Anthropic vs Pentagon: AI कंपनी की बड़ी कानूनी जीत, कोर्ट ने सरकार को लगाई फटकार

अमेरिकी AI कंपनी Anthropic को Pentagon के खिलाफ कानूनी मामले में बड़ी जीत मिली है. एक फेडरल जज ने कहा कि कंपनी को सप्लाई चेन रिस्क घोषित करने की Pentagon की कार्रवाई गैर कानूनी थी. Anthropic के CEO Dario Amodei ने सरकार की कुछ शर्तों का विरोध किया था. कोर्ट के फैसले के बाद कंपनी को बड़ी राहत मिली है.

अमेरिकी AI कंपनी Anthropic को Pentagon के खिलाफ कानूनी मामले में बड़ी जीत मिली है Image Credit: money9live

अमेरिकी AI कंपनी Anthropic को Pentagon के खिलाफ कानूनी मामले में बड़ी राहत मिली है. एक अमेरिकी फेडरल जज ने कंपनी के पक्ष में फैसला सुनाया है. कोर्ट ने कहा कि Anthropic के खिलाफ Pentagon की कार्रवाई गैर कानूनी थी. यह विवाद AI के सैन्य इस्तेमाल और सरकार की निगरानी को लेकर शुरू हुआ था. Anthropic ने सरकार की AI नीति और इसके इस्तेमाल पर सवाल उठाए थे. इसके बाद कंपनी को सप्लाई चेन रिस्क घोषित किया गया था. अब कोर्ट के फैसले ने कंपनी को बड़ी राहत दी है.

कोर्ट ने Pentagon की कार्रवाई को बताया गलत

अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज Rita Lin ने अपने फैसले में कहा कि Pentagon की कार्रवाई कानूनी आधार पर सही नहीं थी. जज के अनुसार Anthropic को उसकी आलोचना के लिए निशाना बनाया गया. कोर्ट ने कहा कि सरकार के पास यह मानने का कोई साफ आधार नहीं था कि कंपनी अपने AI मॉडल को नुकसान पहुंचा सकती है. जज ने Pentagon की कार्रवाई पर कड़ी टिप्पणी की. फैसले में कहा गया कि केवल सरकार की नीतियों की आलोचना के आधार पर इतनी बड़ी सजा नहीं दी जा सकती. अमेरिकी सरकार इस फैसले को चुनौती दे सकती है.

सप्लाई चेन रिस्क घोषित करने पर रोक

इससे पहले भी जज Rita Lin ने Anthropic को अंतरिम राहत दी थी. कोर्ट ने Pentagon को कंपनी को सप्लाई चेन रिस्क घोषित करने से अस्थायी रूप से रोक दिया था. साथ ही उस निर्देश के अमल पर भी रोक लगाई गई थी जिसमें फेडरल एजेंसियों को Anthropic और उसके AI चैटबॉट Claude का इस्तेमाल बंद करने को कहा गया था. अब नए फैसले में कंपनी के खिलाफ कार्रवाई को गैर कानूनी बताया गया है. इससे Anthropic को सरकार के साथ चल रहे विवाद में बड़ी कानूनी जीत मिली है.

विवाद की शुरुआत कैसे हुई

Anthropic और अमेरिकी सरकार के बीच विवाद फरवरी में शुरू हुआ था. राष्ट्रपति Donald Trump और रक्षा मंत्री Pete Hegseth ने कंपनी पर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप लगाए थे. कंपनी को सप्लाई चेन रिस्क बताया गया था. लेकिन Anthropic के CEO Dario Amodei ने सरकार की शर्तों को मानने से इनकार कर दिया. कंपनी को चिंता थी कि उसकी तकनीक का इस्तेमाल बड़े स्तर पर निगरानी के लिए हो सकता है. इसके अलावा AI तकनीक को स्वचालित हथियारों और ड्रोन से जोड़ने को लेकर भी कंपनी ने सवाल उठाए थे.

मार्च में Anthropic ने किया केस

मार्च में Anthropic ने Pentagon के खिलाफ मुकदमा दायर किया था. कंपनी ने कहा था कि उसे सप्लाई चेन रिस्क घोषित करना बदले की कार्रवाई है. Anthropic का आरोप था कि सरकार उसकी तकनीक के बिना किसी रोक के सैन्य इस्तेमाल की अनुमति चाहती थी. कंपनी ने इस कार्रवाई को गैर कानूनी बताया था. इसके बाद यह कानूनी विवाद और गहरा हो गया. मामला AI के इस्तेमाल, राष्ट्रीय सुरक्षा और कंपनियों की स्वतंत्रता से जुड़ी बड़ी बहस का हिस्सा बन गया.

यह भी पढ़ें- US-Iran War: ईरान क्यों जा रहे कतर के प्रधानमंत्री, क्या रुक जाएगा युद्ध?

Anthropic ने फैसले का किया स्वागत

कोर्ट के फैसले के बाद Anthropic ने इसका स्वागत किया है. कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि Anthropic सरकार के साथ मिलकर काम करने पर ध्यान दे रही है. कंपनी का कहना है कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए AI का सही और जिम्मेदार इस्तेमाल चाहती है. Anthropic के अनुसार इस तकनीक का फायदा सभी अमेरिकियों तक पहुंचना चाहिए. हालांकि कंपनी और Pentagon के बीच एक अलग कानूनी मामला अभी भी फेडरल अपील कोर्ट में लंबित है. इस मामले में Pentagon कंपनी को सप्लाई चेन रिस्क घोषित करने के लिए दूसरे नियम का इस्तेमाल कर रहा है.