पश्चिम बंगाल में आज शुरू हुई 3000 रुपये वाली स्कीम, जानें- किसे मिलेगा लाभ और कब तक कराना होगा रजिस्ट्रेशन

पहले चरण में लाभार्थियों को आज से सीधे उनके बैंक खातों में 3,000 रुपये मिलना शुरू हो जाएगा. अनुमान है कि इस योजना से लगभग दो करोड़ लोगों को लाभ मिलेगा. शुरुआत में यह राशि 28 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में जमा की जाएगी. अन्नपूर्णा भंडार योजना, 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दौरान किया गया एक प्रमुख चुनावी वादा है.

शुभेंदु अधिकारी Image Credit: Canva/Money9 live

पश्चिम बंगाल की सामाजिक सुरक्षा योजना ‘अन्नपूर्णा योजना‘ का बुधवार की औपचारिक रूप से शुरुआत हो गई. शहरी विकास एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने नबन्ना में इस योजना का उद्घाटन किया. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी उपस्थित थे. पहले चरण में लाभार्थियों को आज से सीधे उनके बैंक खातों में 3,000 रुपये मिलना शुरू हो जाएगा.

दो करोड़ लोगों को मिलेगा लाभ

अनुमान है कि इस योजना से लगभग दो करोड़ लोगों को लाभ मिलेगा. शुरुआत में यह राशि 28 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में जमा की जाएगी. हर सात दिन के बाद सूची को अपडेट किया जाएगा.

बरती जा रही है अधिक सावधानी

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य प्रशासन के अधिकारियों की अथक मेहनत की वजह से ही इस योजना का काम तुरंत शुरू करना मुमकिन हो पाया. अग्निमित्रा पॉल ने आगे कहा कि, चूंकि ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का पता चला था, इसलिए सरकार ‘अन्नपूर्णा योजना’ को लेकर ज्यादा सावधानी बरत रही है.

सौंपे जाएंगे मंजूरी पत्र

उद्घाटन के ठीक बाद, हर ब्लॉक और नगर निगम क्षेत्र में चुने गए 100 लाभार्थियों को मंजूरी पत्र सौंपे जाएंगे. इसी तरह, कोलकाता नगर निगम क्षेत्र में भी 100 लाभार्थियों को मंजूरी पत्र मिलेंगे. रिपोर्ट्स के अनुसार, लाभार्थियों की सूचियां संबंधित उप-विभागीय अधिकारियों, BDOs और नगर निगम अधिकारियों की सिफारिशों के आधार पर तैयार की गई हैं.

रजिस्ट्रेशन कराने के लिए समय

लाभार्थियों को इस योजना के तहत रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 90 दिनों का समय दिया गया है. 25 से 60 साल की उम्र की महिलाएं इस लाभ के लिए पात्र होंगी.

इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और पूरे राज्य में परिवारों की आर्थिक स्थिरता को बढ़ाना है.

  • मंथली लाभ: 3,000 रुपये
  • लाभार्थी: पश्चिम बंगाल की पात्र महिलाएं
  • माध्यम: ऑनलाइन और ऑफलाइन
  • आधिकारिक पोर्टल: socialsecurity.wb.gov.in
  • फॉर्म उपलब्ध है: अंग्रेजी, बंगाली, हिंदी में
  • महत्वपूर्ण: केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टलों और शिविरों का ही उपयोग करें.

अन्नपूर्णा भंडार योजना क्या है?

अन्नपूर्णा भंडार योजना, 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दौरान किया गया एक प्रमुख चुनावी वादा है. यह पश्चिम बंगाल में महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई गई एक योजना है, जिसने पहले से चल रही ‘लक्ष्मी भंडार योजना’ की जगह ली है.

इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करना है. इस योजना के तहत सरकार द्वारा दी जाने वाली मासिक राशि का लक्ष्य महिलाओं को घर-परिवार के खर्चों का प्रबंधन करने और उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद करना है.

यह भी पढ़ें: उत्तर भारत में राहत की बारिश, लेकिन आंधी-तूफान का खतरा बरकरार; जानें दिल्ली, यूपी, बिहार समेत देशभर के राज्यों का मौसम हाल