उत्तर भारत में राहत की बारिश, लेकिन आंधी-तूफान का खतरा बरकरार; जानें दिल्ली, यूपी, बिहार समेत देशभर के राज्यों का मौसम हाल
देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से करवट लेने वाला है. जहां दक्षिण भारत में मानसून की दस्तक का इंतजार खत्म होने वाला है, वहीं उत्तर भारत में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर लोगों को गर्मी से राहत दे सकता है. हालांकि मौसम विभाग की चेतावनियों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है.
IMD WEATHER ALERT: भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत के लोगों को आने वाले दिनों में राहत मिल सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं. वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत में मानसून की रफ्तार तेज होने के संकेत मिले हैं और अगले 24 घंटों में केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है.
केरल में अगले 24 घंटे में मानसून की दस्तक संभव
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 24 घंटों के दौरान केरल के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है. इसके साथ ही तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में अगले 6 से 7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
दिल्ली-NCR में कब बदलेगा मौसम?
IMD के मुताबिक 3 जून को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शाम से रात के बीच 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. 4 जून को दिल्ली में गरज-चमक, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. 5 और 6 जून को भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है.
यूपी, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी अलर्ट
मौसम विभाग ने 3 से 6 जून के बीच उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग दिनों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजस्थान में भी आंधी और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. पंजाब और हरियाणा में 3 से 5 जून के बीच मौसम खराब रह सकता है.
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश और ओलावृष्टि का खतरा
उत्तराखंड में 4 जून को भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 3 से 5 जून के बीच ओलावृष्टि भी हो सकती है. मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
बिहार में हीटवेव का अलर्ट
जहां एक तरफ कई राज्यों में बारिश राहत देने वाली है, वहीं बिहार में 5 से 9 जून के बीच हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7 से 9 जून और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 9 जून के दौरान लू जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं.
इसे भी पढ़ें- एविएशन सेक्टर को बड़ी राहत, कैबिनेट ने ATF स्टेबलाइजेशन फंड के लिए 10000 करोड़ रुपये किए मंजूर
Latest Stories
CBSE के नए चेयरमैन बने लोखंडे प्रशांत सीताराम, राहुल सिंह पर एक्शन के बाद संभालेंगे बोर्ड की कमान
CBSE के चेयरमैन और सेक्रेटरी का ट्रांसफर, OSM खरीद के मामले में जांच के आदेश
गर्मी का गेम ओवर! इस तारीख को दस्तक देगा मानसून, दिल्ली-यूपी समेत 8 राज्यों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की चेतावनी
