किसने आपकी स्टोरी कितनी बार देखी? Instagram Plus में मिलेंगे सारे इनसाइट्स, जानें और क्या नए फीचर्स जुड़े

इंस्टाग्राम ने अपना नया सब्सक्रिप्शन आधारित वर्जन Instagram Plus लॉन्च कर दिया है. इस प्रीमियम प्लान में 48 घंटे की स्टोरी, Super Hearts, Rewatch Insights, Custom Audience और कई एडवांस फीचर्स मिलेंगे. इंस्टाग्राम का मौजूदा फ्री वर्जन पहले की तरह सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध रहेगा.

इंस्टाग्राम Image Credit: Mateusz Slodkowski/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

Instagram Plus New Features: अगर आप इंस्टाग्राम के दीवाने हैं, तो आपके लिए एक दिलचस्प खबर है. इंस्टाग्राम ने गुरुवार से अपने नए सब्सक्रिप्शन-आधारित वर्जन ‘Instagram Plus’ को वैश्विक स्तर पर लॉन्च कर दिया है. कंपनी के मुताबिक, यह उन यूजर्स के लिए एक शानदार ऑप्शनल अपग्रेड है जो अपने सोशल मीडिया एक्सपीरियंस पर ज्यादा कंट्रोल, गहरी इनसाइट्स और प्रीमियम फीचर्स चाहते हैं.

राहत की बात यह है कि इंस्टाग्राम का पुराना और ओरिजिनल वर्जन पहले की तरह ही बिल्कुल मुफ्त रहेगा, उसमें कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है. आइए जानते हैं कि इस नए ‘इंस्टाग्राम प्लस’ में आपको क्या-क्या खास मिलने वाला है.

स्टोरीज को मिलेगा नया अवतार

इंस्टाग्राम प्लस में स्टोरीज सेक्शन को पूरी तरह से अपग्रेड कर दिया गया है. इसके प्रमुख फीचर्स इस प्रकार हैं:

  • स्टोरी एक्सटेंड: अब आपकी स्टोरी सिर्फ 24 घंटे नहीं, बल्कि पूरे 48 घंटों तक दिखाई देगी.
  • स्टोरी स्पॉटलाइट: इसके जरिए यूजर्स अपनी स्टोरीज की विजिबिलिटी को और बढ़ा सकेंगे.
  • सुपर हार्ट्स: जब आप दोस्तों की स्टोरी पर रिएक्ट करेंगे, तो पूरी स्क्रीन पर एनिमेटेड हार्ट्स तैरते नजर आएंगे.
  • मल्टीपल स्टोरी ऑडियंस: अब आप अलग-अलग स्टोरीज के लिए कस्टम ऑडियंस लिस्ट बना सकेंगे, जिससे आपकी प्राइवेसी और बेहतर होगी.

किसने कितनी बार देखी आपकी स्टोरी?

प्रीमियम पैकेज में व्यूइंग और एनालिटिक्स से जुड़े बेहद काम के टूल्स दिए गए हैं. ‘स्टोरी रीवॉच इनसाइट्स’ के जरिए आप यह जान पाएंगे कि आपकी स्टोरी को किस यूजर ने कितनी बार दोबारा देखा है. इसके अलावा, ‘सर्च व्यूअर लिस्ट’ फीचर की मदद से आप सीधे नाम सर्च करके चेक कर सकते हैं कि किसी खास शख्स ने आपकी स्टोरी देखी है या नहीं.

प्रोफाइल कस्टमाइजेशन और डायरेक्ट पोस्टिंग

इंस्टाग्राम प्लस में यूजर्स को अपना कस्टम ऐप आइकॉन और कस्टम बायो सेट करने जैसे कई पर्सनलाइजेशन ऑप्शंस मिलेंगे. साथ ही, एक कमाल का फीचर ‘पोस्ट डायरेक्टली टू प्रोफाइल’ भी जोड़ा गया है. इसकी मदद से आप कोई भी कंटेंट सीधे अपनी प्रोफाइल या हाइलाइट्स में शेयर कर सकते हैं, और वह आपके दोस्तों के फीड में स्क्रॉल करते हुए दिखाई नहीं देगा.

यह भी पढ़ें: ED ने FIITJEE केस में अपना ही आरोप लिया वापस, जानें क्या है मामला

बता दें कि मेटा के स्वामित्व वाले इस प्लेटफॉर्म ने इसी साल मई के महीने में इस प्लस मॉडल के प्रोटोटाइप की टेस्टिंग शुरू की थी, जिसे अब आधिकारिक तौर पर पूरी दुनिया में लाइव कर दिया गया है.