10 अक्टूबर को दिल्ली नहीं आएंगी ये ट्रेनें, बिहार, यूपी, राजस्थान से महाराष्ट्र तक की गाड़ियों पर होगा असर

Delhi CJP Protest: शनिवार को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (NDLS) और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाली सभी ट्रेन सेवाएं रद्द रहेंगी.

भारतीय रेलवे का बड़ा फैसला. Image Credit: Money9 Live

Highlights

  • नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों पर आने-जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द.
  • यात्रियों को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए यह फैसला लिया गया है.
  • पश्चिम बंगाल से चलने वाली दो राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है.

राजधानी दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी'(CJP) के विरोध-प्रदर्शन के कारण भारतीय रेलवे ने शनिवार, 10 अक्टूबर को 10 घंटे के लिए नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों पर आने-जाने वाली सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया है. शनिवार को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (NDLS) और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाली सभी ट्रेन सेवाएं रद्द रहेंगी. यह फैसला विरोध-प्रदर्शन के दौरान यात्रियों को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए लिया गया है.

ट्रैफिक जाम की आशंका

हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका जताई जा रही है. रेलवे ने 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद जाने वाली और 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच इन दोनों स्टेशनों पर पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है.

आदेश के अनुसार, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने प्रारंभिक स्टेशन (सोर्स स्टेशन) से चलने वाली उन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को कैंसिल करने का फैसला किया गया है, जिन्हें अगले दिन यानी शनिवार 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर पहुंचना था.

इसके अलावा बताया जा रहा है कि जो ट्रेनें पीछे से आएंगी, उन्हें गाजियाबाद और आनंद विहार स्टेशन पर ही रोका जाएगा.

75000 यात्रियों पर इसका सीधा असर

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लगभग 50,000 यात्री प्रतिदिन यात्रा करने के लिए पहुंचते हैं. वहीं, अगर हम निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन की बात करें तो लगभग 25,000 यात्री पहुंचते हैं. कुल मिलकर 75,000 यात्रियों पर ट्रेनों के रद्द होने का सीधा असर पड़ेगा. नई दिल्ली और निजामुद्दीन दोनों स्टेशनों से लगभग 200 मेल और एक्सप्रेस गाड़ियां ऑपरेट होती हैं.

यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे ने पहले से ही एहतियाती कदम उठाया है. 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वाली और 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली सभी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशन पर ही रद्द कर दिया गया है.

हावड़ा और सियालदह राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द

ईस्टर्न रेलवे ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल से चलने वाली दो राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया है. यह फैसला शनिवार, 10 अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आस-पास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए लिया गया है.

रद्द की गई ट्रेनें 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस और 12313 सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हैं. इन दोनों ट्रेनों को 9 अक्टूबर को अपनी यात्रा शुरू करनी थी.

पटना और बनारस से चलने वाली कई ट्रेनें कैंसिल

  • 09 अक्टूबर 2026 को चलने वाली गाड़ी सं०12559 (बनारस-नई दिल्ली, शिवगंगा एक्सप्रेस) एवं गाड़ी सं०12581 (बनारस- नई दिल्ली, सुपरफास्ट एक्सप्रेस) का संचालन निरस्त रहेगा.
  • सीजेपी प्रोटेस्ट के मद्देनजर, जयपुर से दिल्ली आने वाली 7 ट्रेनों को भी कैंसिल कर दिया गया है.
  • पटना से आने वाली ट्रेन संपूर्ण क्रांति को रद्द कर दिया गया है.
  • पटना से चलने वाली आज राजधीने एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है.

10 अक्टूबर को राजस्थान जाने वाली ट्रेनें रद्द

  • ट्रेन नंबर 15308, सिरसा–तिलक ब्रिज: 10 अक्टूबर 2026 को सिरसा से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.
  • ट्रेन नंबर 12964, उदयपुर सिटी–हज़रत निज़ामुद्दीन: 9 अक्टूबर 2026 को उदयपुर सिटी से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.
  • ट्रेन नंबर 12963, हजरत निजामुद्दीन–उदयपुर सिटी: 10 अक्टूबर 2026 को हजरत निजामुद्दीन से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.
  • ट्रेन नंबर 14727, श्री गंगानगर–तिलक ब्रिज: 9 अक्टूबर 2026 को श्री गंगानगर से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.
  • ट्रेन नंबर 14738, तिलक ब्रिज–भिवानी: 10 अक्टूबर 2026 को तिलक ब्रिज से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.
  • ट्रेन नंबर 14737, भिवानी–तिलक ब्रिज: 10 अक्टूबर 2026 को भिवानी से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.
  • ट्रेन नंबर 14728, तिलक ब्रिज–श्री गंगानगर: 10 अक्टूबर 2026 को तिलक ब्रिज से चलने वाली ट्रेन रद्द रहेगी.

यह भी पढ़ें: 10 अक्टूबर को बंद रहेंगे दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन! घर से निकलने से पहले देखें पूरी लिस्ट