9 जून बनेगा Meesho के लिए अहम दिन! लॉक-इन पीरियड खत्म होते ही बाजार में दिख सकती है हलचल, निवेशक रखें नजर
Meesho के लिए 9 जून 2026 एक अहम तारीख साबित हो सकती है, क्योंकि कंपनी के लगभग 68 फीसदी प्री-आईपीओ शेयरों का लॉक-इन पीरियड समाप्त होने जा रहा है. इसके बाद करीब 60,000 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो सकते हैं, जिससे बाजार में सप्लाई बढ़ने और शेयर पर दबाव बनने की आशंका है.
Meesho Share: ई-कॉमर्स कंपनी Meesho के शेयरों पर अगले सप्ताह दबाव देखने को मिल सकता है. इसकी वजह 9 जून 2026 को समाप्त होने वाला लॉक-इन पीरियड है, जिसके बाद कंपनी के बड़ी मात्रा में प्री-आईपीओ शेयर बाजार में ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे. दरअसल, 9 जून को कंपनी के लगभग 68 फीसदी प्री-आईपीओ शेयरों पर लगा लॉक-इन समाप्त हो जाएगा. मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद करीब 60,000 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे. यह राशि कंपनी के आईपीओ साइज से भी काफी बड़ी है. ऐसे में यदि मौजूदा निवेशक अपने हिस्से की बिक्री शुरू करते हैं, तो शेयर पर अतिरिक्त सप्लाई का दबाव बन सकता है.
क्या होता है लॉक-इन पीरियड
लॉक-इन पीरियड वह अवधि होती है, जिसके दौरान प्री-आईपीओ निवेशक अपने शेयर नहीं बेच सकते. इसका उद्देश्य कंपनी के शेयर में अत्यधिक अस्थिरता को रोकना होता है. लॉक-इन पीरियड समाप्त होने के बाद शुरुआती निवेशकों, प्राइवेट इक्विटी फंड्स और वेंचर कैपिटल निवेशकों को अपने शेयर बेचने की अनुमति मिल जाती है.
Meesho के मामले में यह स्थिति इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि कई निवेशकों ने वर्षों पहले कंपनी में निवेश किया था. कंपनी का शेयर वर्तमान में अपने आईपीओ मूल्य से करीब 60 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है, जिससे मुनाफावसूली की संभावना बढ़ जाती है.
शेयर पर क्यों बढ़ सकती है बिकवाली
रिपोर्ट के मुताबिक, यदि लॉक-इन समाप्त होने के बाद केवल 10 फीसदी हिस्सेदारी भी बाजार में बिकने आती है, तो लगभग 6,000 करोड़ रुपये के शेयरों की अतिरिक्त सप्लाई बढ़ सकती है. यह आंकड़ा कंपनी के लगभग 5,400 करोड़ रुपये के आईपीओ साइज से भी अधिक है. ऐसे में शेयर पर दबाव बनना स्वाभाविक माना जा रहा है.
पहले भी कई नई टेक कंपनियों के शेयर लॉक-इन समाप्त होने के बाद दबाव में आए थे. Eternal, Nykaa, Groww और Lenskart जैसी कंपनियों में भी लॉक-इन समाप्ति के बाद बिकवाली देखी गई थी. इसी वजह से Meesho को लेकर भी निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है.
कैसा रहा शेयर का प्रदर्शन
Meesho का शेयर दिसंबर 2025 में भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट हुआ था और लिस्टिंग के समय यह लगभग 46 फीसदी प्रीमियम पर खुला था. हालांकि, लिस्टिंग के बाद से शेयर का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है. पिछले सात महीनों में से पांच महीनों में शेयर में गिरावट दर्ज की गई है.
जून के शुरुआती दो कारोबारी सत्रों में भी शेयर करीब 4 फीसदी टूट चुका है, जबकि मई में इसमें 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी. हालांकि, अप्रैल महीने में 38 फीसदी की मजबूत तेजी ने वर्ष 2026 के नुकसान को सीमित रखने में मदद की. पिछले एक सप्ताह में शेयर में 9.01 फीसदी की तेजी आई है. बुधवार को कंपनी का शेयर इंट्रा-डे कारोबार के दौरान 1.06 फीसदी गिरकर 175.40 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.
यह भी पढ़ें: एविएशन सेक्टर को मिलेगी राहत? ATF की कीमतें बढ़ने के बीच सरकार 10000 करोड़ रुपये का जारी कर सकती है फंड
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
Closing Bell: उतार-चढ़ाव भरे सेशन में निफ्टी 23400 पर और सेंसेक्स 303 अंक गिरकर बंद, IT सेक्टर का बुरा हाल
बिस्किट बनाने वाली इस कंपनी का चला जादू, 5 साल में 1 लाख बने ₹1.7 करोड़, भाव ₹25 से भी कम
Data Center से Defence तक, बड़ी कमाई की तैयारी में ये 3 मिडकैप स्टॉक्स, मजबूत ऑर्डर बुक से फोकस में शेयर, रखें नजर
