Monsoon 2026: भारत में मानसून की एंट्री, अगले 2-3 दिनों में इन राज्यों में होगी बारिश

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 4 जून 2026 को केरल में दस्तक दे दी है. यह अपने सामान्य समय से तीन दिन देरी से पहुंचा है. मानसून कर्नाटक, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों तक फैल चुका है. अगले 2 से 3 दिनों में गोवा, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर राज्यों में इसके आगे बढ़ने की संभावना है.

मानसून की एंट्री

IMD WEATHER ALERT: देशभर में मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने घोषणा की है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 4 जून 2026 को केरल में आधिकारिक रूप से दस्तक दे दी है. हालांकि इस बार मानसून अपने सामान्य समय से तीन दिन देरी से पहुंचा है. आमतौर पर केरल में मानसून 1 जून को प्रवेश करता है.

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और अरब सागर, बंगाल की खाड़ी, लक्षद्वीप, केरल, माहे, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों को कवर कर चुका है. इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम, मध्य और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में भी मानसूनी गतिविधियां बढ़ी हैं.

दो से तीन दिनों में गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक में पहुंचेगा मानसून

IMD ने बताया कि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान मानसून के गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु के शेष हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले दो दिनों में केरल और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक बारिश दर्ज की गई है. दक्षिण-पूर्व अरब सागर में बादलों की गतिविधियां बढ़ी हैं और निचले स्तर पर पश्चिमी हवाएं 20 से 25 नॉट की रफ्तार से चल रही हैं. यही परिस्थितियां मानसून के आगमन की पुष्टि करती हैं.

यूपी, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी अलर्ट

मौसम विभाग ने 5 से 6 जून के बीच उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग दिनों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजस्थान में भी आंधी और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. पंजाब और हरियाणा में 4 से 5 जून के बीच मौसम खराब रह सकता है.

उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश और ओलावृष्टि का खतरा

उत्तराखंड में 4 जून को भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 5 जून को ओलावृष्टि भी हो सकती है. मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

इसे भी पढ़ें- राजेश एक्सपोर्ट का गोल्ड साम्राज्य! गैराज से निकला सबसे बड़ा रिफाइनर, 35 साल की मेहनत पर एक चूक पड़ेगी भारी?