यह क्रेज़ दिसंबर 2018 के आखिर में शुरू हुआ और जनवरी 2019 में अपने पीक पर पहुंच गया था. यह सीधे तौर पर Sandra Bullock स्टारर नेटफ्लिक्स की सुपरहिट पोस्ट-एपोकैलिप्टिक थ्रिलर मूवी बर्ड बॉक्स से इंस्पायर्ड था. फिल्म में, कैरेक्टर्स को आंखों पर पट्टी बांधकर बाहरी दुनिया में घूमना पड़ता है ताकि वे ऐसी अनदेखी चीजों से बच सकें जो उन्हें देखने वाले को सुसाइड करने पर मजबूर कर दें.
जनवरी 2019 में इस चैलेंज को लोगों ने आज़माना शुरू किया, यूएस के Utah में एक टीनेजर ने भी इस चैलेंज को लिया. aceshowbiz डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, 17 साल की इस बच्ची ने आंखों पर पट्टी बांधकर गाड़ी चलाने की कोशिश और कार क्रैश कर दी. यह एक्सीडेंट 7 जनवरी को हुआ था. टीनेजर लेटन पार्कवे लगभग 35mph की स्पीड से पिकअप ट्रक चला रही थी और फिर वह एक पैसेंजर कार से टकरा गई.
Salt and Ice Challenge
साल्ट एंड आइस चैलेंज एक खतरनाक वायरल इंटरनेट ट्रेंड था जो पहली बार 2012 में सामने आया था. इस ट्रेंड में अपनी त्वचा पर नमक डालना होता है और फिर उसपर बर्फ का टुकड़ा रखते हैं और लंबे समय तक दर्द को सहन करने की कोशिश करते हैं. इस खतरनाक सोशल मीडिया डेयर को जुलाई 2012 में काफी कवरेज मिला था जब पिट्सबर्ग में एक 12 वर्षीय लड़के ने यूट्यूब पर स्टंट की नकल करने की कोशिश की और उसके स्किन पर सेकंड डिग्री बर्न हो गए थे.
Ghost Pepper Challenge
2011 और 2012 के दौरान घोस्ट पेपर चैलेंज इंटरनेट पर एक वायरल वीडियो ट्रेंड के तौर पर तेजी से पॉपुलर हुआ था. याद दिला दें कि 2007 में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने Ghost Jolokia को ऑफिशियली दुनिया की सबसे तीखी मिर्च घोषित किया था जिससे लोगों में इसके बारे में जानने की उत्सुकता बढ़ गई.
इसके बाद 2011–2012 में यूट्यूब और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिर्च खाते हुए खुद को रिकॉर्ड करने का ट्रेंड शुरू होने लगा. कई मशहूर कंटेंट क्रिएटर्स ने 2011 में वीडियो बनाए. यह चैलेंज कई सालों तक इंटरनेट पर बना रहा.
बिजनेस इनसाइडर के मुताबिक, 2016 में सैन फ्रांसिस्को के इमरजेंसी रूम में एक 47 साल के आदमी को लाया गया था, इस शख्स ने घोस्ट पेपर चैलेंज लिया जिसकी वजह से इस शख्स के खाने की नली में छेद हो गया. इस चोट से उसकी मौत हो सकती थी, लेकिन इस व्यक्ति को वक्त रहते इलाज मिल गया था.
ये भी पढ़ें- 6000mAh बैटरी, 12GB तक रैम और 50MP कैमरा, लॉन्च हुआ Lava Virat V1 Pro 5G
Latest Stories
फोन में है ये 3 लोन ऐप तो हो जाएं सावधान! सरकार ने Google को हटाने का दिया आदेश
आज Boltt Ace और Boltt Evo होंगे भारत में लॉन्च, कीमत होगी 20 हजार से कम!
13,559 रुपए सस्ता मिल रहा है Google Pixel 10, यहां से खरीदने पर मिलेगा फायदा
