तेज गर्मी में मुरझा रहे हैं पौधे? इस टाइम गर्मियों में पौधों को दें पानी, गार्डन रहेगा हरा-भरा

गर्मियों में पौधों को स्वस्थ रखने के लिए सुबह का समय पानी देने के लिए सबसे बेहतर माना जाता है. इस समय मिट्टी ठंडी रहती है और पौधे पर्याप्त नमी सोख लेते हैं. इससे पानी की बर्बादी कम होती है और रोगों का खतरा भी घटता है. गमलों वाले पौधों को अधिक देखभाल और नियमित नमी जांच की जरूरत होती है.

गार्डन में पानी डालने का सही समय Image Credit:

Best Time To Water Plants: गर्मी का मौसम आते ही तापमान तेजी से बढ़ने लगता है, जिसका असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं बल्कि पौधों पर भी पड़ता है. ऐसे में बगीचे या गमलों में लगे पौधों को स्वस्थ और हरा-भरा बनाए रखने के लिए सही समय पर पानी देना बेहद जरूरी हो जाता है. ऐसे में सवाल होता है कि गर्मियों में पौधों को पानी देने का सबसे अच्छा समय कब है आइए जानते हैं.

पौधों को पानी देने का सबसे अच्छा समय कौन सा होता है ?

पौधों को पानी देने का सबसे अच्छा समय सुबह ( 5 से 9 बजे के करीब) होता है. सुबह के समय तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है और मिट्टी भी ठंडी होती है. ऐसे में पौधों की जड़ों को पानी अच्छी तरह मिल जाता है और वे दिनभर की गर्मी का सामना करने के लिए पर्याप्त नमी सोख लेते हैं. इसके विपरीत दोपहर में पानी देने पर तेज धूप के कारण पानी तेजी से वाष्पित हो जाता है, जिससे पौधों को पूरा फायदा नहीं मिल पाता.

इसके अलावा सुबह पानी देने से पत्तियों पर मौजूद नमी भी जल्दी सूख जाती है. इससे फफूंदी, कीटों और दूसरे पौधों की बीमारियों का खतरा कम हो जाता है. वहीं रातभर गीली रहने वाली पत्तियां कई बार रोगों को बढ़ावा देती हैं.

गमलों वाले पौधों को ज्यादा ध्यान की जरूरत

गमलों में लगे पौधे जमीन में लगे पौधों की तुलना में जल्दी सूख जाते हैं, क्योंकि उनमें मिट्टी की मात्रा कम होती है. ऐसे में गर्मियों में इनकी नियमित जांच जरूरी है. मिट्टी को एक-दो इंच तक उंगली से जांचकर पता लगाया जा सकता है कि पानी की जरूरत है या नहीं.

यदि सुबह पानी देना संभव न हो, तो शाम के समय भी पौधों को पानी दिया जा सकता है. हालांकि पानी सीधे जड़ों के पास दें और जरूरत से ज्यादा सिंचाई करने से बचें.

इसे भी पढ़ें- रेलवे ट्रैक के किनारे लिखे WL-W-T का क्या है मतलब, सिर्फ लोको पायटल ही समझते हैं ये कोड, टल जाती है दुर्घटना