TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

भारत में स्टील की खपत 7.5% बढ़ी, चीन से आयात में 29% का उछाल, अक्टूबर में एक्सपोर्ट भी घटा

भारत में वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों में तैयार स्टील की खपत 7.5 फीसदी बढ़कर 99.4 मिलियन टन पहुंच गई. हालांकि, इस दौरान स्टील आयात 28.9 फीसदी बढ़कर 4.90 मिलियन टन रहा और भारत नेट इंपोर्टर बना. चीन सबसे बड़ा सप्लायर रहा. वहीं, स्टील की कीमतों में सालाना आधार पर 37 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई.

Steel Production

Highlights

  • अप्रैल-अक्टूबर में भारत में स्टील की खपत 7.5% बढ़कर 99.4 मिलियन टन पहुंची.
  • स्टील आयात 28.9% बढ़कर 4.90 मिलियन टन हुआ, चीन सबसे बड़ा सप्लायर रहा.
  • HRC की कीमतें 36.4% और CRC की कीमतें 36.9% सालाना बढ़ीं.

भारत में स्टील की मांग लगातार बढ़ रही है. वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों (अप्रैल-अक्टूबर) में तैयार स्टील (Finished Steel) की खपत सालाना आधार पर 7.5 फीसदी बढ़कर 99.4 मिलियन टन पहुंच गई. हालांकि, घरेलू मांग बढ़ने के साथ स्टील का आयात भी तेजी से बढ़ा है. इस दौरान भारत ने जितना तैयार स्टील निर्यात किया, उससे ज्यादा आयात किया.

स्टील मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से अक्टूबर के बीच स्टील आयात में 28.9 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. वहीं, अक्टूबर महीने में आयात में तेज उछाल के साथ निर्यात में गिरावट दर्ज की गई. दूसरी ओर, घरेलू उत्पादन और स्टील की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है.

स्टील आयात में 29% की बढ़ोतरी

स्टील मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान भारत का तैयार स्टील आयात 28.9 फीसदी बढ़कर 4.90 मिलियन टन हो गया. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 3.80 मिलियन टन था. वहीं, इस दौरान तैयार स्टील का निर्यात 15.5 फीसदी बढ़कर 3.98 मिलियन टन पर पहुंच गया. यानी भारत इस अवधि में तैयार स्टील का शुद्ध आयातक (Net Importer) बना रहा.

आयात के मामले में चीन भारत का सबसे बड़ा सप्लायर रहा. कुल तैयार स्टील आयात में चीन की हिस्सेदारी 31.6 फीसदी यानी 1.55 मिलियन टन रही. इसके बाद दक्षिण कोरिया की हिस्सेदारी 31.1 फीसदी और जापान की 12.9 फीसदी रही.

वहीं, निर्यात के मोर्चे पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भारत का सबसे बड़ा बाजार रहा. इसके बाद वियतनाम और इटली का स्थान रहा. खास बात यह है कि अक्टूबर में तैयार स्टील का आयात सालाना आधार पर 65.8 फीसदी बढ़ गया, जबकि निर्यात में 32 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

घरेलू स्टील उत्पादन में भी बढ़ोतरी

स्टील की बढ़ती मांग के बीच देश में इसका उत्पादन भी बढ़ा है. अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान भारत का कच्चे स्टील (Crude Steel) का उत्पादन 2.6 फीसदी बढ़कर 99.2 मिलियन टन हो गया. वहीं, तैयार स्टील का उत्पादन 4.1 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 95.7 मिलियन टन रहा.

स्टील की अलग-अलग श्रेणियों में भी मांग मजबूत बनी हुई है. सात महीनों के दौरान अलॉय स्टील (Alloy Steel) की खपत में सालाना आधार पर 30.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. वहीं, स्टेनलेस स्टील (Stainless Steel) की खपत भी 22.2 फीसदी बढ़ी.

स्टील की कीमतों में सालाना आधार पर 37% तक उछाल

स्टील की मांग और बाजार की स्थितियों का असर इसकी कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है. नवंबर में स्टील की कीमतों में पिछले महीने के मुकाबले मामूली बदलाव हुआ, लेकिन सालाना आधार पर इनमें अच्छी-खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई.

आंकड़ों के मुताबिक, हॉट रोल्ड कॉइल (HRC) की कीमतें सालाना आधार पर 36.4 फीसदी बढ़ीं. वहीं, कोल्ड रोल्ड कॉइल (CRC) की कीमतों में 36.9 फीसदी और थर्मो-मैकेनिकली ट्रीटेड (TMT) बार की कीमतों में 25.1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.

दूसरी ओर, स्टील उत्पादन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है. अक्टूबर 2026 तक 112 स्टील उत्पादकों को सरकार की ग्रीन स्टील पहल के तहत ग्रीन स्टील सर्टिफिकेट मिल चुके थे. इनमें से ज्यादातर उत्पादों को 5-स्टार रेटिंग मिली है. इसका मतलब है कि कंपनियां कम कार्बन उत्सर्जन वाली स्टील उत्पादन तकनीकों को अपना रही हैं.

इसके अलावा सरकारी कंपनी NMDC ने 2047 तक अपने परिचालन से होने वाले कार्बन उत्सर्जन को नेट-जीरो करने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए कंपनी ऊर्जा की बचत, रिन्यूएबल एनर्जी का इस्तेमाल, वाहनों का इलेक्ट्रिफिकेशन, कम कार्बन वाले ईंधन और कार्बन कैप्चर जैसी तकनीकों पर काम करेगी.

इसे भी पढ़ें- दमदार कमाई के बाद भी स्मॉल कैप निवेशकों को हो रहा घाटा, 900 से ज्यादा शेयरों में 45% तक गिरावट; जानें क्यों