CNG कार का माइलेज कम हो रहा है? इन आसान टिप्स से बढ़ सकता है एवरेज; जानें डिटेल्स

अगर आपकी CNG कार उम्मीद के मुताबिक माइलेज नहीं दे रही है, तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर इसका एवरेज बेहतर किया जा सकता है. ऑटो एक्सपर्ट्स के मुताबिक एयर फिल्टर और स्पार्क प्लग की सही स्थिति, सही टायर प्रेशर और CNG किट की नियमित ट्यूनिंग माइलेज पर बड़ा असर डालती है.

CNG कार माइलेज टिप्स Image Credit: AI/canva

CNG car mileage tips: पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच बड़ी संख्या में लोग CNG कारों का इस्तेमाल कर रहे हैं. हालांकि कई बार ड्राइवर यह शिकायत करते हैं कि उनकी CNG कार उम्मीद के मुताबिक माइलेज नहीं दे रही है. अक्सर इसके पीछे छोटी-छोटी तकनीकी या ड्राइविंग से जुड़ी गलतियां होती हैं, जिन्हें सुधारकर एवरेज बेहतर किया जा सकता है. ऑटो एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर कार की नियमित देखभाल और सही ड्राइविंग आदतें अपनाई जाएं तो CNG कार का माइलेज काफी बेहतर हो सकता है. यहां ऐसे टिप्स बताए जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर गाड़ी की परफॉर्मेंस और एवरेज दोनों में सुधार किया जा सकता है.

एयर फिल्टर और स्पार्क प्लग रखें सही

गाड़ी का एयर फिल्टर साफ होना बहुत जरूरी है. अगर एयर फिल्टर गंदा हो जाता है तो इंजन को पर्याप्त हवा नहीं मिलती और गैस की खपत बढ़ जाती है. इसलिए हर 5000 किमी पर एयर फिल्टर की सफाई करानी चाहिए और जरूरत पड़ने पर इसे बदल देना चाहिए.

इसके अलावा CNG कार में स्पार्क प्लग की स्थिति भी माइलेज पर असर डालती है. घिसे या गंदे स्पार्क प्लग की वजह से इंजन सही तरीके से काम नहीं करता. ऐसे में समय-समय पर स्पार्क प्लग की जांच और जरूरत पड़ने पर इसे बदलना जरूरी है.

सही टायर प्रेशर और CNG ट्यूनिंग जरूरी

अगर कार के टायर में हवा कम होती है तो इंजन को गाड़ी चलाने के लिए ज्यादा ताकत लगानी पड़ती है. इससे गैस की खपत बढ़ जाती है. इसलिए हमेशा कंपनी द्वारा बताए गए सही टायर प्रेशर को बनाए रखना चाहिए.

इसी तरह CNG किट की सही ट्यूनिंग भी बेहद जरूरी होती है. गलत ट्यूनिंग की वजह से इंजन की एफिशिएंसी कम हो जाती है और माइलेज घट सकता है. समय-समय पर किसी एक्सपर्ट से CNG किट की ट्यूनिंग करवाना बेहतर माना जाता है.

ड्राइविंग स्टाइल भी करता है असर

माइलेज बेहतर रखने में ड्राइविंग का तरीका भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. गाड़ी को हमेशा सही गियर में चलाना चाहिए. कम स्पीड पर बड़ा गियर या ज्यादा स्पीड पर छोटा गियर इस्तेमाल करने से इंजन पर दबाव बढ़ता है.

इसके अलावा बार-बार तेज एक्सीलरेशन और अचानक ब्रेक लगाने से भी गैस की खपत बढ़ जाती है. स्मूथ और स्थिर ड्राइविंग से बेहतर माइलेज मिल सकता है.

नियमित जांच और सर्विसिंग रखें जारी

कार की थ्रॉटल बॉडी में कार्बन जमा होने से इंजन झटके देने लगता है और माइलेज कम हो सकता है. इसलिए समय-समय पर इसकी सफाई करवाना जरूरी है. साथ ही CNG पाइपलाइन में किसी तरह की लीकेज नहीं होनी चाहिए. अगर गैस की गंध महसूस हो तो तुरंत जांच करानी चाहिए. इसके अलावा इंजन ऑयल समय पर बदलना और कार की नियमित सर्विसिंग करवाना भी माइलेज बेहतर रखने के लिए जरूरी माना जाता है.

यह भी पढ़ें: सस्ते शेयर बने घाटे का सौदा, इन 3 पेनी स्टॉक्स में इस साल 55 फीसदी तक गिरावट; निवेशकों को लगा झटका