औंधे मुंंह गिरा स्टॉक तो ढेर हो गए चीन के ये दो दिग्गज अरबपति, संपत्ति में आई इतनी गिरावट
चीन की दो सबसे बड़ी उपभोक्ता कंपनियों के शेयर औंधे मुंह गिर गए. स्टॉक्स में हुई भारी बिकवाली के चलते चीन के दो सबसे अमीर शख्सों की संपत्ति में भी भारी गिरावट देखने को मिली. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, स्टॉक्स के धड़ाम होने से चीन के सबसे धनी व्यक्ति झोंग शानशान और कॉलिन हुआंग को सबसे तगड़ा झटका लगा है. नोंगफू स्प्रिंग कंपनी के संस्थापक झोंग शानशान को लगभग 4 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है, वहीं पीडीडी होल्डिंग्स इंक के संस्थापक कॉलिन हुआंग की संपत्ति सोमवार को 14.1 बिलियन डॉलर घट गई.
रिपोर्ट के मुताबिक भारी बिकवाली ने चीन के सबसे अमीर लोगों की संपत्ति से 18 बिलियन डॉलर से ज्यादा का सफाया कर दिया है, इससे एशिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की सेहत को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ गई है. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार कॉलिन हुआंग की कंपनी के शेयरों में अब तक सबसे ज्यादा गिरावट आई है. यह गिरावट मंगलवार को भी जारी रही, नतीजतन हुआंग की संपत्ति में 1.4 बिलियन डॉलर की और कमी आई.
यूनियन बैंकेयर प्रिवी के प्रबंध निदेशक वे-सेर्न लिंग का कहना है कि अगर नोंगफू और पीडीडी जैसी उपभोक्ता कंपनियां अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही हैं, तो चीन की अर्थव्यवस्था शायद लोगों की सोच से भी बदतर है. वे ऐसे क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं जहां मांग में फ्लेक्सिबिलिटी होनी चाहिए. बता दें प्रमुख प्रतिद्वंद्वी हांग्जो वहाहा ग्रुप कंपनी के संस्थापक ज़ोंग किंगहो की मृत्यु के बाद नोंगफू को चीनी सोशल मीडिया पर जांच के साथ घेर लिया गया था. कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि नोंगफू ने अपने प्रतिद्वंद्वी को गिराने के लिए किन चालों का इस्तेमाल किया था. हांगकांग की उपभोक्ता परिषद की एक रिपोर्ट ने नोंगफू के पानी की गुणवत्ता पर सवाल उठाया था. बता दें पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर उत्पादों से नोंगफू के राजस्व में पहली छमाही में 18% की गिरावट आई, इस गिरावट का कारण फरवरी के अंत से कंपनी और झोंग के प्रति नकारात्मक सार्वजनिक राय को माना गया.
