ट्रंप के नए बयान से मचा हड़कंप, ईरान के बाद अब क्‍यूबा होगा अगला निशाना, इशारों में दिए ये संकेत

डोनाल्‍ड ट्रंप ने क्यूबा को अगला निशाना बनाए जाने की बात कही है. उनके इस बयान से वैश्विक राजनीति में हलचल तेज हो गई है और सैन्य कार्रवाई की अटकलें बढ़ी हैं.सख्त बयानबाजी के बावजूद अमेरिका और क्यूबा के बीच बातचीत जारी है, जबकि क्यूबा गंभीर आर्थिक और ऊर्जा संकट से जूझ रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका की नजर वहां के राष्‍ट्रपति को हटाने पर है.

trump next target is cuba Image Credit: canva/AI image

Trump new target is Cuba: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप हर रोज अपने बयानों से दुनिया में हलचल मचाते रहते हैं. ईरान पर उनके हमलावर रुख के बाद अब उनके नए बयान ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है.ट्रंप ने अब अपना अगला टारगेट बताया है. उन्‍होंने साफ शब्दों में कहा कि अब क्यूबा अगला है. उनकी इस टिप्‍पणी के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं.

ट्रंप ने ये बात मियामी में एक निवेश सम्मेलन के दौरान कही. उन्‍होंने हाल ही में ईरान और वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने एक मजबूत सेना बनाई है, जिसे कभी इस्तेमाल न करने की बात कही थी, लेकिन कभी-कभी इस्तेमाल करना पड़ता है और क्यूबा अगला टारगेट है. हालांकि, ट्रंप ने यह नहीं बताया कि क्यूबा को लेकर उनकी योजना क्या है, लेकिन उन्होंने इशारों में सैन्य कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया. उन्होंने पहले क्यूबा को फ्रेंडली टेकओवर करने की बात भी कही थी, हालांकि बाद में यह भी जोड़ा कि यह जरूरी नहीं कि उनका उठाया कदम दोस्ताना ही हो.

क्‍यूबा से चल रही बातचीत

ट्रंप की इस सख्त बयानबाजी के बीच अमेरिका और क्यूबा के बीच बातचीत जारी है. क्यूबा के राष्ट्रपति Miguel Díaz-Canel ने खुद स्वीकार किया है कि दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है, ताकि टकराव से बचा जा सके. दरअसल, क्यूबा इस समय गंभीर आर्थिक और ऊर्जा संकट से गुजर रहा है. वेनेजुएला से मिलने वाली तेल आपूर्ति रुकने के बाद हालात और बिगड़ गए हैं, जिससे बिजली संकट और जरूरी चीजों की कमी बढ़ गई है. अमेरिका की बढ़ती सख्ती के बीच यह भी माना जा रहा है कि वॉशिंगटन क्यूबा में सत्ता परिवर्तन चाहता है.

द न्‍यूयॉर्क टाइम्‍स की एक रिपोर्ट के अनुसार, बातचीत में अमेरिका का अहम मकसद क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज को पद से हटाना है, हालांकि आगे के कदम क्या होंगे, यह निर्णय क्यूबा के अधिकारियों पर छोड़ा गया है.